देश-विदेश

इस साल 35 बार ऑल-टाइम हाई पर पहुंच चुका है सोना, आखिर कौन खरीद रहा है इतना गोल्ड?

नई दिल्ली: सोने की कीमत रोज-रोज नए रेकॉर्ड बना रही है। इस साल सोना अब तक 35 बार ऑल-टाइम हाई पर पहुंच चुका है और उसकी रफ्तार रुकने का नाम नहीं ले रही है। इस साल सोने की कीमत में 33 फीसदी तेजी आ चुकी है। सवाल यह है कि आखिर सोने की कीमत में इतनी तेजी क्यों आ रही है? इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि कई देशों के सेंट्रल बैंक बड़ी मात्रा में सोने की खरीद कर रहे हैं। इनमें भारत, चीन, तुर्की और पोलैंड के सेंट्रल बैंक सबसे आगे हैं। दुनिया के कुल गोल्ड रिजर्व का 12.1 फीसदी हिस्सा केंद्रीय बैंकों के पास है। यह 1990 के दशक के बाद सबसे हाई लेवल है।

इस साल सेंट्रल बैंकों के गोल्ड रिजर्व में काफी तेजी देखने को मिली है और पिछले एक दशक में यह आंकड़ा दोगुना हो चुका है। सोने की खरीद में भारत, चीन, तुर्की और पोलैंड के केंद्रीय बैंकों की अहम भूमिका है। चीन के विदेशी मुद्रा भंडार में सोने का हिस्सा 5.4 फीसदी पहुंच चुका है। दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी इकॉनमी वाले इस देश का गोल्ड रिजर्व 2,264 टन पहुंच चुका है। दुनिया में सोने की सबसे ज्यादा खपत चीन में ही होती है। वैसे दुनिया के पांच देशों के पास चीन से भी बड़ा स्वर्ण भंडार है।

सेंट्रल बैंक क्यों खरीद रहे सोना?

साल 2022 और 2023 में दुनियाभर के सेंट्रल बैंकों ने 1,000 टन से अधिक सोना खरीदा था। इसकी वजह यह है कि यूक्रेन युद्ध के बाद पश्चिमी देशों ने रूस के एसेट्स को सीज कर दिया था। यही वजह है कि दुनियाभर के देश अब अपने विदेशी मुद्रा भंडार में यूएस डॉलर का हिस्सा कम कर रहे हैं और सोना बढ़ा रहे हैं। साथ ही सोने को महंगाई के खिलाफ हेज के रूप में देखा जाता है। मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव ने भी सोने की चमक बढ़ा दी है। इतिहास गवाह है कि जब भी दुनिया पर कोई संकट आता है तो सोने की कीमत में तेजी आती है।

किसके पास है सबसे ज्यादा गोल्ड?

दुनिया का सबसे बड़ा गोल्ड रिजर्व अमेरिका के पास है। इस देश के सरकारी खजाने में 8,133 टन सोना जमा है। उसके बाद जर्मनी (3,353 टन), इटली (2,452 टन), फ्रांस (2,437 टन), रूस (2,335 टन) का नंबर है। यूरोप के छोटे से देश स्विट्जरलैंड के पास 1,040 टन, जापान के पास 847 टन और भारत के पास 840 टन गोल्ड है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के मुताबिक भारत में आम लोगों के पास करीब 25,000 टन सोना है जो दुनिया में सबसे अधिक है। 

Leave Your Comment

Click to reload image