देश-विदेश

पीएम मोदी ने घायल कैप्टन स्मित से की बात, बोले- ‘आपने अपनी नहीं, यात्रियों की जान की परवाह की’

 नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बात कर उनका हालचाल जाना और जल्द स्वस्थ होने की कामना की। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद यात्रियों की जान बचाने के लिए उनके साहस, धैर्य और सूझबूझ की सराहना की।


पीएम मोदी ने कहा कि स्मित मच्छार ने अपने जीवन की परवाह किए बिना यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि उनकी हिम्मत ने बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की और पूरे देश को उन पर गर्व है।

क्या हुआ था फ्लाईदुबई की फ्लाइट में?
दरअसल, 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। उड़ान के दौरान कॉकपिट में कप्तान स्मित मच्छार पर सह-पायलट ने चाक़ू से हमला कर उनके गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के दौरान विमान अचानक करीब 14 हजार फीट नीचे आ गया।

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद स्मित ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, जिसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हमलावर को काबू किया। विमान में मौजूद अन्य पायलटों ने नियंत्रण संभाला और फ्लाइट को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट में सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई। विमान में सवार यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।

घटना की जांच अभी जारी है। संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों ने यह पता लगाने के लिए जांच शुरू की है कि घटना के पीछे कोई पूर्व योजना या आतंकी मकसद था या नहीं। अधिकारियों ने लोगों से अपुष्ट जानकारी पर अटकलें न लगाने की अपील की है।

‘आपने अपनी नहीं, यात्रियों की जान की परवाह की’

पीएम मोदी ने स्मित से बातचीत के दौरान कहा कि उनके शरीर पर गंभीर चोट थी और वह खुद जीवन-मृत्यु की लड़ाई लड़ रहे थे, लेकिन उस वक्त भी उन्होंने यात्रियों की जिंदगी को प्राथमिकता दी।

प्रधानमंत्री ने कहा, “आपने अपने जीवन की परवाह नहीं की, बल्कि यात्रियों के जीवन की परवाह की।” उन्होंने कहा कि स्मित की हिम्मत, धैर्य और सूझबूझ ने लोगों की जान बचाई।

पीएम मोदी ने कहा कि पूरा देश उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि स्मित के साहस ने देश का मान बढ़ाया है।

पीएम से बात कर भावुक हुए स्मित
प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार भावुक हो गए। उन्होंने पीएम मोदी को अपना सबसे बड़ा ‘आइडल’ बताते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनसे सीधे बात करने का मौका मिलेगा।

स्मित ने कहा कि प्रधानमंत्री का फोन कर उनका हौसला बढ़ाना उनके लिए गर्व की बात है। इस पर पीएम मोदी ने कहा कि उन्होंने इतना बड़ा काम किया है कि देशवासी और दुनिया के लोग उनके बारे में जानना चाहते हैं।

परिवार से बातचीत का भी किया जिक्र
पीएम मोदी ने स्मित के परिवार से हुई बातचीत का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने उनके पिता भूपेंद्र, मां गीता और पत्नी सोनल से बात की थी। प्रधानमंत्री ने स्मित की मां गीता का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपने बेटे को ऐसे संस्कार दिए, जिन्होंने मुश्किल वक्त में उसे मजबूती दी।

सऊदी और यूएई सरकार का जताया आभार
प्रधानमंत्री मोदी ने स्मित मच्छार के इलाज और देखभाल के लिए सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात की सरकारों का भी आभार जताया। घटना के बाद घायल पायलट का उपचार सऊदी अरब में किया गया और बाद में उन्हें संयुक्त अरब अमीरात ले जाया गया। भारतीय मिशन के अनुसार स्मित की हालत स्थिर है और वह स्वस्थ हो रहे हैं।

घटना की विस्तृत जांच जारी है और इसके पीछे की वजह तथा सह-पायलट की मंशा को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image