देश-विदेश

Delhi Crime: दुबई भागने की फिराक में फर्श बाजार डबल मर्डर का शूटर सोनू मटका,हाशिम बाबा गैंग ने दिया ऑफर

नई दिल्ली :परोल जंप कर 2021 से फरार 50 हजार इनामी अनिल उर्फ सोनू मटका विदेश भागने की फिराक में है। सूत्रों ने बताया कि गैंगस्टर हाशिम बाबा गिरोह की तरफ से उसे दुबई का ऑफर दिया गया है। फर्श बाजार डबल मर्डर से मिली रकम के बाद से उसके विदेश भागने की आशंका बढ़ गई है। वह फर्जी नाम से बने पासपोर्ट के जरिए वाया नेपाल होते हुए दुबई जाने की कोशिश कर सकता है। फिलहाल पुलिस सीलमपुर के वसीम तक नहीं पहुंच सकी है, जिसके पास सोनू मटका दिवाली की रात हत्या करने के बाद गया था।

कब्जे में काली स्कॉर्पियो

पुलिस सूत्रों ने बताया कि काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया है, जिसमें सोनू मटका और वसीम के बीच हत्याकांड के बाद मीटिंग हुई थी। इसी स्कॉर्पियो में दोनों के बीच सुपारी की रकम का लेनदेन हुआ था। पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्धों को पकड़ा है, जिनसे लगातार पूछताछ चल रही है। जांच में पता चला है कि यह स्कॉर्पियो वसीम के नांगलोई के बक्करवाला में रहने वाले एक रिश्तेदार के नाम पर है। वसीम पर भी हत्या का प्रयास और चोरी के दो केस बताए जा रहे हैं। ये गैंगस्टर हाशिम बाबा के शूटर आमिर उर्फ सलीम उर्फ टिल्लन का भाई है। बाबा गैंग पर लगे मकोका में टिल्लन वॉन्टेड है।

गैंगस्टर हाशिम बाबा मंगलवार को कड़कड़डूमा कोर्ट में पेश हुआ था। अप्रैल 2017 में हुए छेनू गैंग के इमरान सिद्दीकी उर्फ छोटू और मोहम्मद कमर के सनसनीखेज डबल मर्डर केस की तारीख थी। बाबा इस डबल मर्डर का मुख्य आरोपी है। सूत्रों ने बताया कि बाबा ने अपने करीबियों से आकाश उर्फ छोटू के मर्डर पर हैरानी जताई है। उसने पूछा कि यह किसके कहने पर किया गया है? बाबा को उसके एक बेहद करीबी गैंगस्टर का नाम बताया गया। बाबा तिहाड़ जेल में बंद है, जिसके पास अभी फोन नहीं है। इसलिए वह फिलहाल गैंग से जुड़े बदमाशों और विदेश में बैठे गैंगस्टरों के संपर्क में नहीं है।

निशाने पर गाजियाबाद का एक नेता

पुलिस सूत्रों ने बताया कि शूटर सोनू मटका और बदमाश अजय चौधरी कई केसों में मुकदमेवार हैं। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम है। गाजियाबाद में दो फैमिली के बीच राजनीतिक दबदबे की जंग चल रही है, जिसमें हत्या तक हो चुकी है। ये दोनों मृतक की फैमिली की तरफ हैं, क्योंकि उसका एक मेंबर इनके साथ कई मामलों में शामिल है। दोनों विरोधी नेता के खात्मे की फिराक में हैं। एक बार हमला करने गए भी थे, लेकिन भीड़ की वजह से बाइक छोड़कर भाग खड़े हुए थे। जांच में बाइक आमिर उर्फ सलीम उर्फ टिल्लन की निकली थी। 

Leave Your Comment

Click to reload image