देश-विदेश

कनाडा ट्रूडो के बोये की फसल काट रहा है... मॉन्ट्रियल हिंसा पर घर में घिरे कनाडा के पीएम, पिइरे ने जमकर सुनाया

ओटावा: कनाडा के मॉन्ट्रियल शहर में शुक्रवार रात इजरायल विरोधी और फिलिस्तीनी समर्थक प्रदर्शनों में हुई हिंसा पर पिइरे पोइलिवरे ने जस्टिन ट्रूडो को घेरा है। कनाडा के विपक्ष के नेता पिइरे पोइलिवरे ने इस घटना के लिए पीएम ट्रूडो को जिम्मेदार बताते हुए कहा है कि आप इस हिंसा की निंदा करने का सिर्फ नाटक कर रहै हैं। हकीकत ये है कि आपने जो बोया, हम वही काट रहे हैं। पोइलिवरे ने कहा कि कनाडा में इस तरह की घटनाएं ट्रूडो सरकार की नीतियों का नतीजा हैं।

जस्टिन ट्रूडो ने शनिवार को हिंसा के बारे में एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा, 'कल रात मॉन्ट्रियल की सड़कों पर हमने जो देखा वह भयावह था। यहूदी विरोधी भावना, धमकी और हिंसा के कृत्य जहां भी हों, उनकी निंदा की जानी चाहिए। आरसीएमपी स्थानीय पुलिस के साथ संपर्क में है। इसके जिम्मेदारों और दंगाइयों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।' ट्रूडो के इस ट्वीट पर पोइलिवरे ने जमकर सुनाया है।

आप हिंसा के वातावरण के लिए जिम्मेदार: पोइलिवरे

जस्टिन ट्रूडो को जवाब देते हुए कनाडाई राजनेता पिइरे पोइलिवरे ने कहा, 'आप आश्चर्यचकित होने का अभिनय कर रहे हैं। आपने जो बोया, हम वही काट रहे हैं। एक प्रधानमंत्री के तौर पर आपने नौ साल तक जहरीली पहचान की राजनीति को आगे बढ़ाते हुए, नस्ल, जेंडर,धर्म, क्षेत्र के आधार पर लोगों को बांटा है। आपने यह तक कह दिया कि कनाडा एक 'उत्तर-राष्ट्रीय राज्य' है जिसकी कोई मूल पहचान नहीं है। आपने कानून तोड़ने वालों के लिए सीमाएं खोल दीं और सवाल उठाने वाले को नस्लवादी कहा। आप अपने सांसदों को मस्जिद में कुछ और, मंदिर में कुछ और गुरुद्वारे में कुछ और कहने के लिए भेजते हैं।' 

Leave Your Comment

Click to reload image