छत्तीसगढ़ / दुर्ग
मैत्री बाग चिडिय़ाघर में बनाया जा रहा दो सौ किलोवाट क्षमता का एलिवेटेड सौर ऊर्जा संयंत्र
भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र के ग्रिड से जुड़े सौर ऊर्जा संयंत्र की आपूर्ति के लिए, बीएसपी एवं क्रेडा के संयुक्त तत्वाधान में 200 किलोवाट क्षमता का राज्य का पहला एलिवेटेड सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जा रहा है, जिसकी स्थापना एवं कमीशनिंग का कार्य पूर्व ही प्रारंभ किया जा चुका है।
इस सौर ऊर्जा संयंत्र को एलिवेटेड मॉडल के रूप में स्थापित करने का यह उद्देश्य है कि इसके नीचे की जमीन का उपयोग जानवरों के लिए चारा उत्पादन में किया जा सके। परियोजना से प्राप्त बिजली का उपयोग मैत्री बाग एवं निकटवर्ती जवाहर उद्यान में किया जाएगा। यह सौर संयंत्र, सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना के लिए उपयोग की जाने वाली सबसे ऊंची संरचनाओं में से एक है, इसकी सामने की ऊंचाई 3.5 मीटर है जो जमीन से 5.5 मीटर की ऊंचाई तक पीछे की ओर बढऩे पर क्रमश: बढ़ती जाती है।
इस ऊँचाई को प्राप्त करने एवं पूरे ढांचे की स्थिरता बनाए रखने के लिए इसे इस तरह से डिज़ाइन किया गया है जिसका वजन लगभग 30 टन है जो कि पुन: 200 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना हेतु उपयोग की जाने वाली सबसे भारी सौर संरचनाओं में से एक है। ज्ञात हो कि भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन पवन कुमार ने 30 जुलाई 2024 को मैत्री बाग इस सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना के लिए भूमिपूजन किया था।
इस परियोजना को जनवरी माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। यह परियोजना हरित ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देता है। विदित हो कि हरित ऊर्जा, नवीकरणीय स्रोतों से प्राप्त होने वाली ऊर्जा के लिए एक शब्द है। हरित ऊर्जा को अक्सर स्वच्छ, टिकाऊ या नवीकरणीय ऊर्जा के रूप में संदर्भित किया जाता है। हरित ऊर्जा के उत्पादन से वायुमंडल में जहरीली ग्रीनहाउस गैसें नहीं निकलती हैं, जिसका अर्थ है कि इससे पर्यावरण पर बहुत कम या कोई प्रभाव नहीं पड़ता है।
सीसी रोड निर्माण कार्याें के लिए 79.87 लाख रूपए स्वीकृत
दुर्ग ग्रामीण विधानसभा
दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजनांतर्गत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के 08 कार्याे के लिए 79 लाख 87 हजार 017 रूपए स्वीकृत किया गया है। विधायक ललित चंद्राकर द्वारा अनुशंसित उक्त कार्य का संपादन क्रियान्वयन एजेंसी जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुर्ग द्वारा की जाएगी।
जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत करगाडीह में सीसी रोड निर्माण भान बघेल घर से सुखचंद यादव घर तक के लिए 7 लाख 39 हजार 546 रूपए, ग्राम पंचायत कोकड़ी में विभिन्न गली में सीसी रोड निर्माण कार्य के लिए 7 लाख 99 हजार 510 रूपए, ग्राम पंचायत कोटनी में सीसी रोड निर्माण कार्य भगवान दास घर से शीतला मंदिर तक के लिए 4 लाख 30 हजार रूपए, ग्राम पंचायत कोटनी में सीसी रोड निर्माण कार्य राजेन्द्र निषाद घर से पीलू निषाद घर तक के लिए 3 लाख रूपए, ग्राम पंचायत जंजगिरी में सार्वजनिक बाड़ा चौक के पस डोमशेड निर्माण के लिए 10 लाख 99 हजार 526 रूपए, ग्राम पंचायत डुमरडीह वार्ड 20 में सार्वजनिक सांस्कृतिक कलामंच निर्माण कार्य के लिए 9 लाख 99 हजार 839 रूपए, ग्राम पंचायत महमरा में सीसी रोड निर्माण कार्य गौरा-चौरा से निरंजन सेन के घर तक के लिए 7 लाख 99 हजार 648 रूपए, ग्राम पंचायत आमटी में सीसी रोड निर्माण कार्य मारकण्डे के घर से खेमलाल साहू के घर तक के लिए 7 लाख 99 हजार 648 रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
संभागायुक्त ने की नागरिकों से स्वेच्छा से प्रकृति परीक्षण कराने की अपील
दुर्ग । आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा 26 नवंबर से 25 दिसंबर तक देश का प्राकृतिक परीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें भारत के सभी वयस्क नागरिकों का प्रकृति परीक्षण आयुर्वेद चिकित्सकों द्वारा मोबाइल एप के माध्यम से किया जाना है। इसी कड़ी में आज दुर्ग संभाग के कमिश्नर एसएन राठौर का प्रकृति परीक्षण जिला आयुष अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में आयुष विंग के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. जयप्रकाश चंद्राकर द्वारा किया गया। आयुर्वेद में वर्णित प्रकृति परीक्षण से व्यक्ति की शारीरिक, मानसिक संरचना और प्रकृति को समझने में मदद मिलती है। जिससे व्यक्ति के शरीर में रोगों के प्रभाव को जानने और औषधियों के चयन में आसानी होती है। व्यक्ति की प्रकृति के अनुसार ही उसके स्वास्थ्य के लिए दिनचर्या और ऋतुचर्या निर्धारित होती है। कमिश्नर दुर्ग संभाग एस.एन. राठौर ने सभी नागरिकों से स्वेच्छा से प्रकृति परीक्षण कराने की अपील की है।
बैंकिंग सेवाओं से सम्बंधित समस्याओं एवं निवारण प्रक्रिया के संबंध में दी गई जानकारी
दुर्ग । भारतीय रिजर्व बैंक के द्वारा "रिजर्व बैंक: एकीकृत लोकपाल योजना 2021" के अंतर्गत होटल अमित इंटरनेशनल पार्क सुपेला भिलाई में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में आम नागरिकों तथा ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं से सम्बंधित शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। इस कार्यशाला में उपस्थित विभिन्न बैंक अधिकारियों के द्वारा बैंकिंग सेवाओं से असंतुष्ट होने पर शिकायत की प्रणाली, शिकायत की पहले सम्बंधित बैंक शाखा अधिकारी तक पहुंचाना, यदि वहां समस्या का समाधान नहीं होता या समाधान से संतुष्ट नहीं हैं तों उसके पश्चात् बैंक लोकपाल में शिकायत करना, यदि वहां भी समस्या का समाधान नहीं होता है तों आप उसे रिजर्व बैंक के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाने से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित ग्राहकों एवं अधिकारी के बीच प्रश्न-उत्तर सत्र प्रारंभ किया गया। जिसमें ग्राहकों द्वारा अपनी समस्या से अवगत करवाया गया जिसका सम्बंधित अधिकारियों द्वारा निवारण का तरीका बताया गया। इसके साथ ही वर्तमान में होने वाले विभिन्न वित्तीय धोखाधड़ी से कैसे बचा जाना चाहिए तथा अपनी गोपनीय जानकारी जैसे-आधार, बैंक से सम्बंधित जानकारी, साथ ही मोबाईल पर आने वाले पासवर्ड को किसी के साथ साझा न करने के सम्बन्ध में लोगों को जागरूक किया गया। उक्त कार्यक्रम में जे.पी. निस्के (लोकपाल रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया), गजेन्द्र साहू (उपलोकपाल रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया), माधवनंद परिड़ा (क्षेत्रीय प्रबंधक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया), भरत कुमार चावड़ा (उप अंचल प्रमुख बैंक ऑफ बडौदा), दीपक त्रिवेदी (क्षेत्रीय प्रबंधक, एचडीएफसी बैंक), प्रभात रंजन (कलस्टर हेड, आईसीआईसीआई बैंक) उपस्थित थे।
विभिन्न कार्याें के लिए 177.93 लाख रूपए स्वीकृत
दुर्ग नगर विधानसभा
दुर्ग । कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी द्वारा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजनांतर्गत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए दुर्ग नगर विधानसभा के 12 कार्याे के लिए एक करोड़ 77 लाख 93 हजार 280 रूपए स्वीकृत किया गया है। विधायक श्री गजेन्द्र यादव द्वारा अनुशंसित उक्त कार्य का संपादन क्रियान्वयन एजेंसी आयुक्त नगर पालिका निगम दुर्ग द्वारा की जाएगी।
जिला योजना एवं सांख्यिकी कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार वार्ड 02 में कृष्ण मंदिर के पास शौचालय निर्माण कार्य के लिए 4 लाख 98 हजार 669 रूपए, वार्ड क्रमांक 18 में डॉ. अम्बेडकर वाचनालय भवन पर प्रथम तल में कक्ष निर्माण के लिए 9 लाख 99 हजार 641 रूपए, वार्ड क्रमांक 27 पोलसाय पारा पाटनकर कॉलोनी दुर्ग में अतिरिक्त सांस्कृतिक भवन निर्माण कार्य के लिए 9 लाख 99 हजार 698 रूपए, वार्ड क्रमांक 34 शिवपारा बांधा तालाब दुर्ग में सामाजिक भवन के पास अतिरिक्त कक्ष का निर्माण के लिए 15 लाख रूपए, वार्ड क्रमांक 53 मीनाक्षी नगर में के.डी.पब्लिक परमेश्वरी मंदिर के पास सामुदायिक भवन निर्माण एवं भवन का सौंदर्यीकरण शौचालय निर्माण के लिए 20 लाख रूपए, वार्ड-15 कबीर नगर करहीडीह में शीतला मंदिर के पीछे स्थित सामुदायिक भवन में शौचालय निर्माण सह सौंदर्यीकरण के कार्य के लिए 5 लाख रूपए, वार्ड-16 कर्मचारी नगर शिव मंदिर के पास स्थित सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष व शौचालय निर्माण के लिए 10 लाख रूपए, वार्ड-52 बोरसी दक्षिण में शीतला मंदिर के पास शेड निर्माण कार्य के लिए 2 लाख 99 हजार 468 रूपए, वार्ड क्रमांक-53 मीनाक्षी नगर के.