देश-विदेश

महाराष्ट्र: ठाणे में कुत्ते के हमले में दो दमकल कर्मी घायल

मुंबई। महाराष्ट्र के ठाणे शहर में बस स्टॉप के पास गिरे हुए पेड़ को हटाते समय दो दमकल कर्मियों को कुत्ते ने काट लिया। नगर निगम के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह घटना बुधवार रात गामदेवी क्षेत्र में हुई। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि नगर निगम के आपातकालीन प्रकोष्ठ को बुधवार रात करीब 11 बजे बस स्टॉप के पास एक पेड़ के गिर जाने की सूचना मिली। जिसके बाद अग्निशमन कर्मी और क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की टीम मौके पर पहुंची।

अधिकारी ने बताया कि दमकल कर्मी जब गिरे हुए पेड़ को काटकर बस स्टॉप से हटाने का प्रयास कर रहे थे, तभी एक कुत्ते ने दो कर्मियों को बुरी तरह काट लिया। उन्होंने बताया कि दोनों कर्मियों को कलवा स्थित अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया और उनका उपचार किया जा रहा है। अधिकारी ने बताया कि नगर निगम के अन्य कर्मियों ने गिरे हुए पेड़ को क्षेत्र से हटा दिया।

Leave Your Comment

Click to reload image