मिशन गगनयान के लॉन्चिंग का आ गया नया टाइम, इसरो चीफ सोमनाथ ने बताई एक-एक बात
नई दिल्ली : भारत के मिशन गगन पर देश के साथ ही दुनिया की नजर है। लोग बेसब्री से इसरो के मिशन गगनयान की लॉन्चिंग का इंतजार कर रहे हैं। इसरो चीफ एस सोमनाथ ने देश के अहम मिशन को लेकर कई जानकारी सामने रखी। शनिवार को आकाशवाणी पर सरदार पटेल स्मृति व्याख्यान देते हुए सोमनाथ ने इसरो के कुछ महत्वपूर्ण आगामी मिशनों की नई तारीखों का भी खुलासा किया।
2026 में मिशन गगनयान
इसरो चीफ ने मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन गगनयान को लेकर कहा कि यह संभवतः 2026 में लॉन्च होगा। सोमनाथ के अनुसार मिशन चंद्रयान-4 2028 तक लॉन्च होने की उम्मीद है। इसके अलावा निर्धारित समय से काफी देरी से चल रहा भारत-अमेरिका संयुक्त निसार मिशन आखिरकार अगले साल लॉन्च हो सकता है। स्पेस टेक्नोलॉजी के अधिक स्वदेशीकरण की आवश्यकता पर बल देते हुए इसरो के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने कहा कि भारत अगले एक दशक में वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में अपना योगदान मौजूदा 2 प्रतिशत से बढ़ाकर कम से कम 10 प्रतिशत करने का लक्ष्य लेकर चल रहा है।
चंद्रयान-5 साल 2028 में होगा लॉन्च
इसरो के अध्यक्ष ने खुलासा किया कि जापान की अंतरिक्ष एजेंसी JAXA के साथ संयुक्त चंद्रमा-लैंडिंग मिशन, जिसे मूल रूप से LUPEX या लूनर पोलर एक्सप्लोरेशन नाम दिया गया था, चंद्रयान-5 मिशन होगा। उन्होंने लॉन्च के लिए अपेक्षित समय सीमा का उल्लेख नहीं किया। LUPEX मिशन को पहले 2025 समय सीमा के भीतर लॉन्च किया जाना था, लेकिन अब जब इसे चंद्रयान-5 के रूप में वर्णित किया गया है। ऐसे में इसकी उम्मीद 2028 के बाद ही की जा सकती है जब चंद्रयान-4 निर्धारित है।