डी.पब्लिक स्कूल के पास स्थित सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष व शौचालय निर्माण कार्य के लिए 12 लाख रूपए, वार्ड 59 कातुलबोड़ में शीतला तालाब शिव मंदिर के पास सामुदायिक भवन का निर्माण के लिए 9 लाख 99 हजार 641 रूपए, वार्ड 33 शिवपारा वार्ड चंडी मंदिर के पीछे नयापारा रोड बाबू तालाब के पास स्थित सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण के लिए 10 लाख रूपए, वार्ड 18 शक्ति नगर मानस वाटिका के पास डोम शेड निर्माण के लिए 15 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
बांग्लादेशियों की पुलिस ने शुरू की खोज
भिलाई । प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने गत दिवस दुर्ग में कहा था कि बहुत से बांग्लादेशियों की घुसपैठ की आशंका है, जल्द ही दुर्ग-भिलाई में इसके लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जायेगा तो भिलाई तीन पुलिस ने पांच थानों के बल के साथ हथखोज के नई बस्ती में घुस कर घर घर उनके कागजों की जांच की लेकिन कोई भी न ही उनको बांग्लादेशी मिला और ना ही कोई भी अवैध हथियार वगैरह नहीं मिल पाया है। फिर भी संदिग्ध मानकर पुलिस 21 लोगों को थाने ले आई है, और पूछताछ कर रही है।
भिलाई-3 थाना क्षेत्र के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र हथखोज की नई बस्ती में रहवासियों की पहचान के लिए आज सुबह 6:30 बजे से वेरिफि केशन प्रारंभ किया गया। जो सुबह 9:30 बजे तक जारी रहा। इस संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए भिलाई-3 थाने ले जाया गया है। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भिलाई शहर सुखनंदन राठौर, भिलाई-चरोदा निगम कमिश्नर दर्शन सिंह राजपूत, तहसीलदार एवं पांच थाने जामुल, छावनी, खुर्सीपार, भिलाई-3 एवं कुम्हारी का पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस की इस औचक कार्रवाई को कुछ दिन पहले प्रदेश के गृहमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के दुर्ग में दिए गए उस बयान से जोड़कर देखा जा रहा है जिसमें उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान करने अभियान चलाने की बात कही थी। ज्ञातव्य हो कि भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र के हथखोज वार्ड में औद्योगिक विकास निगम की खाली जमीन पर एक नई बस्ती बस गई है। इस बस्ती में रहने वाले ज्यादातर परिवार बांग्लाभाषी और धर्म विशेष से ताल्लुक रखने वाले हैं। इस वजह से गाहे-बगाहे इस बस्ती के ज्यादातर लोगों पर बांग्लादेशी घुसपैठी होने की आशंका स्थानीय नागरिक जताते रहे हैं। वैसे यह बस्ती पुरी तरह से एकाएक आबाद नहीं हुई, बल्कि धीरे-धीरे लोग बाहर से आकर यहां अवैध कब्जा कर बसने लगे।
डॉ अंबेडकर पर केंद्रित फिल्म 'रमाई की मुंबई में हुई स्क्रीनिंग
भिलाई । संविधान के जनक कहे जाने वाले डॉ भीमराव अंबेडकर के जीवन संघर्ष में उनकी पत्नी रमाई की भूमिका पर फिल्म 'रमाईÓ बन कर तैयार हो चुकी है। फिल्म में डॉ भीमराव अंबेडकर के जीवन के अनसुने पहलुओं को दिखाया गया है। फिल्म की पहली स्क्रीनिंग मुंबई के क्यू लैब में रखी गई। इस फिल्म को देखने के बाद मौजूद लोग भावुक हो गए। फिल्म 'रमाईÓ के जरिए इस्पात नगरी भिलाई निवासी प्रेरणा धाबर्डे और सेवाभावी चिकित्सक डॉ उदय कुमार पहली बार बड़े पर्दे पर कदम रख रहे हैं।
प्रेरणा धाबर्डे ने फिल्म में रमाई की केंद्रीय भूमिका निभाई है तो वहीं, डॉ उदय कुमार ने डॉ भीमराव अंबेडकर की भूमिका निभाई है। फिल्म में छत्रपति शाहू महाराज की भूमिका निभा रहे दिग्गज अभिनेता रजा मुराद, प्रेरणा और उदय के एक्टिंग से काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि प्रेरणा और उदय ने फिल्म में एक्टिंग नहीं की है, बल्कि किरदार को जिया है। फिल्म के निर्माता कृष्णा चौहान और डायरेक्टर कबीर दा की तारीफ करते हुए रजा मुराद ने कहा- उन्होंने बहुत ही खूबसूरत फिल्म बनाई है। इस फिल्म के जरिए दर्शकों को डॉ भीमराव अंबेडकर के जीवन के अनसुने पहलुओं को जानने का मौका मिलेगा और यह फिल्म लोगों को प्रेरित करेगी।
फिल्म में प्रेरणा धाबर्डे, डॉ उदय कुमार, रजा मुराद, ओमकार दास मानिकपुरी (नत्था),अशोक देवल, संजय बनसोडे और कैनल मुनेश्वर की मुख्य भूमिकाएं हैं। लंदन में बाबा साहेब के सहयोगी मित्र फेनी फिजरोल्ड की भूमिका प्रतिमा मिश्रा ने निभाई है। प्रेरणा फिल्म्स यूनिवर्सल के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता कृष्णा चौहान, सह-निर्माता प्रेरणा धाबर्डे हैं। इस फिल्म को कबीर दा ने डायरेक्ट किया है। फिल्म के कैमरामैन सुमित सन, आर्ट डायरेक्ट प्रवीण वासनिक, साउंड रिकॉर्डिस्ट बाबू ख़मीसा, एडिटर अलमास खान, म्यूजिक डायरेक्टर दिनेश अर्जुना और फिल्म के पीआरओ संजय भूषण पटियाला हैं। फिल्म का बैक ग्राउंड म्यूजिक राजेश बिष्ट ने तैयार किया है। फिल्म के गाने बॉलीवुड सिंगर वैशाली माडे और सुहासिनी भेलौंडे ने की आवाज में रिकॉर्ड किए गए हैं।
सड़क हादसे में दो भाइयों की हुई मौत
दुर्ग । सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। दोनों मृतक भाई थे, जो दशगात्र कार्यक्रम से वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान नंदिनी एरोड्रम के पास मोपेड खड़े ट्रक से जा टकराया। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजे हैं।
बीती रात एक मोपेड पर सवार होकर दोनों भाई धासीदास नगर भिलाई से दशगात्र कार्यक्रम से वापस धमधा का रहे थे। इसी दौरान नंदिनी एरोड्रम के पास पास सड़क में आरकेएस कंपनी का ट्रकखड़ा हुआ था, जिसमें मोपेड पीछे जा घुसा, उस पर सवार सवार दोनों भाइयों के सिर पर गंभीर चोट आई, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना कर नंदिनी पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे की जानकारी परिजनों को दी गई। मृतकों की पहचान उदयभान चक्रधारी और सतानंद चक्रधारी के रूप में हुई है।
दुर्ग नगर निगम द्वारा गंदगी फैलाने वालों पर कसा गया शिकंजा
दुर्ग । स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए निगम कमिश्नर सुमित अग्रवाल द्वारा वार्ड क्रमांक 8 तकिया पारा में निरीक्षण के दौरान चाय दुकानदार द्वारा नाली व सड़क पर गंदगी फ़ैलाने के कारण 500-500 जुर्माने की कार्रवाही की गई। साथ ही वार्ड क्रमांक 7 लुचकी तालाब किनारे कचरा फैलाने पर उन पर भी जुर्माना की कार्रवाही की गई। कार्रवाही के मौके पर स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र मिश्रा, सफाई दरोगा सुरेश भारती, परम सहित टीम मौजूद थे। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को लेकर अभियान चला रहा है।
शुक्रवार को निगम अमले ने शहर के विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए गंदगी फैलाने वाले 04 दुकानदारों का चालान काटकर जुर्माना लगाया। कमिश्नर सुमित अग्रवाल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के वार्ड क्रमांक 7 व 8 सहित अन्य क्षेत्रों में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। गंदगी फैलाने वाले पांच दुकानदारों पर जुर्माना लगाया। इस दौरान दुकानदारों को नियमित रूप से साफ-सफाई रखने और गीला-सूखा कचरा अलग-अलग डालने समझाइश डी गई।
स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र मिश्रा ने बताया कि गंदगी फैलाने पर शहर में मार्केट क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर लगातार चालान की कार्रवाई शुरू की गई है। विभाग को निर्देशित किया गया कि गंदगी फैलाने वालों के अलावा सड़क पर निर्माण सामग्री रखने वालों पर भी जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाए।गौरतलब है कि सफाई को लेकर दुर्ग निगम कमिश्नर सुमित अग्रवाल द्वारा मार्निंग विजिट के दौरान शहर के अलग-अलग वार्डों का निरीक्षण कर सफाई संबंध में निर्देश दिया जा रहा है।
डेयरी व पशुपालकों की निगम अधिकारियों ने ली बैठक
दुर्ग । नगर निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत कमिश्नर सुमित अग्रवाल के निर्देश पर अभियान शुरू किया जाएगा। संचालित डेयरी व पशुपालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डेयरी व्यवसाय संचालित ओर पशुपालन के संबंध में व्यापक रूप से चर्चा की गई। बैठक में भवन अधिकारी गिरीश दीवान,स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र मिश्रा,अतिक्रमण अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, बाजार अधिकारी थानसिंह यादव,सहाश राजस्व निरीक्षक शशिकांत यादव मौजूद रहें। डेयरी संचालकों पर नगर निगम ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
