सर्दियों में नाक से खून क्यों आता है? जानें मुख्य कारण
सर्दियों के मौसम में नाक से खून आना एक आम समस्या है, जिसे मेडिकल भाषा में एपिस्टेक्सिस कहा जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि सर्दियों में ही नाक से खून क्यों आते हैं। इसके पीछे की वजह क्या है। डॉ. सुरेंद्र कुमार, कंसल्टेंट - ENT, फोर्टिस हॉस्पिटल, फरीदाबाद बता रहे हैं इसके पीछे की असल वजह।
क्या कहते हैं डॉक्टर
ठंड के मौसम में वातावरण में नमी कम हो जाती है और हवा शुष्क हो जाती है। इसके कारण नाक के अंदर की नाजुक एवं संवेदनशील त्वचा जिसे म्यूकोसा कहा जाता है सूखने लगती है। नाक के अंदर अनेक छोटी-छोटी ब्लड वेसल्स होती हैं, विशेष रूप से नाक के अगले हिस्से में स्थित लिटिल्स एरिया, जहां ये ब्लड वेसल्स सतह के बहुत करीब होती हैं। जब नाक के अंदर की त्वचा अत्यधिक सूख जाती है, तो उसमें दरारें पड़ सकती हैं और हल्की चोट लगने पर भी इन ब्लड वेसल्स से खून निकलने लगता है।
सर्दियों में लगातार हीटर, ब्लोअर और गर्म हवा के संपर्क में रहने से नाक का सूखापन और बढ़ जाता है। इसके अलावा, बार-बार नाक साफ करना, जोर से नाक झाड़ना, उंगली से नाक कुरेदना तथा सर्दी-जुकाम के दौरान बार-बार छींकने से नाक की अंदरूनी परत में चोट लग सकती है, जिससे ब्लड फ्लो होने की संभावना बढ़ जाती है। एलर्जी और वायरल संक्रमण भी नाक की अंदरूनी झिल्ली में सूजन एवं संवेदनशीलता पैदा करते हैं। कुछ लोगों में नाक की हड्डी का टेढ़ापन, नाक के अंदर पपड़ी जमना या बार-बार होने वाला संक्रमण भी नकसीर का कारण बन सकता है। इसके अतिरिक्त, हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित व्यक्तियों में नाक से खून आने पर ब्लड फ्लो अधिक समय तक जारी रह सकता है।
इन वजहों से भी आ सकता है खून
हालांकि, केवल नाक से खून आने का अर्थ यह नहीं है कि व्यक्ति को हाई ब्लड प्रेशर है। कुछ दवाइयां, जैसे एस्पिरिन, क्लोपिडोग्रेल तथा खून पतला करने वाली दवाएं भी ब्लड की संभावना बढ़ा सकती हैं। बच्चों में नाक में उंगली डालने की आदत तथा सर्दी-जुकाम इसके प्रमुख कारण हैं, जबकि बुजुर्गों में नाक की अंदरूनी झिल्ली का पतला होना और दवाइयों का प्रभाव महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे बचाव के लिए नाक में सेलाइन नेजल स्प्रे या डॉक्टर की सलाह से नेजल मॉइस्चराइजिंग जेल का इस्तेमाल करना चाहिए, पर्याप्त पानी पीना चाहिए तथा कमरे में सही नमी बनाए रखनी चाहिए। नाक को जोर से साफ करने और कुरेदने से बचना चाहिए। यदि नाक से खून आए तो सीधे बैठकर सिर को थोड़ा आगे झुकाएं और नाक के नरम हिस्से को लगातार 10–15 मिनट तक दबाकर रखें। सिर पीछे की ओर न झुकाएं। यदि 20 मिनट तक लगातार दबाव देने के बावजूद ब्लड फ्लो बंद न हो, खून अधिक निकल रहा हो या बार-बार नकसीर आ रही हो, तो तुरंत ईएनटी विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए।