संस्थागत प्रसव में नारायणपुर जिले ने हासिल की 109.26 प्रतिशत उपलब्धि
अप्रैल से अक्टूबर तक निर्धारित लक्ष्य 1,786 के विरुद्ध 1,951 सुरक्षित संस्थागत प्रसव संपन्न
नारायणपुर नवम्बर 2026
जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। कलेक्टर नम्रता जैन के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से नारायणपुर जिले ने संस्थागत प्रसव के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक सात माह की अवधि में जिले को 1,786 संस्थागत प्रसव का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरुद्ध कुल 1,951 संस्थागत प्रसव सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए। इस प्रकार जिले ने निर्धारित लक्ष्य का 109.26 प्रतिशत हासिल किया है। वहीं पूरे वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित 3,061 प्रसव के लक्ष्य का 63.74 प्रतिशत लक्ष्य शुरुआती सात महीनों में ही पूरा कर लिया गया है।
दूरस्थ वनांचलों तक पहुंच रहीं स्वास्थ्य सुविधाएं
जिले के दुर्गम एवं संवेदनशील वनांचल क्षेत्रों में भी गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयासरत है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की विभिन्न योजनाओं, रेफरल परिवहन सुविधा और जिला कार्यक्रम प्रबंधक की नियमित मॉनिटरिंग से इस उपलब्धि को हासिल करने में मदद मिली है। मितानिनों, ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारियों और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा गांव-गांव में जागरूकता अभियान चलाकर गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के लिए प्रेरित किया जा रहा है। विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार नारायणपुर विकासखंड में 1,618 तथा दुर्गम अबूझमाड़ क्षेत्र के ओरछा विकासखंड में 333 संस्थागत प्रसव संपन्न कराए गए हैं।
जिला चिकित्सालय में सर्वाधिक 710 प्रसव
अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक संस्थावार उपलब्धियों में जिला चिकित्सालय नारायणपुर में सर्वाधिक 710 प्रसव दर्ज किए गए। इसमें अक्टूबर माह में ही 125 सुरक्षित प्रसव कराए गए। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों के उप स्वास्थ्य केंद्रों में कुल 403 प्रसव हुए, जिनमें नारायणपुर विकासखंड के केंद्रों में 246 तथा ओरछा विकासखंड के दूरस्थ केंद्रों में 157 प्रसव शामिल हैं। ओरछा विकासखंड के आकाबेड़ा में 24, नेडनार में 20 और इहनार में 20 प्रसव दर्ज किए गए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कुल 324 प्रसव हुए। इनमें पीएचसी धौड़ाई में 148 तथा बेनूर में 84 प्रसव संपन्न कराए गए। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओरछा में 147 और छोटे डोंगर में 105 सहित कुल 252 प्रसव कराए गए। इसके अतिरिक्त निजी एवं स्वयंसेवी स्वास्थ्य संस्थाओं में असीसी शांति अस्पताल में 169 तथा रामकृष्ण मिशन में 93 प्रसव हुए। इन दोनों संस्थाओं में कुल 262 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए।
सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता
इस उपलब्धि पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों, मैदानी स्वास्थ्य अमले, मितानिनों और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं निःशुल्क प्रसव सुविधा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य संस्थाओं तक पहुंचाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे। विभाग का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हुए मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाना है।