निगम ने बड़ा फैसला लेते हुए निर्देश जारी किए एवं कहा कि नालियों में गोबर बहाया तो डेयरी संचालकों से जुर्माना वसूला जाएगा। बैठक में अधिकारियों ने निर्देश देते हुए कहा कि पशुपालन पालको एवं डेयरी संचालकों को आवश्यक सुझाव दिया गया जिसके अंतर्गत पशुओं को खुले में छोडऩे से होने वाली गंम्भीर दुर्घटना के सबन्ध एवं अन्य बातों को ध्यान में रखने की हिदायत दी गई। पशुपालक पशुओं को खुले में न छोड़े, खुले में छोडऩे से दुर्घटना में पशु व वाहन चालकों को दुर्घटना का शिकार होना पड़ता है।इसके कारण सड़क, बाजार व सार्वजनिक स्थलों में आवागमन बाधित भी होता है।उन्होंने कहा कि इसके लिए चरवाहा आदि की व्यवस्था रखें।
खुले में रहने से सड़कों में गोबर से गंदगी आदि फैलती है। इसके लिए गोबर उठाने की व्यवस्था भी करें साथ कहा गया कि पशुओं के गले मे रेडियम पट्टी लगवाए। पट्टी में पशु मालिक का मोबइल नंबर लिखे।जिससे पता चल सकेगा की पशु का मालिक कौन है।पशुओं का बीमा व टेगिंग जरूर करवाये,खुले में पाये जाने व उक्त बातों एवं सुझावों को अमल नहीं करने पर कार्रवाही कर जुर्माना और कानूनी कार्रवाही की जाएगी। बैठक में पशु क्रुरता नियम की जानकारी भी दी गई।
निगम की टीम ने कुरूद में हो रहे अवैध अतिक्रमण पर चलाया बेदखली अभियान
भिलाई । नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र के जोन क्रमांक 02 वैशालीनगर अंतर्गत ग्राम कुरूद शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा की शिकायत प्राप्त हुई थी। निगम आयुक्त द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पर रोक लगाने के निर्देश दिये थे, कि भिलाई शहर में कहीं भी अवैघ कब्जा न हो। निर्देश के बाद जोन 2 के राजस्व अमले ने कुरूद में शासकीय भूमि पर हुए अवैध कब्जे को बेदखल किया। निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने बुधवार को समीक्षा बैठक में निर्देश दिए थे। कि निगम क्षेत्र में होने वाले अवैध कब्जे की मानिटरिंग कर रिक्त करवाएं।
जिसके परिपालन में जोन आयुक्त येशा लहरे के निर्देश पर जोन 2 का राजस्व अमला ने बेदखल किया। जोन के सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे ने बताया कि कुरूद वार्ड 21 में मानसरोवर मंदिर के सामने मैदान में रहवासियो द्वारा वृक्षारोपण के नाम पर शासकीय भूमि में तार धेरा कर अवैध कब्जा किया गया था, जिसे जे.सी.बी. के माध्यम से हटाया गया और भूमि को समतल किया गया। बेदखली कार्यवाही के दौरान पुषण देशमुख, अरूण सिह, हरि ताम्रकार, गुप्ता नंद तिवारी, कृष्ण कुमार सुपैत, मदन मोहन तिवारी, प्रतिक तिवारी, जागेश्वर पटेल, तोडफोड दस्ता के प्रभारी अंजनी सिंह, कन्हैया यादव, मंगल कुरे, आदि उपस्थित थे।
मचान्दुर जनसमस्या निवारण शिविर में 177 आवेदनों का निराकरण
विभिन्न विभागों की योजनाओं से 42 हितग्राही लाभान्वित
दुर्ग । जिले के विकासखण्ड दुर्ग अंतर्गत ग्राम मचान्दुर में आज जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। ग्रामीण जनता की समस्याओं को सुनने-समझने और मौके पर निराकरण के लिए कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के मार्गदर्शन में इस शिविर में सभी विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे। क्षेत्रीय विधायक ललित चन्द्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शिविर में सम्मिलित हुए। उन्होंने सभी विभागों के स्टॉलों में जाकर ग्रामीणों की समस्या संबंधी आवेदनों की जानकारी ली और अधिकारियों को निराकरण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। शिविर में विभिन्न विभागों को 218 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें 177 आवेदन का मौके पर निराकरण किया गया। लंबित 41 आवेदन के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 42 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में शिक्षा, कृषि, आदिम जाति कल्याण, क्रेडा, श्रम, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, राजस्व, सहकारिता, पशुधन विकास, वन, मत्स्य पालन तथा पंचायत