महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: परिवार संग सचिन तेंदुलकर ने दिया वोट, पत्नी अंजली और बेटी सारा के साथ यूं किया पोज
मुंबई: महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने बुधवार, 20 नवंबर को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए मुंबई के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजली और बेटी सारा के साथ मतदान केंद्र पर जल्दी पहुंचे और साथी नागरिकों से आने और अपने लोकतांत्रिक कर्तव्य को पूरा करने का आग्रह किया। सचिन तेंदुलकर ने अपने परिवार के साथ वोट डाला। भारत के पूर्व कप्तान सचिन को भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) द्वारा राष्ट्रीय आइकन के रूप में नियुक्त किया गया था। वह मतदाता भागीदारी (Voter Participation) के बारे में जागरूकता बढ़ा रहे हैं।
वोट देने के बाद तेंदुलकर ने क्या कहा?
सचिन तेंदुलकर ने कहा, 'मैं काफी समय से ईसीआई के लिए आइकन रहा हूं। मेरा मैसेज सिंपल हैः वोट करें। यह हमारी जिम्मेदारी है। मैं सभी से बाहर आने और मतदान करने का आग्रह करता हूं'तेंदुलकर ने अपने मतदान केंद्र पर अधिकारियों द्वारा की गई व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा। वोट देने के बाद तेंदुलकर, अंजली और सारा ने अपनी इंक्ड उंगलियों को दिखाते हुए मीडिया के सामने पोज दिया।
बात करें सचिन की तो तेंदुलकर प्रोफेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने के बाद अपने समय का पूरा आनंद ले रहे हैं। महान बल्लेबाज तेंदुलकर सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा एक्टिव रहते हैं। फैंस के साथ अक्सर अपनी निजी जिंदगी की तस्वीरें और वीडियो शेयर करते रहते हैं।