छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

कंटेनर ट्रक के गोपनीय चेंबर से 407 किलो गांजा बरामद, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जा रहे थे गांजा, 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त
"विकाश शुक्ला"
कबीरधाम। कबीरधाम पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कंटेनर ट्रक में बनाए गए विशेष गोपनीय चेंबर से 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार 500 रुपये आंकी गई है। तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक और मोबाइल फोन सहित कुल 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देश पर अंतर्राज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 23 नवंबर को थाना चिल्फी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कंटेनर ट्रक में भारी मात्रा में गांजा रखकर रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते उत्तरप्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है।

सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अजाक/क्राइम श्री प्रशांत देवांगन के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक बीरेंद्र वर्मा एवं पुलिस टीम ने चिल्फी थाना के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए का कंटेनर ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर उसमें सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की। उन्होंने अपना नाम राजू यादव (27 वर्ष) और विकास यादव (26 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मुड़िया खेड़ा, तहसील अतरौली, जिला अलीगढ़ (उत्तरप्रदेश) बताया।

पुलिस टीम ने विधिवत तलाशी के दौरान ट्रक की ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए विशेष गोपनीय चेंबर का पता लगाया। चेंबर की जांच करने पर खाकी रंग के टेप से लिपटे 192 पैकेट मिले, जिनमें गांजा छिपाकर रखा गया था। नारकोटिक ड्रग्स डिटेक्शन किट से परीक्षण में मादक पदार्थ की पुष्टि हुई। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक तराजू से सभी पैकेटों का वजन कराया गया, जिसमें कुल 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूरी कार्रवाई की ई-साक्ष्य के तहत वीडियोग्राफी भी कराई गई।

ओडिशा से उत्तरप्रदेश तक फैले तस्करी नेटवर्क का खुलासा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 17 नवंबर को कंटेनर ट्रक लेकर अलीगढ़ से निकले थे। इसके बाद 21 नवंबर को ओडिशा के सुनकीघाटी में ट्रक की ड्राइवर सीट के ऊपर बने गोपनीय चेंबर में करीब चार क्विंटल गांजा भरकर दिया गया था। आरोपी गांजा लेकर रायपुर, कवर्धा एवं चिल्फी मार्ग से अलीगढ़ (उत्तरप्रदेश) जा रहे थे। पुलिस अब गांजा की आपूर्ति करने वाले अन्य व्यक्तियों, तस्करी नेटवर्क और इससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।

2.29 करोड़ रुपये से अधिक का मशरूका जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 407 किलो 330 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार 500 रुपये है, जब्त किया है। इसके अलावा 26 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक और 10 हजार रुपये कीमत का रेडमी कंपनी का ग्रे रंग का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। इस प्रकार कुल जब्त मशरूका की कीमत 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये है।

दोनों आरोपियों राजू यादव एवं विकास यादव को 23 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। उनके विरुद्ध थाना चिल्फी में अपराध क्रमांक 30/2026 के तहत धारा 20(B)(ii)(C) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को 24 नवंबर को माननीय विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट के समक्ष पेश किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अजाक/क्राइम प्रशांत देवांगन के निर्देशन में थाना प्रभारी चिल्फी निरीक्षक  बीरेंद्र वर्मा, एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक श्री महेश प्रधान सहित थाना चिल्फी पुलिस एवं एएनटीएफ टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक  जितेन्द्र कुमार यादव ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान को लगातार जारी रखने तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने की बात कही है।

Leave Your Comment

Click to reload image