एवं ग्रामीण विभाग की अधिकारियों ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 05 नव वधुओं की गोदभराई और 05 नवनिहालों का अन्न प्रासन्न रश्म अदायगी की गई। विधायक श्री चन्द्राकर ने अपने करकमलों से नव वधुओं को सुपोषण, आहार का पैकेट और नवनिहालों को खीर से मुंह मीठा करायें। शासन की महत्वकांक्षी योजना महतारी वंदन से लाभान्वित 05 हितग्राही महिलाओं को शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार जल जीवन मिशन अंतर्गत 50 बच्चों को पानी बॉटल वितरण किया गया। शिविर के संबंध में विचार व्यक्त करते हुए मुख्य अतिथि विधायक श्री चन्द्राकर ने कहा कि जिला के सभी विभाग के प्रमुख अधिकारी शिविर में पहुंचे हैं, आम जनता अधिकारियों से रू-ब-रू चर्चा कर अपनी समस्या संबंधी आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। सरकार की योजनाओं से जनता को लाभान्वित करने ऐसे शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता जनार्दन है और जनता की सेवा करना सरकार का दायित्व है। सरकार अपनी दायित्व विभागीय अधिकारियों के माध्यम से निर्वहन कर रहा है। सरकार समाज के सभी वर्गों के हित में काम कर रही है। ऐसे में जनता की समस्याओं का तत्परतापूर्वक समय पर निराकरण किया जाए। विधायक श्री चन्द्राकर ने कहा कि सरकार पारदर्शिता के साथ काम कर रही है, ऐसे में अधिकारियों में पारदर्शिता झलकनी चाहिए।
कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए शिविर में निराकृत आवेदनों एवं लंबित आवेदनों की जानकारी दी। साथ ही जनता को भरोसा दिलाया कि लंबित आवेदन भी नियमानुसार समयावधि में निराकृत कर लिया जाएगा। उन्होंने स्वच्छता अभियान पर जोर देते हुए ग्रामीणों सेेे गांव को स्वच्छ बनाने का आव्हान किया। कलेक्टर ने बच्चों के सुपोषण पर जोर देते हुए उनके आहार पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही माताओं को भी अपनी पोषण आहार पर विशेष ध्यान रखने कहा। कलेक्टर ने किसान भाईयों को अवगत कराया कि आज से संग्रहण केन्द्र खुल गये हैं। अब तेजी से उपार्जन केन्द्रों से धान का उठाव होगा। धान बेचने किसानों को परेशानियां नहीं होगी।
शिविर में ग्राम मचान्दुर के 05 हितग्राही क्रमशः सुशीला बाई, कांति बाई, बिरझा बाई यादव, लीला बाई और लक्ष्मी बाई को प्रधानमत्री आवास योजना अंतर्गत स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा शुभम कोठारी ग्राम मचान्दुर को बैटरी चलित ट्रायसिकल एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र, सुनील कुमार जोशी ग्राम जंजगिरी को हस्तचलित ट्रायसिकल एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र, नकूल राम ग्राम पाहंदा को व्हील चेयर एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र, मत्स्य विभाग द्वारा ग्राम मचान्दुर के पुनउ राम को जॉल एवं आईस बाक्स और ओमप्रकाश ढीमर को फिश माउंट दिया गया। ग्राम मचान्दुर के छरयारिन बाई, बिटावन बाई, हितेश्वरी बाई, कौशिल्या बाई को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) में घर-घर कचरा कलेक्शन कार्य हेतु सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मचान्दुर के श्रीमती धर्मिन बाई साहू, गणेश राम, रामाधार, प्यारी बाई को 70 प्लस आयुष्मान वय वंदना कार्ड दिया गया। कृषि विभाग द्वारा ग्राम खोपली के रामकुमार ठाकुर, दिनेश वर्मा, लूमचंद काकरे, दीनबंधु कांकरे, वासुदेव वर्मा, नेतराम साहू, लोमन भारती, जितेन्द्र वर्मा और ग्राम पाउवारा के धर्मेन्द्र भारती, रमेश कुमार निषाद, दुज राम बंजारे, डेरहा राम साहू एवं पूरबल साहू को स्वाइल हेल्थ कार्ड तथा ग्राम मचान्दुर के विष्णु, अरूण, वेदनारायण, छन्नू लाल, मोहन, ग्राम खोपली के लोमन भारती योगेन्द्र, ग्राम घुघसीडीह के कमल नारायण, क्षमा चन्द्राकर, ग्राम पाउवारा के दुजराम बंजारे एवं ग्राम बोरीगारका के रामकुमार साहू को मसुर मिनीकीट प्रदान किया गया।
शिविर में जनपद अध्यक्ष देवेन्द्र देशमुख, जिला पंचायत एवं जनपद सदस्य, सरपंच दिलीप साहू एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधि, जिला पंचायत के सीईओ बी.के. दुबे, एसडीएम एच.एस. मिरी, जनपद सीईओ रूपेश पाण्डेय सहित समस्त विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी/कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
