UP Kundarki By Election Result Live: कुंदरकी में बीजेपी के रामवीर सिंह 18086 वोटों से आगे, पिछड़े हाजी रिजवान
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की कुंदरकी सीट पर हुए उपचुनाव का रिजल्ट आने वाला है। उपचुनाव के वोटों की गिनती शुरू हो गई है। शुरुआती रुझान में बढ़त बनाने के बाद समाजवादी पार्टी के हाजी रिजवान पिछड़ गए हैं। भाजपा के रामवीर सिंह अब 18,086 वोटों से आगे निकलते दिख रहे हैं। उपचुनाव की वोटिंग के बाद कुंदरकी सीट खासी चर्चा में है। इस सीट पर 65 फीसदी मुस्लिम मतदाता हैं। लेकिन, रामपुर और स्वार विधानसभा उपचुनाव ने जिस प्रकार से सपा की परेशानी बढ़ाई, उसी प्रकार की स्थिति कुंदरकी में बनती दिख सकती है। इस सीट पर सपा की जीत को तय माना जा रहा था। लेकिन, इस बार के चुनाव में जिस प्रकार से वोटिंग के दौरान माहौल बदला वह तीन दशक बाद एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी नेताओं के चेहरों पर खुशी ला दी है। भाजपा की ओर से जीत के दावे किए जा रहे हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद रामगोपाल यादव का एक बयान भाजपा नेताओं की खुशी का कारण बताते हैं। रामगोपाल यादव ने पिछले दिनों कहा कि कुंदरकी, मीरापुर और कानपुर की सीसामऊ विधानसभा सीटों पर चुनाव रद्द कर पुनर्मतदान कराया जाए।
उपचुनाव के वोटों की गिनती में कौन आगे-कौन पीछे
जियाउर रहमान ने दर्ज की जीत
यूपी चुनाव 2022 में सपा और भाजपा के बीच भिड़ंत हुई थी। कुंदरकी विधानसभा सीट से यूपी चुनाव 2022 में समाजवादी पार्टी ने पूर्व सांसद शफीकुर्रहमान बर्क के पोते जियाउर रहमान बर्क को चुनावी मैदान में उतारा। जियाउर रहमान ने 43,162 वोटों से जीत दर्ज की। इस चुनाव में जियाउर रहमान को 1,25,792 वोट मिले थे। भाजपा के कमल प्रजापति को इस चुनाव में 82,630 वोट मिले थे। बसपा के टिकट मोहम्मद रिजवान को केवल 42,742 वोट मिले थे।