उद्धव ठाकरे से बगावत कर एकनाथ शिंदे के साथ गुवाहाटी जाने वाले सभी विधायक को टिकट, देखें शिवसेना की पूरी लिस्ट
मुंबई : महायुति के सत्ताधारी दल शिंदे सेना ने 45 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने 9 कैबिनेट मंत्रियों को फिर से उतारा है। साथ ही, शिंदे ने उन सभी विधायकों को फिर से टिकट दिया है, जिन्होंने जून 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ विद्रोह किया था और शिंदे के साथ गुवाहाटी गए थे। शिंदे कोपरी-पाचपाखाडी से लड़ रहे हैं। पार्टी ने कैबिनेट मंत्री उदय सामंत के भाई किरण सामंत को राजापुर विधानसभा से उम्मीदवार घोषित किया है, जबकि उदय सामंत रत्नागिरी से लड़ेंगे। पहली सूची में तीन महिलाओं के भी नाम शामिल हैं। पार्टी ने नए चेहरों में राजनीतिक परिवारों के दिग्गजों और कुछ निर्दलीयों को शामिल किया है।
शिंदे ने मंगलवार देर रात 'एक्स' हैंडल पर उम्मीदवारों की लिस्ट पोस्ट की। दक्षिण मुंबई से लोकसभा चुनाव लड़ने वाली विधायक यामिनी यशवंत जाधव को फिर भायखला से मौका मिला है। वहीं, उत्तर-पश्चिम लोकसभा से चुनाव जीतने वाले रविंद्र वायकर की पत्नी मनीषा वायकर को जोगेश्वारी-पूर्व से उम्मीदवारी दी गई है। रविंद्र वायकर इसी सीट से विधानसभा जीतते थे। अब वह सांसद बन हैं।
पिता के अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से लिंक? कौन हैं सना मलिक, जिन्हें अजित पवार ने अणुशक्ति नगर से दिया टिकट
अमित ठाकरे के सामने सदा सरवणकर
मगाठाणे से विधायक प्रकाश सुर्वे, चांदिवली से विधायक दिलीप लांडे और कुर्ला आरक्षित सीट से विधायक मंगेश कुडालकर को फिर मौका दिया है। माहिम विधानसभा से विधायक सदा सरवणकर को पार्टी ने उतारा है। इसी सीट से राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे लड़ने वाले हैं। सरवणकर को पार्टी ने सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाया है। चर्चा है कि राज के बेटे अमित के लिए सरवणकर नाम वापस ले सकते हैं।