छत्तीसगढ़ / बालोद

अमृत सरोवरों में संविधान की शपथ, ग्रामीणों ने लोकतांत्रिक मूल्यों के पालन का लिया संकल्प

संविधान दिवस के अवसर पर आज संविधान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा नागरिकों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करने के उद्देश्य से जिले के सभी 111 अमृत सरोवरों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर ग्राम पंचायतों के वरिष्ठजन, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को संविधान की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेते हुए संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। आयोजित कार्यक्रमों में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया तथा उपस्थित नागरिकों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों एवं वरिष्ठजनों ने भारत की संप्रभुता, एकता एवं अखंडता की रक्षा करने तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने की शपथ ली। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है कि नागरिक संविधान के मूल सिद्धांतों को समझे और उनका पालन करें। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर ऐसे आयोजनों से लोगों में जागरुकता बढ़ती है और राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी को बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम में शामिल वरिष्ठ नागरिकों ने संविधान को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला बताते हुए युवाओं से इसके मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया। ग्रामीणों ने भी संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारा और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया। अमृत सरोवर, जो जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के महत्वपूर्ण केंद्र हैं, अब सामाजिक और जनजागरण गतिविधियों के प्रमुख मंच के रूप में भी विकसित हो रहे हैं। इन्हीं स्थलों पर आयोजित संविधान शपथ कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

जिले के सभी 111 अमृत सरोवरों में एक साथ आयोजित इस व्यापक अभियान में जनप्रतिनिधियों, महिला स्व सहायता समूहों की सदस्याओं, युवाओं, विद्यार्थियों एवं ग्रामीण नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने संविधान की गरिमा बनाए रखने, लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करने तथा राष्ट्र की प्रगति और सामाजिक न्याय के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave Your Comment

Click to reload image