हत्या की कोशिश, उगाही और अपहरण का आरोप, रॉ के पूर्व अफसर विकास यादव के खिलाफ 10 गवाहों में 7 पुलिसवाले
नई दिल्ली: दिल्ली के एक बिजनेसमैन ने रॉ के पूर्व अधिकारी विकास यादव पर अपहरण, जबरन वसूली और हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। इस मामले में जल्द ही सुनवाई शुरू हो सकती है। यादव पर अमेरिकी एजेंसी एफबीआई भी नजर रखे हुए है। FBI ने यादव पर सिख अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की असफल साजिश रचने का आरोप लगाया है।
चार्जशीट में 10 गवाहों के नाम
मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने बताया कि आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 207 के तहत कार्यवाही अंतिम चरण में है। इस धारा के तहत अभियोजन पक्ष द्वारा पेश किए गए कुछ दस्तावेजों की कॉपी आरोपी को देना अनिवार्य होता है। दिल्ली पुलिस ने अपनी चार्जशीट में 10 गवाहों के नाम दर्ज किए हैं। इनमें से सात स्पेशल सेल के पुलिस अधिकारी हैं। बाकी तीन में एक न्यायिक मजिस्ट्रेट, शिकायतकर्ता और शिकायतकर्ता का एक दोस्त शामिल है, जिसे चश्मदीद गवाह बताया गया है।
पुलिस को पिस्तौल नहीं हुई बरामद
पुलिस ने 13 मार्च को दायर चार्जशीट में कहा कि वह उस पिस्तौल को बरामद नहीं कर सकी जिसका इस्तेमाल खान ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता को डराने के लिए किया था। पुलिस शिकायतकर्ता के कैफे की सीसीटीवी फुटेज भी बरामद नहीं कर सकी। इसी कैफे से कथित तौर पर 50,000 रुपये की वसूली की गई थी। पुलिस का दावा है कि उसे केवल एक सोने की चेन और एक अंगूठी बरामद हुई है जो खान ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता से छीनी थी।
लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर रुपये मांगने का आरोप
चार्जशीट के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि यादव और खान ने उसका अपहरण किया और उसे डराया धमकाया। उन्होंने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के इशारे पर 20 लाख रुपये की मांग की। 11 दिसंबर, 2023 को वालिया को दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी के पास एक फ्लैट की दूसरी मंजिल पर ले जाया गया। पीड़ित के मुताबिक, वहां दो नकाबपोश लोग हाथों में पिस्तौल लिए हुए दिखाई दिए। वालिया ने दावा किया कि यादव ने उसे बताया कि ये लोग लॉरेंस बिश्नोई के शार्प शूटर हैं।
चार्जशीट में लॉरेंस बिश्नोई का कोई जिक्र नहीं
हालांकि चार्जशीट के मुताबिक, पीड़ित के बयान में लगाए गए आरोप लगभग उसी तरह से आरोपियों के खुलासे में भी शामिल हैं, लेकिन यादव और खान दोनों के खुलासे में बिश्नोई और उसके शार्प शूटरों का कोई जिक्र नहीं है। इसके बजाय, यादव ने अपने बयान में कहा कि उसने खान के साथ मिलकर वालिया को लूटने की योजना बनाई थी। यादव द्वारा कथित अपराध करने के पीछे का मकसद चार्जशीट में साफ नहीं है।