छत्तीसगढ़ / बालोद

संविधान के आदर्शों से विद्यार्थियों को कराया परिचित

 बालोद । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रचार प्रसार हेतु तथा छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर द्वारा जारी प्लान आफ एक्शन के अन्तर्गत  श्याम लाल नवरत्न, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद के आदेशानुसार 26 नवंबर को पीएम  स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय दुधली, जिला बालोद में सुश्री भारती कुलदीप, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद के द्वारा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। संविधान दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, उसके मूल आदर्शों एवं नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान की उद्देशिका में निहित मूल भावनाओं को समझने तथा उन्हें अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संवैधानिक मूल्यों तथा मौलिक अधिकारों एवं मूल कर्तव्यों के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही उन्हें एक अनुशासित, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व को समझाते हुए अपने लक्ष्य निर्धारित करने, मेहनत एवं लगन से अध्ययन करने तथा भविष्य में देश और समाज के विकास में योगदान देने का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता विकसित करने के साथ उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।

 

साथ ही भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का वाचन किया गया। इस अवसर पर कु. कुसुमांजलि सिन्हा, प्रथम अतिरिक्त व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी बालोद, कु. अंजुम आरा, द्वितीय अतिरिक्त व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी बालोद, विद्यालय प्राचार्य, समस्त विद्यालय परिवार एवं पैरालीगल वालंटियर उपस्थित रहे।

 
 
 
 
 
 

Leave Your Comment

Click to reload image