छत्तीसगढ़ / मनेन्द्रगढ़ – चिरिमिरी – भरतपुर

विकसित ग्राम पंचायत प्लान से गांवों के समग्र विकास को मिलेगी नई दिशा

एमसीबी । जिले की ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर, सुविधा संपन्न एवं विकास की दृष्टि से सशक्त बनाने के उद्देश्य से विकसित ग्राम पंचायत प्लान (वीजीपीपी) वर्ष 2027-28 की तैयारी को लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्षं में जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े की अध्यक्षता एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अंकिता सोम की उपस्थिति में संपन्न हुई। कार्यशाला में ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए स्थानीय आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों एवं जनभागीदारी के आधार पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने ग्राम पंचायतों के विकास के लिए योजनाबद्ध एवं परिणामोन्मुखी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर विकास की आवश्यकताओं का वास्तविक आकलन करते हुए ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, जिनका सीधा लाभ ग्रामीणों को मिले। इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी तथा उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। कार्यशाला में जनपद पंचायत के पीओ आरिफ ने विकसित ग्राम पंचायत प्लान के उद्देश्य, महत्व, क्रियान्वयन की प्रक्रिया एवं कार्ययोजना तैयार करने के विभिन्न चरणों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ग्राम पंचायतों में पेयजल, स्वच्छता, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका संवर्धन एवं आधारभूत संरचना के विकास सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2027-28 की विकास कार्ययोजना तैयार करने के संबंध में जानकारी प्रदान की।

 
 
 
 
 
 

कार्यशाला में ग्रामसभा की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए ग्रामीणों की आवश्यकताओं, समस्याओं एवं सुझावों को विकास कार्ययोजना में शामिल करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही विभिन्न विभागों की योजनाओं के अभिसरण से ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के संबंध में चर्चा की गई। विकसित ग्राम पंचायत प्लान के माध्यम से गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, आजीविका के अवसरों में वृद्धि तथा ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में सुनियोजित प्रयास किए जाएंगे। यह पहल ग्राम पंचायतों को विकास की मजबूत इकाई बनाने के साथ ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहायक होगी।

 
 
 
 
 
 

कार्यशाला में जिला एवं जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी तथा सृजन टीम के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image