वनांचल के गांवों को मिलेगी विकास की नई रफ्तार, ₹9.33 करोड़ से अधिक की लागत से बनेंगी दो सड़कें
कबीरधाम |
2026-11-24 12:53:17
विधायक भावना बोहरा ने डेंगुरजाम-अमनिया सड़क निर्माण एवं देवसरा-कुई सड़क नवीनीकरण कार्य का किया भूमिपूजन, दूरस्थ गांवों को मिलेगी बेहतर आवागमन की सुविधा
पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के वनांचल एवं आदिवासी अंचलों में सड़क संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने कुल 9 करोड़ 33 लाख 1 हजार रुपये की लागत से होने वाले दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों से दूरस्थ वनांचल के गांवों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी और आवागमन अधिक सुगम होगा।
भूमिपूजन किए गए कार्यों में लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 5 करोड़ 71 लाख 59 हजार रुपये की लागत से डेंगुरजाम से अमनिया तक 3.20 किलोमीटर सड़क का निर्माण तथा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 3 करोड़ 61 लाख 42 हजार रुपये की लागत से देवसरा से कुई तक 7.4 किलोमीटर सड़क का नवीनीकरण शामिल है। इन सड़कों के निर्माण एवं नवीनीकरण से डेंगुरजाम, अमनिया, देवसरा, कुई सहित आसपास के वनांचल क्षेत्रों के ग्रामीणों को मुख्य मार्गों से बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होता है, जब उसकी पहुंच अंतिम छोर पर बसे गांव और वहां रहने वाले प्रत्येक परिवार तक हो। सड़कें विकास की आधारशिला हैं, जो गांवों को शहरों से, किसानों को बाजार से, विद्यार्थियों को शिक्षा से और जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ती हैं।
उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण एवं नवीनीकरण से ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कृषि से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। वनांचल एवं आदिवासी अंचलों का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है।
विधायक बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार गांव, गरीब, किसान और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वनांचल क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में सड़क निर्माण केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आर्थिक अवसर और सामाजिक सशक्तिकरण का माध्यम भी है।
उन्होंने क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्रों में 100 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। पीएम जनमन योजना के माध्यम से 3500 प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति एवं निर्माण की दिशा में कार्य हुआ है। विद्युत विहीन ग्रामों तक बिजली पहुंचाने, टैंकरों एवं बोर खनन के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराने जैसे प्रयास भी किए जा रहे हैं।
इसके साथ ही दामापुर में लिंक कोर्ट की स्थापना से ग्रामीणों को नजदीक में प्रशासनिक सुविधाएं मिल रही हैं। महाविद्यालयीन छात्राओं के लिए निःशुल्क बस संचालन से वनांचल की बेटियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है। वहीं निःशुल्क एंबुलेंस सेवा और मोबाइल हेल्थ लैब के माध्यम से आपातकालीन सहायता एवं स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी क्षेत्रवासियों को उपलब्ध कराई जा रही है।
विधायक ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के दूरस्थ गांवों में विकास कार्यों को गति देना, जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना और ग्रामीणों का जीवन सुगम बनाना उनका संकल्प है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर पंडरिया के लक्ष्य को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।
भूमिपूजन कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष बसंत वाटिया, मंडल महामंत्री सोनू सलूजा, दशरथ कुंभकार, वरिष्ठ भाजपा नेता उत्तम मस्कोले, जनपद पंचायत पंडरिया अध्यक्ष नंदिनी साहू, रतिराम भट्ट, सरपंच हेमा भट्ट, रिद्ध राम श्याम, नरेश हाठले, हिम्मत मोंगरे, रामगोपाल वट्टी, राजकुमार नेताम, थानेश्वर जायसवाल, राय सिंह ध्रुवे, अमित राज, श्याम सिंह मरकाम, इतवारी मछिया सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।