छत्तीसगढ़ / कांकेर

शून्य रकबा प्रदर्शित होने वाले किसानों की समस्या का होगा त्वरित निराकरण

उत्तर बस्तर कांकेर । जिले में समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के लिए कई किसानों का रकबा समिति मॉड्यूल एवं उपार्जन पोर्टल में शून्य (0) प्रदर्शित होने की समस्या को देखते हुए कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार एग्रीस्टेक पोर्टल में संबंधित किसानों के खसरे हट जाने तथा भूमिहीन प्रदर्शित होने के कारण समिति मॉड्यूल में उनका रकबा शून्य दिखाई दे रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए वर्तमान में धान खरीदी हेतु सोसायटी मॉड्यूल में रकबा संशोधन की सुविधा पुनः उपलब्ध कराई गई है।

कलेक्टर  कुन्दन कुमार ने निर्देशित किया है कि जिन किसानों का रकबा शून्य प्रदर्शित हो रहा है, उन्हें संबंधित समिति में बुलाकर एग्रीस्टेक पोर्टल से हटे खसरों को यूएफआर के माध्यम से पुनः जोड़ने की कार्रवाई की जाए। यूएफआर का अनुमोदन होने के बाद समिति मॉड्यूल में ‘किसान संबंधी’ विकल्प के अंतर्गत ‘एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ विकल्प का चयन कर संबंधित किसान का किसान कोड दर्ज किया जाएगा। भूमि विवरण सिंक की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद किसान के शून्य रकबे में सुधार हो सकेगा।

इस संबंध में सहकारिता विभाग के प्रभारी उपायुक्त द्वारा भी सभी प्राधिकृत अधिकारियों एवं आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों के प्रबंधकों को निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें तहसील कार्यालय से समन्वय स्थापित कर शून्य रकबा प्रदर्शित होने वाले किसानों के रकबे में संशोधन की कार्रवाई तत्काल पूर्ण कराने कहा गया है, ताकि किसानों को समय पर धान विक्रय के लिए टोकन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे निर्धारित समयावधि में अपना धान बेच सकें।


 

Leave Your Comment

Click to reload image