नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी सोशल मीडिया से दूर रहते हैं। वह बहुत कम ही अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं। हालांकि, धोनी की फैन फॉलोइंग फिर भी कम नहीं है। वह जहां जाते हैं उनके फैन वहां लाखों की तादाद में मौजूद रहते हैं। आज के युवा क्रिकेटरों के मुकाबले धोनी की सोशल मीडिया पर हाजिरी बहुत ही कम है। इसी सोशल मीडिया जेनेरेशन को धोनी ने खास मैसेज दिया है। धोनी ने कहा है कि खिलाड़ियों का ध्यान अच्छी क्रिकेट खेलने पर होना चाहिए।
धोनी ने आज के समय में सोशल मीडिया और पब्लिक रिलेशंस को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने बताया है कि उनका मैनेजर उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव रहने को कहता है ताकि प्रमोशन हो सके, लेकिन वह ऐसा करते नहीं है क्योंकि उनका मानना है कि क्रिकेटर का खेल ही उसके बारे में सब बयां करता है न की सोशल मीडिया।
नहीं है पीआर की जरूरत
2004 में धोनी ने अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था। तब सोशल मीडिया नहीं था। उनके सामने ही फेसबुक, ट्विटर (अब एक्स), इंस्टाग्राम आए और छा गए। हालांकि, धोनी ने इन सभी से अच्छी-खासी दूरी बनाए रखी है। उनका कहना है कि अगर क्रिकेटर अच्छा खेल रहा है तो उसे पीआर की जरूरत नहीं है।
धोनी ने यूरोग्रिप ट्रेड टॉक्स पर बात करते हुए कहा, "मैं सोशल मीडिया का बड़ा फैन नहीं रहा हूं। मेरे कई सारे मैनेजर रहे और सभी मुझसे सोशल मीडिया पर ज्यादा से ज्यादा एक्टिव रहने की कहते थे। मैंने 2004 में खेलना शुरू किया था. उसके बाद ट्विटर आया फिर इंस्टग्राम आया। सभी मैनेजरों ने मुझसे कहा कि आपको कुछ पीआर करना चाहिए। सभी को मेरा ही एक जवाब रहता था। मैं कहता था कि अगर आप अच्छी क्रिकेट खेलते हैं तो आपको पीआर की जरूरत नहीं है।"
फैंस करते हैं इंतजार
धोनी बेशक सोशल मीडिया पर ज्यादा पोस्ट नहीं करते, लेकिन वह सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं। उनके बाहर आने-जाने के वीडियो, बाइक चलाने के वीडियो, फैंस से मिलने के वीडियो सोशल मीडिय पर धूम मचाते हैं। धोनी को उनके फैंस जहां भी देखते हैं वह उनसे मिलने पहुंच जाते हैं और फिर धीरे-धीरे वीडियो वायरल हो जाता है। धोनी ने साल 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। हालांकि, वह अभी भी आईपीएल खेलते हैं और उनके फैंस हर साल आईपीएल का इंतजार करते हैं ताकि माही की शक्ल को देख सकें।