मिस्र के पिरामिड पर चढ़ गया कुत्ता, 448 फीट की ऊंचाई से देखी दुनिया, वापस लौटा या नहीं?
काहिरा: गीजा के पिरामिड दुनिया भर में मशहूर हैं। यह विशाल पिरामिड 100 मीटर से ज्यादा ऊंचे हैं। लेकिन इस पिरामिड पर एक कुत्ता चढ़ गया। पैराग्लाइडिंग करते हुए इस कुत्ते को देखा गया है। पैराग्लाइडिंग का इस्तेमाल आसमान में उड़ते हुए दुनिया के कुछ सबसे प्रसिद्ध स्थलों को देखने के लिए किया जाता है। अमेरिकी पैराग्लाइडर मार्शल मोशर और उनके एक साथी इसी सप्ताह पैराग्लाइडिंग कर रहे थे। इस समय एक आवारा कुत्ते को उन्होंने प्राचीन पिरामिड के शिखर पर देखा। रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा, 'हमने पिरामिड के शीर्ष पर आगे-पीछे कुछ दौड़ते हुए देखा। एक व्यक्ति ने सोचा कि यह एक पहाड़ी शेर है।' 448 फीट की ऊंचाई पर वह खुशी से पक्षियों का पीछा करते हुए दिख रहा है। उसके इस फुटेज ने दुनिया बर के लाखों लोगों को हैरान कर दिया। लोग कुत्ते के बहादुरी की प्रशंसा करने से खुद को रोक नहीं पाए। मोशर इस असामान्य चीज को देख कर बेहद हैरान हो गए। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'एक कुत्ता गीजा के महान पिरामिड पर चढ़ गया।' बाद में मोशर ने खुद को सुधारते हुए कहा कि कुत्ता खफरे के पिरामिड पर चढ़ गया था, जो ग्रेट पिरामिड से थोड़ा छोटा है।
क्या कुत्ता फंस गया?
हालांकि उन्होंने कहा कि शायद कुत्ता यहां फंस गया हो। लेकिन उन्होंने आगे मजाकिया अंदाज में कहा कि हो सकता है कि इसके पास कोई सीक्रेट पोर्टल हो, जिसके जरिए वह सीधे यहां चढ़ा हो। वीडियो को 2.5 करोड़ से ज्यादा लोगों ने देखा है। पशु प्रेमियों ने कुत्ते के भविष्य को लेकर चिंता जताई। लोगों का मानना था कि शायद कुत्ता अनजाने में मिस्र के पिरामिड के टॉप पर फंस गया और अब उतर नहीं पा रहा है।
क्या वापस लौटा कुत्ता?
मोशर ने कहा कि कुत्ता पिरामिडों के आसपास रहने वाले कई कुत्तों में से एक था। अगले दिन उन्होंने बचाव अभियान चलाया। पिरामिडों पर अगले दिन उन्होंने पैराग्लाइडिंग की और फिर कुत्ते को खोजने का प्रयास किया, लेकिन वह असफल रहे। एक दिन बाद उन्होंने इससे जुड़ा एक अपडेट जारी किया। उन्होंने कहा कि कुत्ता अपने आप पिरामिड से नीचे आ गया। उन्होंने कुत्ते के नीचे उतरने का वीडियो जारी किया, जिसे देख कर लगता है कि वह पिरामिड पर चढ़ने और उतरने में एक्सपर्ट है।