छत्तीसगढ़ / रायपुर

पॉवर कंपनीज़ के अध्यक्ष बने डॉ. रोहित यादव - छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में नई ऊंचाई देने का संकल्प- डॉ. रोहित यादव

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज़ के नवागत अध्यक्ष डॉ़. रोहित यादव ने 4 अक्टूबर को पूर्वाह्न विद्युत सेवा भवन में कार्यभार ग्रहण किया। वे 2002 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं, उन्हें ऊर्जा विभाग के सचिव के साथ अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। हालही में वे प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रतिनियुक्ति से लौटे हैं, उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में देश में अग्रणी राज्य बनाने की बात कही।
डॉ. यादव ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात् अधिकारियों को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को पॉवर सरप्लस स्टेट के रूप में पूरे देश में पहचाना जाता है। केंद्र सरकार में ऊर्जा के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की किसी भी बात का वजन होता है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में ऊर्जा के क्षेत्र में हमने बहुत सारा काम कर लिया है और आगे बहुत सारा काम करना है क्योंकि भविष्य में ऊर्जा की मांग पूरे देश ही नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ में भी बड़े स्तर पर बढ़ने वाली है इसलिए बड़े स्तर पर विस्तार की कार्ययोजना पर काम चल रहा है चाहे वह थर्मल प्लांट हो या फिर हाइडल का हो या रिन्यूबल एनर्जी की हो। भारत सरकार बहुत ज्यादा उत्सुक है कि हम अपने राज्य में नई तकनीकों को लेकर आएं और ऊर्जा उत्पादन बढ़ाएं। इसके लिए भारत सरकार मदद करने, वित्तीय सहायता हो या फिर कंसल्टेंसी हो, वह उपलब्ध कराने तैयार है।
डॉ. यादव ने कहा कि मुझे लगता है कि हमारे पास चुनौतियां भी बहुत अधिक हैं। अब क्वालिटी ऑफ पॉवर की बात होने लगी है, पहले हम क्वांटिटी ऑफ पॉवर की बात करते थे। अब हमें क्वालिटी ऑफ पावर पर ध्यान देना है। इसके लिए वृहद स्तर पर रिफार्म करना है। स्मार्ट मीटर, नई योजना पीएम सूर्यघर योजना पर काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि पॉवर के बारे में पिछले पांच साल से सीख रहा हूं। यहां भी अधिकारीगण कोई नया आइडिया हो, कुछ नया करना चाहते हैं तो उसे मुझसे साझा कर सकते हैं। हम एक टीम के रूप में बहुत अच्छा प्रदर्शन करेंगे।


  इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी के प्रबंध निदेशक गण सर्वश्री एसके कटियार, राजेश कुमार शुक्ला, भीमसिंह कंवर सहित कार्यपालक निदेशक व मुख्य अभियंता गण तथा बड़ी संख्या में अधिकारीगण उपस्थित थे। स्वागत समारोह का संचालन अतिरिक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) श्री उमेश कुमार मिश्र ने किया।
 

 

Leave Your Comment

Click to reload image