छत्तीसगढ़ / बिलासपुर

अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड चौक तक रोजाना लग रहा है जाम।


बिलासपुर। शहर के मध्यवर्ती भाग का एक छोटा-सा हिस्सा अपने आप में कई महत्वपूर्ण विशेषताओं को समेटे हुए है। यहां भारत दूर संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) का कार्यालय, शहर का प्रतिष्ठित सीएम दुबे महाविद्यालय, थोक कपड़ा बाजार का श्रीराम मार्केट सहित कई बड़े शोरूम एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हैं। यह इलाका शहर के प्रमुख कारोबारी क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान रखता है, लेकिन दुर्भाग्यवश यहां की सड़कें और यातायात व्यवस्था बदहाल स्थिति में हैं।

संकरी सड़कों पर वाहनों का अत्यधिक दबाव होने के कारण यहां आए दिन जाम की स्थिति निर्मित होती रहती है। विशेषकर अग्रसेन चौक पर शाम के समय यातायात का दबाव इतना बढ़ जाता है कि राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। श्रीराम क्लॉथ मार्केट के मुख्य द्वार के सामने पर्याप्त जगह उपलब्ध होने के बावजूद कपड़ा व्यापारियों द्वारा चबूतरे बना लिए गए हैं, जिससे सड़क की उपयोगी जगह भी प्रभावित हो रही है।

यदि नगर निगम इन चबूतरों को सड़क के बराबर समतल और व्यवस्थित करने की दिशा में पहल करे, तो यातायात की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। साथ ही दोपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सकता है।

अग्रसेन चौक से पुराने बस स्टैंड चौक तक चारपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए कोई समुचित व्यवस्था नजर नहीं आती। जबकि सुबह 9 बजे से लेकर रात 12 बजे तक इस मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगी रहती है। ऐसे में सड़क पर बढ़ता यातायात दबाव और अव्यवस्थित पार्किंग आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।

अब आवश्यकता है कि नगर निगम आयुक्त इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान दें और संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण कर सड़क चौड़ीकरण, अतिक्रमण हटाने तथा व्यवस्थित पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि शहर के इस महत्वपूर्ण व्यावसायिक क्षेत्र को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।

Leave Your Comment

Click to reload image