छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2026 की दौड़ में सूरजपुर, जल संरक्षण कार्यों का जायजा लेने पहुंची केंद्रीय टीम

 ‘कैच द रेन’ की अवधारणा को धरातल पर साकार कर रहा सूरजपुर, केंद्रीय टीम ने की जल संरक्षण कार्यों की सराहना

जल संरचनाओं से बदली गांवों की तस्वीर, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से किसानों की आजीविका को मिल रहा बढ़ावा

केनापारा में बोटिंग, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट एवं मत्स्य पालन गतिविधियों का किया अवलोकन

जल संचय जनभागीदारी अभियान 2.0 में प्रदेश में प्रथम और देश में चौथा स्थान हासिल कर चुका है सूरजपुर

सूरजपुर  नवंबर 2026/

जल संरक्षण, संवर्धन एवं प्रभावी जल प्रबंधन की दिशा में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों से सूरजपुर जिला राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा आयोजित 7 वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार (नेशनल वाटर अवार्डस्) 2026 के लिए सूरजपुर जिले की दावेदारी के तहत दो सदस्यीय केंद्रीय निरीक्षण दल ने जिले का दौरा कर विभिन्न जल संरक्षण संरचनाओं एवं उनसे जुड़ी आजीविका गतिविधियों का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान केंद्रीय टीम ने जिले में वर्षा जल संचयन, भू-जल पुनर्भरण एवं जल संसाधनों के प्रभावी उपयोग के लिए किए गए कार्यों की सराहना की।
राष्ट्रीय जल पुरस्कार के लिए स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा शॉर्टलिस्ट किए जाने के पश्चात केंद्रीय टीम ने जिले में पहुंचकर जल संरक्षण कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण दल में भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय से भारतीय इंजीनियरिंग सेवा के उप संचालक श्री घनश्याम पटेल एवं सहायक संचालक श्री धीरज कुमार हंस शामिल रहे। केंद्रीय टीम की सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर निर्णायक समिति द्वारा अंतिम विजेताओं का चयन किया जाएगा।

गांव-गांव पहुंची केंद्रीय टीम, जल संरक्षण कार्यों का किया निरीक्षण
केंद्रीय टीम ने जनपद पंचायत सूरजपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कुबेरपुर, सिलफिली एवं देवीपुर, विकासखंड भैयाथान के ग्राम पंचायत मासिरा तथा प्रतापपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत चंदौरा तथा प्रेमनगर विकासखंड के केदारपुर में जल संरचनाओं का मैदानी निरीक्षण किया। केदारपुर टीम ने स्व सहायता समूह की महिलाओ से जल संरचनाओं के माध्यम से किए जा रहे खेती व आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली।
इस दौरान वाटर हार्वेस्टिंग कूप, कंटूर ट्रेंच, गेबियन चेक डैम, मिट्टी बांध सहित विभिन्न जल संरक्षण संरचनाओं का अवलोकन कर उनकी उपयोगिता एवं प्रभावशीलता का आकलन किया। ग्राम पंचायत देवीपुर में टीम ने अमृत सरोवर का निरीक्षण किया तथा मानचित्र के माध्यम से क्षेत्र में विकसित जल संरक्षण संरचनाओं एवं जल प्रबंधन कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘कैच द रेन’ अर्थात ‘जल जहां गिरे, वहीं सहेजें’ के मूल मंत्र को सूरजपुर जिले में धरातल पर आत्मसात किया जा रहा है।

जल संरचनाओं से किसानों को मिल रहा लाभ, ग्रामीणों ने साझा किए अनुभव
ग्राम पंचायत चंदौरा में केंद्रीय अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर जल संरक्षण कार्यों से आए बदलावों की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में विशेषकर गर्मी के दिनों में पानी की गंभीर समस्या रहती थी, लेकिन जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण से जल उपलब्धता में सुधार हुआ है। अब किसान उपलब्ध पानी का उपयोग कर धान की खेती के साथ गेहूं एवं साग-सब्जियों की खेती की ओर भी अग्रसर हो रहे हैं। केंद्रीय टीम ने खेतों में लहलहाती खीरे सहित अन्य फसलों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। अधिकारियों ने कहा कि जब ग्रामीण स्वयं योजनाओं से मिले लाभ और उनके सकारात्मक प्रभावों को साझा करते हैं, तभी योजनाओं की वास्तविक सार्थकता सिद्ध होती है।

केनापारा में बोटिंग कर लिया पर्यटन एवं आजीविका गतिविधियों का जायजा
केंद्रीय निरीक्षण दल ने जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल केनापारा का भी भ्रमण किया। इस दौरान टीम ने बोटिंग के माध्यम से जलाशय का अवलोकन कर जल संरक्षण के साथ विकसित पर्यटन एवं आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। टीम ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, बोटिंग एवं मत्स्य पालन सहित अन्य आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण किया। केंद्रीय अधिकारियों ने जल संसाधनों का उपयोग पर्यटन विकास, महिला सशक्तिकरण एवं स्थानीय रोजगार सृजन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के साथ आजीविका के अवसरों का विस्तार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। निरीक्षण के दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने केंद्रीय टीम का आत्मीय स्वागत किया। ग्राम मासिरा में समूह की महिलाओं ने स्थानीय उत्पाद मूंगफली की टोकरी भेंट कर अधिकारियों का स्वागत किया।

मोर गांव, मोर पानी’ की संकल्पना से जल संरक्षण को नई दिशा
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित जल संचय जनभागीदारी अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन में जिले में ‘मोर गांव, मोर पानी’ की भावना के अनुरूप जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। खेत-तालाब, अमृत सरोवर, तालाबों का गहरीकरण, रिचार्ज पिट, कंटूर ट्रेंच एवं गेबियन चेक डैम जैसी संरचनाओं के माध्यम से वर्षा जल संचयन, भू-जल पुनर्भरण एवं सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इन सामूहिक प्रयासों के फलस्वरूप सूरजपुर जिले ने जल संचय जनभागीदारी अभियान 2.0 में छत्तीसगढ़ में प्रथम एवं राष्ट्रीय स्तर पर चौथा स्थान हासिल किया है। अब 7वें राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2026 के लिए जिले का शॉर्टलिस्ट होना जल संरक्षण के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जिले में जल संरक्षण के साथ कृषि, पर्यटन एवं आजीविका संवर्धन के प्रयास ग्रामीण विकास को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image