विनोद तावड़े ने संभाली यूपी की चुनावी कमान
लखनऊ । उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने में जुटी भाजपा ने अब संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल के साथ चुनावी रणनीति को जमीन तक पहुंचाने की कवायद तेज कर दी है। इसी सिलसिले में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
दोनों नेताओं के बीच संगठन, सरकार और आगामी विधानसभा चुनाव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। तावड़े ने मुख्यमंत्री के सरकारी आवास 5-कालिदास मार्ग पर सीएम योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी जगदीश ईश्वरभाई पटेल भी मौजूद रहे। मुलाकात को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की रणनीतिक तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश में लगातार तीसरी बार एनडीए की सरकार बनाने के लिए संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करना है।
मुलाकात के बाद विनोद तावड़े ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, यूपी की रफ्तार रहेगी बरकरार, तीसरी बार बनेगी एनडीए सरकार उत्तर प्रदेश प्रवास के दौरान लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक से भेंटकर संगठन, सरकार एवं चुनाव से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से सार्थक चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन एवं गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में भाजपा का हर कार्यकर्ता 2027 में पुनः एनडीए सरकार बनाकर विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।