किसान भोलाराम साहू की फसल प्रविष्टि में त्रुटि सुधार के लिए राजस्व विभाग ने की कार्रवाई
जांच में सामने आई त्रुटि, सुधार हेतु प्रकरण कलेक्टर कार्यालय को भेजा गया
महासमुंद,नवंबर 2026
महासमुंद जिला अंतर्गत ग्राम हिच्छा के किसान भोलाराम साहू की खरीफ फसल वर्ष 2026-27 की ऑनलाइन फसल प्रविष्टि में त्रुटि के संबंध में प्रकाशित समाचार के संदर्भ में राजस्व विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की गई है।
तहसीलदार बागबाहरा द्वारा जारी प्रतिवेदन के अनुसार, ग्राम हिच्छा निवासी किसान भोलाराम साहू के खसरा नंबर 190, रकबा 0.32 हेक्टेयर में धान की फसल बोई गई है, लेकिन ऑनलाइन फसल प्रविष्टि में त्रुटिवश धान के स्थान पर धनिया दर्ज हो गया था।
मामले की जांच कराई गई, जिसमें सर्वे के दौरान त्रुटिवश फसल का गलत नाम दर्ज किया जाना पाया गया। अनुविभागीय अधिकारी नमिता मारकोले ने बताया कि किसान भोलाराम साहू द्वारा इस संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया है। आवेदन के आधार पर त्रुटि सुधार के लिए राजस्व प्रकरण क्रमांक 202611120700028 ब-121, वर्ष 2026-27 दर्ज कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए अनुमोदन हेतु जिला कार्यालय कलेक्टर, भू-अभिलेख शाखा महासमुंद को प्रेषित किया गया है।