स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस सतर्क, 35 स्कूल वाहनों की जांच
कबीरधाम |
2026-11-24 12:40:13
ब्रेथ एनालाइजर से चालकों एवं परिचालकों का किया गया परीक्षण, जांच में कोई भी नशे की हालत में नहीं मिला
कवर्धा, 23 नवंबर 2026। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और स्कूल वाहनों के जिम्मेदाराना संचालन को लेकर कबीरधाम यातायात पुलिस ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान केंद्रीय विद्यालय सहित जिले के विभिन्न स्कूलों के बच्चों को लाने-ले जाने में लगे वाहनों की जांच की गई। अभियान के तहत कुल 35 वाहनों के चालकों एवं परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर (श्वास परीक्षण यंत्र) के माध्यम से परीक्षण किया गया। जांच में कोई भी चालक अथवा परिचालक शराब या अन्य नशे की हालत में वाहन चलाते हुए नहीं पाया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल बस चालकों एवं परिचालकों द्वारा नशे की हालत में वाहन चलाए जाने संबंधी सूचना को गंभीरता से लेते हुए यह अभियान संचालित किया गया। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा किसी भी संभावित लापरवाही को रोकना था।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा यातायात उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती अपूर्वा क्षत्रिय के दिशा-निर्देश में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक अजयकांत तिवारी के नेतृत्व में की गई। यातायात पुलिस की टीम ने स्कूल वाहनों को रोककर उनके चालकों एवं परिचालकों का ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण किया।
नशे में वाहन चलाने पर होगी सख्त कार्रवाई
चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस ने सभी स्कूल बस चालकों एवं परिचालकों को वाहन संचालन में पूरी सतर्कता बरतने, यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा किसी भी परिस्थिति में नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसे ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी जिले के विभिन्न स्कूलों के वाहनों की बिना पूर्व सूचना के आकस्मिक जांच की जाएगी। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
अभिभावकों से यातायात पुलिस की अपील
कबीरधाम यातायात पुलिस ने अभिभावकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों और उनके चालकों की गतिविधियों पर सतत नजर रखें। यदि कोई चालक नशे की हालत में वाहन चलाता दिखाई दे या स्कूल वाहन के संचालन में लापरवाही की जानकारी मिले, तो तत्काल यातायात पुलिस को सूचित करें।
यातायात पुलिस ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए वाहन जांच और निगरानी अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।