महाराष्ट्र चुनाव: वोटिंग से पहले BJP ने फोड़ा बिटकॉइन का बम, लपेटे में सुप्रिया सुले और नाना पटोले
नई दिल्ली: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग शुरू होने में बस कुछ ही घंटे बाकी हैं। लेकिन इससे पहले महाराष्ट्र का सियासी पारा गर्म है। वोटिंग से ठीक पहले दो बड़े मामले सामने आए हैं। पहला कैश कांड है। बीजेपी के दिग्गज नेता और राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े पर नालासोपारा में पैसे बांटने के आरोप लगा है। वहीं दूसरा बिटकॉइन कांड है। बीजेपी ने बिटकॉइन की हेराफेरी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। बीजेपी ने आरोप लगाया कि एनसीपी (शरद पवार गुट) की नेता सुप्रिया सुले और राज्य कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले इस हेराफेरी में शामिल है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ सुधांशु त्रिवेदी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस और महा विकास अघाडी के नेताओं की ओर से तथाकथित बिटकॉइन के कैश ट्रांजैक्शन से जुड़े साक्ष्य, चैट्स और ऑडियो क्लिप्स को मीडिया के सामने रखे हैं। त्रिवेदी ने कहा, 'एक बहुत ही गंभीर और चिंताजनक तथ्य प्रकाश में आया है जो महा विकास अघाड़ी का असली चेहरा धीरे-धीरे उजागर कर रहा है। इससे यह गंभीर प्रश्न खड़ा हो रहा है कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कैसे सम्पन्न हो सकते हैं? कांग्रेस का नारा था कि हाथ बदलेगा हालात, मगर अब दिख रहा है कि हाथ कर रहा है करामात।'
'मोहब्बत की दुकान के सामान...'
त्रिवेदी ने कहा, 'मोहब्बत की दुकान के सामान का भुगतान कहां से किया जा रहा है? कहीं ऐसा तो नहीं कि इस मोहब्बत की दुकान के सामान का भुगतान सात समंदर पार से किया जा रहा हो? मीडिया और न्यूज एजेंसियों की ओर से कुछ लोगों के इंटरव्यू, जिनमें पूर्व अधिकारियों के साक्षात्कार भी शामिल हैं, उनमें जो बातें बताई गई हैं, वह लोकतंत्र के लिए बहुत ही चिंताजनक हैं। इससे इस प्रकार के संकेत मिलते हैं कि मोहब्बत की दुकान का सामान कहीं दुबई से तो नहीं आ रहा है।' उन्होंने आगे कहा कि इन साक्षात्कारों में यह भी बताया जा रहा है कि उनकी आने वाली सरकार जांच और पूछताछ से भी निपट लेगी। कई बड़े लोगों के साथ-साथ, संविधान के बारे में इस तरह की बातें की जा रही है।
'...मैं पहले ही लफड़े में फंस चुका हूं'
त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, 'एक पूर्व पुलिस अधिकारी जो एक आरोप में पहले कुछ समय जेल में रह चुका है, उसको एक आरोपी डीलर संपर्क करता है और यह कहता है कि बिटकॉइन का हमें कैश में कुछ पैसा ट्रांजैक्शन करना है। वह यह कहता है कि मैं पहले ही लफड़े में फंस चुका हूं, मैं ऐसी किसी चीज में नहीं पड़ना चाहता। तो वह दूसरा व्यक्ति यह कह रहा है कि साहब इसमें बड़े लोग शामिल हैं और वह कांग्रेस के महाराष्ट्र के अध्यक्ष नाना पटोले जी और सुप्रिया सुले जी का तथाकथित रूप से नाम लेता है। फिर जब वह अधिकारी पुनः विश्वास व्यक्त करता है तो वह आदमी कहता है कि मैं आपको ऑडियो क्लिप भेज रहा हूं, आपको स्वतः ही समझ में आ जाएगा।'