राज्य वीरता पुरस्कार के आवेदन 2 जनवरी तक
दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेश के बच्चों को किसी घटना विशेष में उनके द्वारा प्रदर्शित अदम्य साहस, एवं बुद्धिमता के लिए राज्य वीरता पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इसके तहत 05 बालक / बालिकाओं को 25 (पच्चीस) हजार रूपये की राशि तथा प्रशस्ति पत्र पुरस्कार के रूप में प्रदान किया जाता है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार उक्त पुरस्कार हेतु आवेदन पत्र कार्यालय को 02 जनवरी 2025 तक सीलबंद लिफाफे में राज्य वीरता पुरस्कार वर्ष 2024 अंकित कर जमा करना होगा। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा। पुरस्कार के संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए जिले की वेबसाईट www.durg.gov.in का अवलोकन किया जा सकता है।
सचिव एस बसवराजू ने वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से ली बैठक
दुर्ग । राज्य शासन के नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव एस बसवराजू द्वारा आज वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से नगरीय निकायों के चुनाव कार्याें में वार्डाे के आरक्षण के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी, अपर कलेक्टर मुकेश रावटे, नगर निगम आयुक्त, नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से एनआईसी कक्ष दुर्ग से जुड़े। दुर्ग जिला कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी को नगर पालिक निगम/नगर पालिका परिषद/नगर पंचायतों के वार्डाें के आरक्षण की कार्यवाही हेतु विहित प्राधिकारी नियुक्त किया गया है। जिन निकायों में अभी निर्वाचन किया जाना है, केवल उन्हीं निकायों में वार्ड आरक्षण की कार्यवाही की जाएगी।
भविष्य तय करती है विद्यार्थी जीवन में की गई मेहनत: चिरंजीव जैन
भिलाई । छात्र व पालकों के परामर्शदाता चिरंजीवी जैन ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुगदा में कक्षा 10वीं, 11वीं व 12वीं के छात्र/छात्राओं के लिए करियर काउंसलिंग का एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें उन्होने छात्र/छात्राओं को अपनी क्षमता व रुचि के अनुरूप करियर चयन के लिए मार्ग दर्शन दिये। उन्होने छात्र/छात्राओं को यह बताया कि 16 से 25 वर्ष की उम्र विद्यार्थियों के जीवन में विशेष स्थान रखती है और इस उम्र में की गई मेहनत ही भविष्य के जीवन के मार्ग को प्रशस्त करती है। इस कार्यक्रम में कुछ प्रेरणादायी वीडियो का भी प्रदर्शन किया गया। इन वीडियो में यह दिखाया गया कि अपनी दृढ़ शक्ति से समाज के निम्न तबके के परिवार के बच्चे भी आई.ए.एस., आई.पी.एस. या डॉक्टर बनकर अपने साथ-साथ अपने परिवार व देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
इस कार्यक्रम में छात्र/छात्राओं के द्वारा करियर सम्बन्धी और आगामी परीक्षओं से सम्बन्धित पूछे गये प्रश्नों का भी श्री जैन ने बहुत ही सुन्दर ढंग से उत्तर दिया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के संस्था प्रमुख सोमेन कुंडू ने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत कर अपने और अपने परिवार के साथ-साथ समाज व देश का नाम रोशन करने के लिए कड़ी मेहनत करने प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में संकुल समन्वयक कौशलेन्द्र भारद्वाज तथा विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता संजीव कुमार देवांगन व अन्य व्याख्याता गणों ने भी उपस्थित रहकर अपना सहयोग दिया।
भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा अंतर विभागीय टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन
भिलाई । भिलाई इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग द्वारा अंतर विभागीय टेनिस प्रतियोगिता पुरुष-2024 का आयोजन 19 से 21 दिसंबर तक टेनिस कॉम्पलेक्स, सिविक सेंटर में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र के सभी नियमित कर्मचारी भाग ले सकते हैं।
विगत तीन वर्षों में सीनियर नेशनल टेनिस प्रतियोगिता में भिलाई इस्पात संयंत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले और राष्ट्रीय वरियता प्राप्त खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रविष्ठि जमा करने की अंतिम तिथि 17 दिसंबर 2024 निर्धारित की गई है।
