भारत की हाइपरसोनिक मिसाइल से यूं ही नहीं खौफ में पाकिस्तानी विशेषज्ञ, चीन का 'कवच' भी होगा फेल,
इस्लामाबाद: भारत ने पहली बार लंबी दूरी तक मार करने वाली हाइपरसोनिक मिसाइल का परीक्षण करके दुनिया को अपनी अजेय ताकत का प्रदर्शन किया है। भारतीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को इस हाइपरसोनिक मिसाइल के टेस्ट का वीडियो पोस्ट करके भारत की ऐतिहासिक सफलता का ऐलान किया। भारतीय मिसाइल 1500 किमी तक कहीं भी तबाही मचाने में सक्षम है। बताया जा रहा है कि इसकी गति करीब 9 मैक की थी। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके साथ ही भारत अब रूस, चीन और अमेरिका के उस चुनिंदा समूह में शामिल हो गया है जिनके पास हाइपरसोनिक मिसाइले हैं। हाइपरसोनिक मिसाइलों को अभी दुनिया के किसी भी एयर डिफेंस सिस्टम से तबाह नहीं किया जा सकता है, इसी वजह से इन्हें आधुनिक ब्रह्मास्त्र भी कहा जाता है। भारत की इसी ताकत से पाकिस्तानी विशेषज्ञ खौफ में है। आइए समझते हैं पूरा मामला
भारत ने जिस हाइपरसोनिक मिसाइल का परीक्षण किया है, उससे पाकिस्तान के किसी भी ठिकाने को परमाणु या परंपरागत हमले से तबाह किया जा सकता है। फिर चाहे पाकिस्तानी सेना का कोई अड्डा हो या फिर उसके परमाणु बमों को गोदाम, भारत अब हर जगह हमला करने में सक्षम हो गया है। दरअसल, हाइपसोनिक मिसाइलें अपनी तूफानी रफ्तार और हवा में रास्ता बदलने की क्षमता के कारण किसी भी एयर डिफेंस सिस्टम को चकमा देने में सक्षत हैं। हाल ही में यूक्रेन युद्ध में रूस ने पहली बार दुनिया में हाइपरसोनिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया था। इन हमलों को अमेरिकी और अन्य नाटो देशों के एयर डिफेंस सिस्टम रोकने में फेल हो गए थे।