भारत-घाना ग्लोबल साउथ की पुरानी आवाज, साथ करेंगे काम : जयशंकर
नई दिल्ली । घाना यात्रा के दौरान विदेश मंत्री सैमुअल ओकुडजेटो अबलाकवा के साथ बैठक के बाद विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा कि भारत और घाना ग्लोबल साउथ की पुरानी आवाज रहे हैं और दोनों देशों की चुनौतियां और पहल एक जैसी हैं, इसलिए कृषि, फार्मा, डिजिटल और रक्षा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जाएगा। विदेश मंत्रालय के अनुसार, मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री जयशंकर ने अपनी पहली घाना यात्रा पर खुशी जाहिर की।
उन्होंने कहा कि मेरी इस यात्रा का मुख्य मकसद पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ऐतिहासिक घाना यात्रा के बाद दोनों देशों के रिश्तों को आगे बढ़ाना है। जयशंकर ने कहा कि अब जबकि हमने एक व्यापक साझेदारी कायम कर ली है, तो हमें इसे सही मायने में आगे बढ़ाना होगा। हमें सहयोग के नए क्षेत्र तलाशने होंगे और अपनी पुरानी साझेदारी को और मजबूत करना होगा। आज की हमारी बातचीत मुख्य रूप से इसी पर केंद्रित रही।
उन्होंने कहा कि भारत के नजरिए से देखें तो घाना हमारा पुराना साझेदार रहा है। 'ग्लोबल साउथ' जैसे शब्द के इस्तेमाल में आने से पहले भी भारत और घाना इसकी आवाज रहे हैं। मुश्किल हालात में भी दोनों देशों ने उन देशों की आजादी, आत्मनिर्भरता और सम्मान का समर्थन किया, जो पहले उपनिवेश रहे थे। मेरा मानना है कि हमारी साझी विरासत आज भी हमारे रिश्तों को मजबूत आधार देती है।