एक पेड़ मां के नाम: सिटीजन स्कूल में पौधरोपण व सम्मान समारोह आयोजित
रायपुर । सिटीजन स्कूल बजरंग नगर के पास स्थित कारी तालाब गार्डन में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती शारदा अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर एवं सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, उपस्थित रहीं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व भारतीय सैनिक एवं कारगिल योद्धा विजय डागा, जोन 7 के कमिश्नर, और शहीद चूड़ामणि वार्ड 38 के पार्षद दीपक जायसवाल भी इस अवसर पर उपस्थित थे। शाला प्राचार्य श्रीमती नवनीत जैन ने मुख्य अतिथि श्रीमती शारदा अग्रवाल का स्वागत पुष्पगुच्छ से किया, जबकि शाला संचालक विनोद जैन ने अन्य अतिथियों का स्वागत साल और श्रीफल के साथ किया।
इस अवसर पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत सभी अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया। मुख्य अतिथि श्रीमती शारदा अग्रवाल ने बच्चों को वृक्षारोपण के फायदे बताते हुए उन्हें इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशीर्वाद भी दिया।
विजय डागा ने अपने जीवन की कहानियां सुनाकर बच्चों को प्रेरित किया। इसके साथ ही, कार्यक्रम में भारत रक्षा पर्व और 25वें कारगिल विजय वर्ष के सम्मान में छात्रों द्वारा भारतीय सैनिकों के लिए बनाए गए लेटर और राखियां भी भेजी गईं। शाला के गौरव छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में 20 से अधिक सामाजिक संस्थाओं का भी सम्मान मोमेंटो देकर किया गया। शाला के छात्रों द्वारा मनमोहन डांस प्रस्तुत किया गया, जिसे अतिथियों ने सराहा।
अंत में, शाला प्राचार्य श्रीमती नवनीत जैन ने सभी अतिथियों और कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आकाशवाणी की आकांक्षा दुबे का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शाला परिवार के समस्त सदस्य उपस्थित रहे।