हाथियों की मौजूदगी से बोड़ला क्षेत्र में अलर्ट, ड्रोन से रखी जा रही नजर
कबीरधाम |
2026-11-24 12:47:26
सात गांवों के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह, कई वन मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित
कवर्धा-वनमंडल कवर्धा अंतर्गत बोड़ला एवं आसपास के वन क्षेत्रों में हाथियों के विचरण को देखते हुए वन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मैदानी अमले के साथ ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जा रही है। विभाग द्वारा संभावित खतरे वाले क्षेत्रों की पहचान कर ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा जंगल की ओर नहीं जाने की समझाइश दी जा रही है।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर की सुबह तरेगांव परिक्षेत्र के दलदली सर्किल अंतर्गत मुकाम एवं दलदली बीट के वन क्षेत्र में चार हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। वर्तमान में हाथियों का विचरण मुकाम एवं दलदली बीट के रतनछापर क्षेत्र में बताया गया है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए सुखझर, दलदली, मुकाम, चेन्द्रादादर, धनवाही, कोयलारी एवं भूर्सीपकरी सहित सात गांवों को अलर्ट पर रखा गया है।
सुरक्षा की दृष्टि से बोड़ला क्षेत्र के बैरख, रानीदहरा, ढोलबज्जा, शक्तिपानी, आमानारा, पेंड्री एवं छिरपानी की ओर जाने वाले वन मार्गों तथा संबंधित क्षेत्रों में एहतियातन आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है। ड्रोन के जरिए हाथियों की लोकेशन, उनके विचरण मार्ग और आसपास के वन क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे की समय रहते पहचान कर आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
हाथियों की गतिविधियों की निगरानी के लिए दलदली एवं मुंडादादर सर्किल के निगरानी दलों द्वारा रात्रिकालीन गश्त भी की जा रही है। वन विभाग का मैदानी अमला आसपास के गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी की जानकारी दे रहा है। साथ ही उन्हें जंगल में प्रवेश नहीं करने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हाथियों की लोकेशन और गतिविधियों की नियमित जानकारी साझा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ग्रामीणों तक समय पर सूचना पहुंचाई जा सके।
हाथियों से दूरी बनाए रखें, जंगल की ओर न जाएं
वन विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि हाथियों के विचरण वाले वन क्षेत्रों में जाने से बचें और प्रतिबंधित वन मार्गों का उपयोग न करें। हाथियों को देखने, उनका पीछा करने अथवा फोटो-वीडियो बनाने के लिए उनके नजदीक जाने की कोशिश न करें। हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सुरक्षित स्थान पर रहें और वन विभाग के निर्देशों का पालन करें। हाथियों को परेशान करने, घेरने या भगाने का प्रयास बिल्कुल न करें। यदि कहीं हाथियों की गतिविधि दिखाई देती है तो तत्काल नजदीकी वन अधिकारी अथवा कर्मचारी को इसकी सूचना दें।
वनमंडल कवर्धा द्वारा ड्रोन एवं मैदानी निगरानी के माध्यम से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वन विभाग का मुख्य उद्देश्य हाथियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ-साथ ग्रामीणों के जान-माल की सुरक्षा करना है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, सतर्क रहें और वन विभाग के साथ सहयोग बनाए रखें।