छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

एमएसएमई उद्यमियों को निर्यात के नए अवसरों से जोड़ने मनेन्द्रगढ़ में 26 नवंबर को होगी जिला स्तरीय कार्यशाला

एमसीबी । जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए व्यावसायिक अवसरों से जोड़ने तथा उनके उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी उद्देश्य से  Raising and Accelerating MSME Performance (RAMP) योजना के अंतर्गत 26 नवंबर 2026, गुरुवार को मनेन्द्रगढ़ में एक दिवसीय जिला स्तरीय निर्यात कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला प्रातः 11 बजे श्याम हेरिटेज होटल एवं रिसॉर्ट, मनेन्द्रगढ़ में आयोजित होगी।

निर्यात प्रक्रिया से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक मिलेगी विशेषज्ञ जानकारी

इस कार्यशाला का उद्देश्य जिले के उद्यमियों, विनिर्माताओं एवं संभावित निर्यातकों को निर्यात की संभावनाओं, अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग, निर्यात संबंधी प्रक्रियाओं तथा शासन की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं से अवगत कराना है। कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा निर्यात की पूरी प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजीकरण, निर्यात के लिए जरूरी औपचारिकताओं, शासकीय प्रोत्साहन योजनाओं तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इसके माध्यम से स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने और व्यवसाय के विस्तार के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

RAMP  योजना के तहत आयोजित हो रहा विशेष आयोजन

उक्त कार्यशाला का आयोजन पॉजिटिव मंत्रा कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड (PMC) द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड (CSIDC) के सहयोग से किया जा रहा है। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के माध्यम से जिले के औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को इस आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

उद्यमियों, उद्योग इकाइयों और स्व-सहायता समूहों से सहभागिता की अपील’

 
 
 
 
 
 
 

जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा चैंबर ऑफ कॉमर्स, जिले की समस्त औद्योगिक इकाइयों, बैंकर्स, चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA), उद्यमियों एवं स्व-सहायता समूहों (SHGs) से कार्यशाला में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। साथ ही अन्य इच्छुक उद्यमियों को भी इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया गया है।

जिले के इच्छुक उद्यमियों एवं संबंधित हितधारकों से अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर निर्यात संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करें तथा अपने व्यवसाय को नए बाजारों तक पहुंचाने की दिशा में आगे बढ़ें।

कार्यशाला का विवरण

 

कार्यशाला का आयोजन 26 नवंबर 2026, गुरुवार को प्रातः 11 बजे श्याम हेरिटेज होटल एवं रिसॉर्ट, मनेन्द्रगढ़ में किया जाएगा। जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने जिले के समस्त इच्छुक उद्यमियों एवं संबंधित हितधारकों से कार्यशाला में उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave Your Comment

Click to reload image