Amit Shah: 2026 में बंगाल की सत्ता में आई बीजेपी तो खत्म कर देंगे घुसपैठ-भ्रष्टाचार, अमित शाह ने किया वादा
कोलकाता: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में शांति तभी बहाल होगी, जब राज्य में घुसपैठ रुकेगी। केंद्रीय गृह मंत्री ने उत्तर 24 परगना जिले के पेट्रापोल में लैंड पोर्ट पर नए यात्री टर्मिनल भवन और मैत्री द्वार के उद्घाटन के अवसर पर कहा कि 2026 में पश्चिम बंगाल में बदलाव लाएं और बीजेपी राज्य में अवैध घुसपैठ को पूरी तरह से रोक देगी।
ममता पर बोला तीखा हमला
गृह मंत्री शाह ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल के विकास के लिए क्या किया है? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल में सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। पिछले 10 सालों के दौरान पश्चिम बंगाल को केंद्र से 7.74 लाख करोड़ रुपये का फंड मिला है, जो पिछली यूपीए सरकार के दौरान राज्य को मिले धन से कहीं अधिक है। लेकिन दुर्भाग्य से पश्चिम बंगाल में केंद्रीय फंड के उपयोग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है।