अत: प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक कर्मचारी अपनी प्रविष्ठि अपने विभाग प्रमुख के माध्यम से क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग के कार्यालय, बोकारो हॉस्टल, सेक्टर-4 में कार्यालयीन समय के दौरान अंतिम तिथि से पूर्व भेजें। प्रतियोगिता से संबंधित अन्य जानकारी हेतु राजेश पाटिल मोबाइल नंबर: 940798-58673 और बी एल मौर्य से मोबाइल नंबर: 97707-17191 से संपर्क करें।
कलेक्टर ने सर्विस लेन से अतिक्रमण हटाने अधिकारी को दिए निर्देश
दुर्ग । कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने सहित सड़क दुर्घटनाओं को रोकने प्रभावी उपाय करने को कहा। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एन.एच.ए.आई.) को झरोखा बोगदा पुलिया से डी-मार्ट एवं आरोग्यम हॉस्पिटल से झरोखा बोगदा पुलिया तक मुख्य सड़क मार्ग के दोनों ओर सर्विस रोड निर्माण हेतु आवश्यक कार्यवाही करने को कहा, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे डी-मार्ट, मारूति शोरूम, झरोखा मैरिज पैलेस, हेरीटेज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल जैसे अन्य व्यवसायिक संस्थाओं में आवागमन के दौरान आम नागरिकों को सुविधा होगी।
उन्होंने नगर निगम अधिकारी को नेहरू नगर चौक से कुम्हारी टोल प्लाजा तक राष्ट्रीय राजमार्ग-53 के दोनों ओर निर्मित सर्विस लेन में अतिक्रमण को हटाने के साथ समतल करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार बोरसी चौक के पास स्थित पुलिया को तोड़कर सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के निर्देश दिए। बिजली विभाग को महाराजा एवं मिनीमाता चौक के मध्य स्थित बिजली खम्भा को अन्य जगह स्थानांतरित करने को कहा। भारत सरकार सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा टक्कर मार भागना मोटरयान दुर्घटना प्रतिकर स्कीम 2022 लागू की गई है। कलेक्टर ने जिले में घटित हिट एंड रन सड़क दुर्घटना के प्रकरण में पीडि़त गंभीर घायल/मृतक के कानूनी प्रतिनिधि को मुआवजा राशि हेतु/दावा निपटान प्रक्रियाओं में तेजी लाने निर्देश दिए।
भवन अनुज्ञा प्रदान करते समय पार्किंग व्यवस्था भी सुनिश्चत करने को कहा। राजेन्द्र पार्क चौक से ग्रीन चौक तक पतला डिवाईडर लगाने को कहा। उन्होंने आमजनों की जान-मान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने पर बल दिया। सड़क दुर्घटना रोकने के लिए व्यापक प्रयास करने बल दिया। कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग व अन्य सड़कों पर चिन्हांकित ब्लैक स्पॉट्स पर सुधारात्मक कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले की सड़कों में यातायात सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए विभिन्न सुझावों पर विचार विमर्श कर कई महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। कलेक्टर ने जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में यातायात जागरूकता बढ़ाने तथा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने दुर्घटना से बचने के लिए दो पहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट लगाने व कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ऋचा मिश्रा ने बताया कि सड़कों पर ब्लैक एवं ग्रे स्पॉट्स को चिन्हांकित कर दुर्घटनाओं को कम करने कोशिश लगातार जारी है। जिले के संभावित दुर्घटना क्षेत्रों को चिन्हांकित कर सड़क सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक इंतजाम किया जा रहा है, जिससे दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
उन्होंने सड़क दुर्घटना पर रोक लगाने हेतु राष्ट्रीय राजमार्गो को सहायक सड़कों से जोडऩे वाले पॉइंट पर गति अवरोधक रम्बल्ड स्ट्रिप बनाने को कहा। इस हेतु राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को चिन्हांकित स्थानों में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए कहा। बैठक में अपर कलेक्टर लता उर्वशा, आरटीओ एस.एल.लकड़ा, सुभाष बंजारे, डीएसपी विंदराज, बीएसपी सरोज झा व कमरूद्दीन, कार्यपालन अभियंता, नगर निगम, एन.एच.ए.आई सहित लोक निर्माण विभाग विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।