छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

बनिया ब्लैक स्पॉट पर चार मौतों के बाद जागा प्रशासन, सड़क सुरक्षा की कमियों का संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण

पुलिस, परिवहन और लोक निर्माण विभाग की टीम ने दुर्घटना स्थल का किया बारीकी से परीक्षण, झाड़ियों की कटाई और सड़क पर बेहतर दृश्यता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

11 नवंबर को दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में चार लोगों की हुई थी मौत, दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने सुधारात्मक उपायों पर जोर

कवर्धा- कबीरधाम जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर करने के लिए पुलिस, परिवहन एवं लोक निर्माण विभाग ने संयुक्त रूप से पहल शुरू की है। इसी कड़ी में चौकी रणवीरपुर क्षेत्र के ग्राम बनिया के पास चिन्हित ब्लैक स्पॉट का संयुक्त जांच दल ने निरीक्षण किया। 11 नवंबर को इसी स्थान पर दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई भीषण भिड़ंत में चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायल हुए थे। इस गंभीर हादसे के बाद दुर्घटनास्थल की परिस्थितियों का विस्तृत परीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया गया।

पुलिस मुख्यालय, अंतर्विभागीय लीड एजेंसी (सड़क सुरक्षा), नवा रायपुर के निर्देशानुसार किए गए इस निरीक्षण में पुलिस मुख्यालय रायपुर के रोड सेफ्टी सेल से दिनेश टंक, जिला परिवहन अधिकारी कवर्धा  गौरव पाटले, लोक निर्माण विभाग से श्रीमती अल्का डडसेना, चौकी प्रभारी रणवीरपुर उप निरीक्षक  सिकंदर कुर्रे तथा यातायात एवं रोड सेफ्टी सेल कबीरधाम के सहायक उप निरीक्षक  कृष्ण कुमार चंद्रवंशी शामिल रहे।

सड़क की बनावट और दृश्यता का किया परीक्षण

संयुक्त जांच दल ने दुर्घटनास्थल एवं आसपास के सड़क मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क की स्थिति, मार्ग की बनावट, सड़क किनारे की परिस्थितियों और वाहन चालकों को उपलब्ध दृश्यता का आकलन किया गया। अधिकारियों ने दुर्घटना की संभावित परिस्थितियों और सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का विभागीय समन्वय के साथ परीक्षण किया।

निरीक्षण में सड़क किनारे उगी झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहनों को देखने में बाधा उत्पन्न होने की आशंका सामने आई। इस पर संबंधित विभाग को झाड़ियों की कटाई एवं सफाई कराकर सड़क पर पर्याप्त दृश्यता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही दुर्घटना संभावित स्थल पर जरूरी सुधारात्मक उपाय करने और वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

तेज रफ्तार और लापरवाही पर जागरूकता अभियान के निर्देश

अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए केवल निरीक्षण ही नहीं, बल्कि दुर्घटना के संभावित कारणों को दूर करना भी जरूरी है। वाहन चालकों को तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के दुष्परिणामों से अवगत कराने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा निरीक्षण के आधार पर रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया।

भाई दूज के दिन हुए हादसे में एक परिवार के तीन सदस्यों सहित चार की गई थी जान

गौरतलब है कि 11 नवंबर 2026 को भाई दूज के दिन ग्राम बनिया के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित कुल चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि दो युवक घायल हुए थे।

दुर्घटना में ग्राम बनराका, थाना थान खम्हरिया, जिला बेमेतरा निवासी भूपेन्द्र कश्यप (40 वर्ष), उनकी पुत्री ऋतु कश्यप (12 वर्ष) और पुत्र पंकज कश्यप (6 वर्ष) की मृत्यु हो गई थी। वहीं दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार ग्राम नवघटा, थाना सहसपुर लोहारा निवासी भावेश सिन्हा (18 वर्ष) की भी जान चली गई थी। इस मोटरसाइकिल में सवार तोमन मरावी (18 वर्ष) एवं भानुप्रताप सिंह (17 वर्ष) घायल हुए थे।

इस हृदयविदारक दुर्घटना की पुनरावृत्ति रोकने और सड़क की खामियों को दूर करने के उद्देश्य से संयुक्त टीम ने ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया। कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस, परिवहन एवं लोक निर्माण विभाग के समन्वय से दुर्घटना संभावित स्थलों का निरीक्षण तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image