छत्तीसगढ़ / रायपुर

अदाणी पावर के 1600 मेगावाट विस्तार पर जनसुनवाई संपन्न, समर्थन और विरोध के बीच ग्रामीणों ने रखे अपने विचार

रायपुर ब्यरो / हेमन्त बंजारे अदाणी पावर के 1600 मेगावाट विस्तार पर जनसुनवाई संपन्न, समर्थन के साथ ग्रामीणों ने रोजगार और विकास के मुद्दे उठाए
 
तिल्दा-खरोरा, 18 नवंबर 2026। रायपुर जिले के तिल्दा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम ताराशिव के शासकीय मैदान में अदाणी पावर लिमिटेड, रायखेड़ा के प्रस्तावित 1600 मेगावाट क्षमता विस्तार को लेकर पर्यावरणीय जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में आसपास के गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही।
 
जनसुनवाई की अध्यक्षता रायपुर के अतिरिक्त कलेक्टर यूएस बांधे ने की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी पीके रबड़े सहित एसडीएम मुकेश कोठारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंचल तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र चतुर्वेदी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
 
### कंपनी के क्षमता विस्तार को मिला समर्थन, कुछ ग्रामीणों ने जताई आपत्ति
 
करीब ढाई घंटे चली जनसुनवाई में कंपनी प्रबंधन की ओर से पर्यावरण विभाग प्रमुख आरएन शुक्ला ने प्रस्तावित परियोजना के संबंध में जानकारी प्रस्तुत की। कंपनी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, जनसुनवाई में लगभग 90 प्रतिशत लोगों ने परियोजना विस्तार के पक्ष में समर्थन दिया। हालांकि, कुछ ग्रामीणों ने अपनी आपत्तियां और चिंताएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं।
 
इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में औद्योगिक विकास, स्थानीय युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार के अवसर, शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा बुनियादी ढांचे के विकास जैसे विषयों पर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
 
### रोजगार और स्वरोजगार को लेकर ग्रामीणों में उम्मीद
 
जनसुनवाई में समर्थन देने वाले कई वक्ताओं ने कहा कि संयंत्र के विस्तार से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। हजारों लोगों को नौकरी तथा इतने ही लोगों को स्वरोजगार मिलने की उम्मीद जताई गई।
 
वहीं स्थानीय ग्रामीणों की अपेक्षा रही कि कंपनी में सबसे पहले आसपास के गांवों के योग्य युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए। इसके साथ ही कर्मचारियों को उचित वेतन, सुरक्षा व्यवस्था, पीएफ, ईएसआईसी और अन्य श्रमिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जाए।
 
### सरपंचों और सामाजिक संगठनों ने भी रखा पक्ष
 
जनसुनवाई में ग्राम रायखेड़ा के सरपंच दिनेश वर्मा, गैत्रा के सरपंच प्रतिनिधि शेखर चंद्रवंशी, चिचोली के सरपंच प्रतिनिधि रामनिवास ध्रुव, उपसरपंच प्रतिनिधि राजकुमार बंजारे, ताराशिव के सरपंच मनीष वर्मा और सोनतरा के सरपंच समीर वर्मा सहित कई ग्रामीण प्रतिनिधियों ने अपनी बातें रखीं।
 
इसके अलावा छत्तीसगढ़ मनवा कुर्मी समाज के राजप्रधान ठाकुर राम वर्मा, भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष एवं किसान नेता राजू शर्मा, सतनामी समाज के अध्यक्ष सचिन मनहरे, राहुल डहरिया, पूर्व सरपंच संघ अध्यक्ष मिथलेश साहू, भाजपा युवा मोर्चा ब्लॉक तिल्दा अध्यक्ष दीपक वर्मा, अनिल सोनी और महेंद्र शैल साहू सहित अन्य लोगों ने भी परियोजना के समर्थन में अपनी बात रखी।
 
पूर्व जनपद अध्यक्ष देवव्रत नायक ने कहा कि संयंत्र के विस्तार से क्षेत्र में विकास के नए अवसर पैदा हो सकते हैं तथा स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार मिलने की संभावनाएं बढ़ेंगी। जनपद सदस्य लेखु सेन, कमाल बांधे, किरण बैगल और तुलसी नारंग ने भी अपना समर्थन व्यक्त किया।
 
### ग्रामीण महिलाओं ने गिनाए विकास कार्य
 
ग्राम रायखेड़ा की निवासी पूनम वर्मा ने जनसुनवाई में कहा कि अदाणी पावर लिमिटेड के आने के बाद गांव में सड़क, सोलर लाइट और शिक्षा के क्षेत्र में कई कार्य हुए हैं। विद्यार्थियों को स्कूल बैग, कॉपी और ज्यामिति बॉक्स जैसी सामग्री भी वितरित की गई है। उन्होंने इन कार्यों का उल्लेख करते हुए क्षमता विस्तार का समर्थन किया।
 
इसी तरह ग्राम सोनतरा की एकता साहू ने कहा कि कंपनी और अदाणी फाउंडेशन के माध्यम से आसपास के गांवों में पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने भी प्रस्तावित विस्तार के पक्ष में अपनी सहमति जताई।
 14 से अधिक गांवों में सामाजिक गतिविधियों का दावा
 
उल्लेखनीय है कि कंपनी के अनुसार रायखेड़ा स्थित संयंत्र में सुपर क्रिटिकल तकनीक की 685-685 मेगावाट की दो इकाइयां संचालित हैं, जिनकी कुल उत्पादन क्षमता 1370 मेगावाट है। कंपनी का कहना है कि अदाणी फाउंडेशन के माध्यम से आसपास के 14 से अधिक गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका उन्नयन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
 
### पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय रोजगार पर रहेगी नजर
 
क्षमता विस्तार की इस परियोजना के बीच क्षेत्रवासियों के सामने पर्यावरण संरक्षण भी एक महत्वपूर्ण विषय है। औद्योगिक गतिविधियों के बढ़ने के साथ वायु एवं जल प्रदूषण पर नियंत्रण, राखड़ प्रबंधन, भूजल संरक्षण, किसानों की जमीन और फसलों की सुरक्षा तथा ग्रामीणों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करना आवश्यक होगा।
 
जनसुनवाई में उठाए गए सभी सुझावों और आपत्तियों पर नियमानुसार विचार करना तथा पर्यावरणीय शर्तों का पालन सुनिश्चित करना परियोजना के आगामी चरणों में महत्वपूर्ण रहेगा।
 
कार्यक्रम के अंत में अदाणी पावर लिमिटेड के मुख्य व्यवसाय अधिकारी रामायण पेड्डेना ने उपस्थित ग्रामीणों, प्रशासनिक अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं अन्य लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने गांवों में सामाजिक सरोकारों से जुड़े विकास कार्यों को आगे भी जारी रखने की कंपनी की प्रतिबद्धता जताई।
 
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि प्रस्तावित क्षमता विस्तार के साथ स्थानीय युवाओं को कितना रोजगार मिलता है और पर्यावरण संरक्षण के लिए कंपनी द्वारा किए गए वादों पर कितना अमल होता है।
 

Leave Your Comment

Click to reload image