छत्तीसगढ़ / बालोद

बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत गुण्डरदेही में आयोजित हुई कार्यशाला

 ’बाल विवाह रोकने, सूचना देने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पंचायत सचिवों एवं मैदानी अधिकारियों को किया गया जागरूक’

बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में आज सामुदायिक भवन गुण्डरदेही में परियोजना स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। परियोजना अधिकारी श्रीमती खलेश्वरी नेताम के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यशाला में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों, बाल विवाह की रोकथाम तथा बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

बाल विवाह रोकना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी

कार्यशाला में पंचायत सचिवों, एकीकृत बाल विकास सेवा के अधिकारियों एवं सेक्टर पर्यवेक्षकों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी के रूप में उनके दायित्वों और अधिकारों की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराना, आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा प्रभावित बच्चों को सुरक्षा और सहायता उपलब्ध कराना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें बाल विवाह की सूचना

जिला बाल संरक्षण इकाई बालोद के अधिकारियों ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से बाल विवाह की सूचना देने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर बिना देरी किए इसकी सूचना हेल्पलाइन या संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते बाल विवाह को रोका जा सके और बच्चों के अधिकारों की रक्षा की जा सके।

मैदानी चुनौतियों और रोकथाम की कार्ययोजना पर चर्चा

कार्यशाला में बाल विवाह की रोकथाम के दौरान मैदानी स्तर पर आने वाली चुनौतियों, सामाजिक जागरूकता और विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए गांवों में जनजागरूकता बढ़ाने, पंचायत स्तर पर निगरानी रखने तथा सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया।

कार्यशाला में जिला बाल संरक्षण इकाई बालोद के संरक्षण अधिकारी श्री नरेंद्र साहू एवं श्री देवेंद्र देशमुख, परियोजना समन्वयक श्री कैलाश निषाद, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के केस वर्कर श्री वेद प्रकाश साहू तथा गुण्डरदेही के सहायक विकास विस्तार अधिकारी श्री बी.एल. साहू सहित पंचायत सचिव, सेक्टर पर्यवेक्षक एवं संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस कार्यशाला का उद्देश्य बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान को गांव-गांव तक प्रभावी रूप से पहुंचाना तथा सभी संबंधित अधिकारियों को बाल विवाह की रोकथाम के लिए सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभाने के लिए तैयार करना रहा।

Leave Your Comment

Click to reload image