आज का मौसम 7 नवंबर 2024: नखरे क्यों दिखा रही 'दिल्ली की सर्दी', देश के इन हिस्सों में गुलाबी ठंड का अहसास, पढ़िए वेदर अपडेट
आज का मौसम 7 नवंबर 2024: दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अभी भी ठंड का इंतजार है। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद दिल्ली में ठंड बढ़ सकती है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 6 से 7 दिन मौसम का मिजाज इसी तरह का रहने वाला है। तापमान में गिरावट की उम्मीद कम है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में 10 से 12 दिनों तक बारिश के आसार भी नहीं हैं। ऐसे में सर्दियों की आहट अभी दूर दिखाई दे रही है। हालांकि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में सुबह और शाम हल्की-हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। लेकिन दिन के वक्त धूप लोगों को परेशान कर रही है।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
गुरुवार को दिल्ली में सुबह के समय स्मॉग और हल्का कोहरा छाया रह सकता है। रात के समय भी स्मॉग देखने को मिलेगी। अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री तक रह सकता है। वहीं, 8 से 12 नवंबर के बीच भी अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री रह सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 16 से 17 डिग्री तक रह सकता है। 8 और 9 नवंबर को भी स्मॉग सुबह और रात के समय छाया रह सकता है। इसके बाद 10 से 12 नवंबर तक धुंध रह सकती है।
दिल्ली के पड़ोसी राज्य पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आज से अगले एक हफ्ते तक मौसम साफ रहेगा। पंजाब में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16-17 डिग्री के बीच बना रहेगा। हरियाणा में भी ठंड आने में अभी समय है। हालांकि सुबह-शाम तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल रही है, जो लोगों को राहत दे रही है। चंडीगढ़ का मौसम भी लगभग ऐसा ही बना रहेगा।
यूपी में मौसम का हाल
गुरुवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह-सुबह धुंध और पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्का कोहरा भी छा सकता है। नवंबर की शुरुआत से ही पूरे उत्तर प्रदेश में तापमान गिर रहा है और कई इलाकों में यह 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। राजस्थान में भी गुरुवार को मौसम साफ रहेगा और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा। अगले एक हफ्ते तक तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।