देश-विदेश

कौन बनेगा महाराष्ट्र का किंग, आज हो जाएगा भाग्य का फैसला, महाविकास अघाड़ी और महायुति में दिखेगी सीधी टक्कर

मुंबई/नई दिल्ली:महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आएंगे। मतों की गिनती शनिवार सुबह आठ बजे से शुरू होगी। सभी की निगाहें सत्तारूढ़ भाजपा नीत महायुति और सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटे महा विकास आघाडी (MVA) के बीच मुकाबले के नतीजे पर टिकी हैं। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि 20 नवंबर को हुए मतदान में अंतिम मतदान 66.05 प्रतिशत रहा जबकि 2019 में यह आंकड़ा 61.1 प्रतिशत था।

कहां कितने प्रतिशत हुआ था मतदान?

चुनाव अधिकारियों ने बताया कि नांदेड़ लोकसभा उपचुनाव के लिए भी मतगणना होगी,जहां 20 नवंबर को 67.81 प्रतिशत मतदान हुआ था। उन्होंने बताया कि प्रदेश के कोल्हापुर जिले में 76.63 प्रतिशत मतदान हुआ,जिसके बाद गढ़चिरौली में 75.26 प्रतिशत मतदान हुआ,जहां कुछ क्षेत्र वामपंथी उग्रवाद प्रभावित हैं। सबसे कम मतदान मुंबई में 52.07 प्रतिशत रहा। मुंबई उपनगरीय जिले में 55.95 प्रतिशत मतदान हुआ।

आज वोटों की गिनती के लिए कुल 288 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं,जिनमें नांदेड़ लोकसभा उपचुनाव के लिए भी एक केंद्र शामिल है। एक अधिकारी ने बताया कि कुल 288 मतगणना पर्यवेक्षक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की निगरानी करेंगे, जबकि नांदेड़ लोकसभा उपचुनाव में मतगणना की निगरानी के लिए दो पर्यवेक्षकों को नियुक्त किया गया है।

चुनाव आयोग के अधिकारी ने बताया कि डाक मतपत्रों की अधिक संख्या के कारण सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुचारू मतगणना प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए डाक मतपत्रों की गिनती के वास्ते 1,732 टेबल और इलेक्ट्रॉनिकली ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलट सिस्टम (ईटीपीबीएस) के लिए 592 टेबल स्थापित किए गए हैं।

किस पार्टी ने उतारे थे कितने उम्मीदवार?

महायुति गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी ने 149 विधानसभा सीटों पर, शिवसेना ने 81 सीटों पर और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने 59 निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे थे। विपक्ष के एमवीए गठबंधन में, कांग्रेस ने 101 उम्मीदवार, शिवसेना (उबाठा) ने 95 और राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने 86 उम्मीदवार खड़े किए। बहुजन समाज पार्टी एवं ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) जैसी पार्टियों ने भी चुनाव लड़ा, जिसमें बसपा ने 237 उम्मीदवार और एआईएमआईएम ने 17 उम्मीदवार खड़े किये। 

Leave Your Comment

Click to reload image