देश-विदेश

जयपुर में सरकारी स्कूल पहुंची कॉजपा टीम पर हमला, वाहनों में तोड़फोड़ और पथराव का आरोप

 जयपुर । यहां रामपुरा कंवरपुरा गांव में अपनी 'स्कूल ठीक करो' मुहिम के तहत पहुंची कॉकरोच जनता पार्टी की टीम को ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर खदेड़ दिया। पार्टी नेताओं ने वाहनों के शीशे तोड़ने, पथराव और महिला सदस्यों से बदसलूकी का आरोप लगाते हुए शिक्षा मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोला है। वहीं स्कूल शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कॉजपा पर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया, जबकि कांग्रेस नेताओं ने घटना की निंदा की।
राजस्थान के एक गांव में सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) की टीम को ग्रामीणों ने कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर खदेड़ दिया, जिसके बाद झड़प हो गई। कॉजपा ने जयपुर जिले के रामपुरा कंवरपुरा गांव में हुई इस घटना को अपनी ‘स्कूल ठीक करो’ मुहिम में शामिल टीम पर हमला बताया। पार्टी के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं पर पथराव किया गया लेकिन राजस्थान पुलिस ने हस्तक्षेप नहीं किया।

रांका ने आरोप लगाया कि कॉजपा टीम के सदस्यों की पिटाई की गई, वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया और महिला समर्थकों से अभद्रता की गई। कॉजपा संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि भाजपा के ‘‘गुंडे’’ आशुतोष (रांका) और कॉजपा के अन्य स्वयंसेवकों के पीछे पड़े हैं। उन्होंने सवाल किया कि राजस्थान पुलिस इस तरह के हमले कैसे होने दे सकती है।

 
 
 
 

हालांकि, बगरू के पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं मिली है। घटना से जुड़े वीडियो में बड़ी संख्या में लोगों को कॉजपा टीम के सदस्यों के साथ तीखी बहस करते, गांव में प्रवेश करने से रोकते और धक्का-मुक्की करते हुए देखा जा सकता है। कुछ वीडियो में कारों की टूटी हुई खिड़कियां भी नजर आईं, जिनके बारे में माना जा रहा है कि वे कॉजपा की टीम की थीं।

 
 
 
 

रांका ने पत्रकारों से कहा, ‘‘आज सारी हदें पार हो गईं। पिछले कई वर्ष से रामपुरा कंवरपुरा का स्कूल भैंसों के तबेले में स्थित है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि निरीक्षण के लिए पहुंची टीम पर खुलेआम हमला व पथराव किया गया तथा कारों की खिड़कियां तोड़ दी गईं। कॉजपा नेता ने कहा कि टीम के सदस्यों के कपड़े फाड़े गए और खुद उनकी शर्ट फाड़ी गई है।
रांका ने दावा किया कि स्कूल भवन को ‘असुरक्षित’ घोषित किए जाने के बाद छात्रों के लिए बंद कर दिया गया है और पास के एक पशु बाड़े में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। हालांकि, ग्रामीणों का दावा है कि सरकार ने मरम्मत कार्य के लिए पहले ही धनराशि मंजूर कर दी है और स्थानीय स्तर पर प्रयास करके मरम्मत कराई जा सकती है। रांका ने आरोप लगाया कि कॉजपा टीम पर हमला राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के निर्देश पर किया गया।

 
 
 
 

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि कॉजपा से हाथापाई करने वाले भाजपा के कार्यकर्ता थे।उन्होंने कहा, “वे भाजपा के कार्यकर्ता थे, ग्रामीण नहीं थे। भाजपा कार्यकर्ता जनहित से जुड़े हर काम का विरोध करेंगे। वे सिर्फ ऊपर से आने वाले आदेशों का पालन करेंगे।अगर किसी को स्कूल जाने से रोका गया है या उस पर हमला किया गया है, तो हम इसकी निंदा करते हैं। कांग्रेस इस सरकार से त्रस्त हर व्यक्ति के साथ खड़ी रहेगी।

 

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image