कौन है हिजबुल्लाह का नेता नईम कासिम, इजरायल के हाथों मारे जाने के डर से लेबनान छोड़कर भागा, ईरान में छिपा बैठा
बेरूत: इजरायली हमलों में एक के बाद एक हिजबुल्लाह नेताओं के मारे जाने के बाद चरमपंथी समूह का डिप्टी सेक्रेटरी जनरल नईम कासिम कथित तौर पर लेबनान से भाग गया है। अरब मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि वह मारे जान से बचने के लिए ईरान में जाकर छिपा हुआ है। बताया गया है कि ईरानी नेताओं के आदेश के बाद उसने ये कदम उठाया है। इजरायली हमले में हसन नसरल्लाह और हाशेम साफीदीन समेत हिजबुल्लाह के शीर्ष नेता मारे जा चुके हैं। माना जा रहा था कि कासेम इजरायल का अगला लक्ष्य हो सकता है।दुबई के मीडिया आउटलेट एरम न्यूज ने ईरानी सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया है कि कासिम ने 5 अक्टूबर को बेरूत छोड़ दिया था। उसे ईरान के विदेश मंत्री के विमान से ले जाया गया था। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची इसी महीने लेबनान की राजकीय यात्रा पर आए थे। सूत्र ने बताया कि 'इस्लामिक रिपब्लिक ईरान के शीर्ष नेताओं ने इजरायल द्वारा हत्या के डर से कासिम को निकालने का आदेश दिया था।'