महर्षि कश्यप चौक बनेगा आस्था, गौरव और प्रेरणा का केंद्र : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
कबीरधाम |
2026-11-24 15:22:06
हटरी पारा में 9.75 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित चौक एवं महर्षि कश्यप की प्रतिमा का किया अनावरण, समाज ने किया भव्य स्वागत
कवर्धा- कवर्धा शहर के हटरी पारा में मंगलवार को आस्था, श्रद्धा और सामाजिक गौरव का महत्वपूर्ण अवसर देखने को मिला। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने 9 लाख 75 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित महर्षि कश्यप चौक का लोकार्पण करते हुए महर्षि कश्यप जी की प्रतिमा का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ अनावरण किया। इस अवसर पर कसौधन गुप्ता समाज के पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने उप मुख्यमंत्री का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं केवल स्मरण का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा, संस्कार और आदर्शों का केंद्र बनती हैं। महर्षि कश्यप जैसे महान ऋषियों का जीवन हमें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराता है। युवाओं को महापुरुषों के जीवन चरित्र का अध्ययन कर उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कवर्धा में छत्रपति शिवाजी महाराज एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमाएं भी इसी उद्देश्य से स्थापित की गई हैं। शहर में अन्य महापुरुषों की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी।
-कवर्धा के विकास को मिल रही नई गति-
उप मुख्यमंत्री ने शहर में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। डीएफओ कार्यालय के सामने चौपाटी शुरू हो चुकी है तथा महामाई मंदिर के सामने भी निर्माण कार्य पूरा हो गया है। हनुमंत वाटिका को नगरवासियों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। पुराने काष्ठागार परिसर में शिव वाटिका का निर्माण किया जाएगा। वहीं बूढ़ा महादेव मंदिर के विस्तार एवं भव्य निर्माण की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विंध्यवासिनी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश व्यवस्था विकसित की जा रही है तथा मंदिर परिसर में विशाल हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। भोरमदेव मंदिर परिसर में भव्य कॉरिडोर निर्माण के लिए केंद्र सरकार से 146 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है और निर्माण कार्य जारी है। इससे आने वाले समय में भोरमदेव का धार्मिक एवं पर्यटन महत्व और अधिक बढ़ेगा।
श्री शर्मा ने कहा कि कवर्धा के विकास को गति देने के लिए बिलासपुर एवं रायपुर मार्ग पर लगभग 56 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसके अलावा प्रमुख मार्गों का उन्नयन किया जा रहा है। नए बस स्टैंड तक आवागमन सुगम बनाने के लिए ठाकुरदेव चौक से घोटिया रोड तक लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया है। नया बस स्टैंड भी प्रारंभ होने जा रहा है। पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में व्यापारिक केंद्र विकसित करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे, जिससे नगर के विस्तार के साथ स्थानीय व्यापारियों को बेहतर अवसर मिल सकें।
महर्षि कश्यप के आदर्शों को अपनाना हम सभी का दायित्व : चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी
नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी ने देव दीपावली एवं प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पावन अवसर पर महर्षि कश्यप जी की प्रतिमा का अनावरण पूरे समाज के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है। महर्षि कश्यप जैसे महान ऋषियों ने समाज और राष्ट्र को सही दिशा देने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना हम सभी का दायित्व है।
-महर्षि कश्यप जयंती पर शासकीय अवकाश की मांग-
कार्यक्रम के दौरान कसौधन गुप्ता समाज के प्रांतीय अध्यक्ष देवेन्द्र गुप्ता ने समाज की ओर से महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर शासकीय अवकाश घोषित करने का आग्रह उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के समक्ष रखा। इस पर श्री शर्मा ने समाज के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि इस मांग पर सकारात्मक पहल की जाएगी।
महर्षि कश्यप चौक एवं प्रतिमा का निर्माण समाज की आस्था, श्रद्धा और महर्षि कश्यप जी के प्रति सम्मान का प्रतीक है। चौक के निर्माण से क्षेत्र की सुंदरता में भी वृद्धि हुई है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, कवर्धा शहर समाज के अध्यक्ष प्रभात गुप्ता, समाज के वरिष्ठ एवं मार्गदर्शक आत्मानंद गुप्ता, नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पार्षद मनोज गुप्ता, श्रीमती विजय लक्ष्मी तिवारी, श्रीमती नम्रता मोदी, दौवा गुप्ता सहित समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।