देश-विदेश

यूरोपियन सैनिक की तैनाती, बफर जोन... रूस-यूक्रेन का युद्ध रुकवाने के लिए डोनाल्ड ट्रंप का 'पीस प्लान' तैयार!

वॉशिंगटन:अमेरिकी चुनावों में जोरदार जीत दर्ज करने के बाद डोनाल्ड ट्रंप देश के नए राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं। ट्रंप ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान रूस-यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर लगातार जो बाइडन और कमला हैरिस को घेरा है। उन्होंने मौजूदा राष्ट्रपति बाइडन की आलोचना करते हुए ये तक कहा कि सत्ता में आने के 24 घंटों के भीतर वह रूस और यूक्रेन का युद्ध रुकवा देंगे। ट्रंप अगले साल जनवरी में जब व्हाइट हाउस लौटेंगे तो उनके सामने इस युद्ध को रुकवाने की चुनौती होगी। हालांकि ऐसी रिपोर्ट सामने आ रही हैं कि ट्रंप ने बाकायदा इस संबंध में अपना प्लान तैयार कर लिया है। 

द टेलीग्राफ ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करवाने के लिए रूसी और यूक्रेनी सेनाओं के बीच 800 मील का बफर जोन तैयार करने का प्लान किया है। इस बफर जोन लागू करने के लिए यूरोपीय सैनिकों को बुलाया जा सकता है। ट्रंप के इस 'पीस प्लान' को उनके तीन कर्मचारियों ने आउटलाइन किया है।


ट्रंप के पीस प्लान में क्या है?

ट्रंप के इस प्लान के अनुसार मौजूदा फ्रंट लाइन अपनी जगह पर स्थिर होगी और यूक्रेन नाटो में शामिल होने की अपनी महत्वाकांक्षा को समाप्त करने के लिए सहमत हो जाएगा। अमेरिका बफर जोन में गश्त करने और उसे लागू करने के लिए यूक्रेन को मदद नहीं देगा। द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप की टीम के एक सदस्य ने कहा, 'हम यूक्रेन में शांति बनाए रखने के लिए अमेरिकियों को नहीं भेज रहे हैं। हम इसके लिए भुगतान भी नहीं कर रहे हैं। जर्मन, ब्रिटिश और फ्रेंच से यह काम कराएं।'

Leave Your Comment

Click to reload image