देश-विदेश

'कांतारा: चैप्‍टर 1' के जूनियर आर्टिस्‍ट्स को लेकर जा रही बस पलटी, 6 घायल, कर्नाटक के अस्‍पताल में चल रहा इलाज

ऋषभ शेट्टी की फिल्‍म 'कांतारा: चैप्‍टर 1' का इंतजार हर क‍िसी को है। लेकिन साल 2022 की सुपरहिट फिल्म के इस प्रीक्‍वल से जुड़ी एक दुखद खबर आई है। फिल्‍म के कलाकारों के साथ हादसा हो गया है। फिल्‍म के 20 जूनियर आर्टिस्‍ट्स को ले जा रही एक बस कर्नाटक के उडूपी में पलट गई है, जिससे 6 कलाकार घायल हो गए हैं। यह घटना रविवार रात की है, जिसके बाद घायलों का नजदीकी अस्‍पताल में इलाज चल रहा है। 

हमारे सहयोगी 'टाइम्‍स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना कर्नाटक के कोल्लूर के पास उडूपी जिले के जडकाल के पास की है। फिल्‍म के 20 जूनियर कलाकारों को ले जा रही बस शूटिंग खत्म होने के बाद कलाकारों को लेकर जा रही थी। यह बस मुदूर से कोल्लूर जा रही थी। जब यह जडकाल पहुंची, तो बस ड्राइवर ने अचानक कंट्रोल खो दिया, जिससे यह बस पलट गई। बताया जा रहा है कि इस घटना में 6 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका जडकाल महालक्ष्मी क्लिनिक में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू

'कांतारा: चैप्‍टर 1' की शूटिंग तटीय क्षेत्रों में की जा रही है। यहां कई स्थानीय कलाकार शूटिंग में शामिल हैं। कोल्‍लूर पुलिस ने मामले दुर्घटना का केस दर्ज किया है और जांच में जुट गई है।

16 करोड़ में बनी 'कांतारा' ने कमाए थे 400 करोड़ रुपये

'कांतारा' मूल रूप से कन्‍नड़ फिल्‍म है। ऋषभ शेट्टी इस फिल्‍म के लीड एक्‍टर, डायरेक्‍टर और प्रोड्यूसर भी हैं। साल 2022 में रिलीज फिल्‍म का बजट 16 करोड़ रुपये था और इसने वर्ल्‍डवाइड 407.82 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई की थी। फिल्‍म को पहले सिर्फ कन्‍नड़ में रिलीज किया गया था, लेकिन फिर जब इसकी पॉपुलैरिटी बढ़ी तो इसे हिंदी समेत दूसरी भारतीय भाषाओं में भी रिलीज किया गया। 'कांतारा' ने देश में 309.64 करोड़ रुपये का नेट कलेक्‍शन किया था।

Leave Your Comment

Click to reload image