छत्तीसगढ़ / रायपुर

मुख्यमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें नमन किया

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 5 सितंबर को अपने निवास कार्यालय में पूर्व राष्ट्रपति भारतरत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी शिक्षकों और प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान अपने सभी गुरुओं का स्मरण किया।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि डॉ. राधाकृष्णन के जन्मदिन को देशभर में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। वे महान दार्शनिक और शिक्षक रहे हैं। देश को शिक्षा के क्षेत्र में आगे ले जाने में उनका योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि मैंने जीवन में जो कुछ भी हासिल किया है, उनमें मेरे गुरुओं की बड़ी भूमिका रही है। जीवन के हर पड़ाव में मुझे गुरुओं का आशीष मिला है। जीवन को सही दिशा देने और चुनौतियों से लड़ने के लिए शिक्षक आपको तैयार करते है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक उच्च नैतिक मूल्यों को विद्यार्थियों के जीवन में उतारकर अच्छा नागरिक तैयार करने में अपनी सर्वोच्च भूमिका निभाते है। मुझे विश्वास  है कि डॉ. राधाकृष्णन के पदचिन्हों पर चलते हुए देश और समाज को सकारात्मक दिशा देने में आगे भी शिक्षकगण महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image