देश-विदेश

अजमेर के पूर्व सांसद विष्णु मोदी का निधन

 जयपुर। वैश्य समाज की राजनीति के दिग्गज स्तंभ और अजमेर के पूर्व सांसद विष्णु मोदी का जयपुर के एक अस्पताल में निधन हो गया। वे 1984 में अजमेर से लोकसभा सांसद रहे थे और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर फैलते ही वैश्य में शोक की लहर दौड़ गई है। अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

बुवानीवाला ने कहा कि मोदी ने सार्वजनिक सेवा की विरासत को बखूबी आगे बढ़ाया।उन्होंने 1984 में अजमेर लोकसभा सीट से भारी बहुमत से चुनाव जीता और 8वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में दिल्ली पहुंचे। उन्होंने कहा कि मोदी दो बार राजस्थान विधानसभा के सदस्य भी रहे। उन्होंने 1993 से 1998 तक पुष्कर और 2003 से 2008 तक मसूदा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। विष्णु मोदी की जड़ें राजस्थान की मिट्टी और राजनीति में बहुत गहरी थीं।

अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के संस्थापक अध्यक्ष एवं 1971 से 1977 तक सीकर से सांसद किशन मोदी के सुपुत्र विष्णु मोदी के चाचा मोहन लाल मोदी नीमकाथाना (सीकर) से पांच बार विधायक रहे, जिससे यह स्पष्ट होता है कि मोदी परिवार का राजस्थान की सेवा में दशकों का योगदान रहा है। विष्णु मोदी को केवल एक नेता के रूप में ही नहीं, बल्कि एक विजनरी शिक्षाविद् के रूप में भी याद किया जाएगा। उन्होंने 2001 में मोदी शिक्षण संस्थान के माध्यम से नीरजा मोदी स्कूल की स्थापना की।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image