छत्तीसगढ़ / जशपुर
ड्यूटी में लापरवाही, 5 पुलिस कर्मी सस्पेंड
जशपुर । पुलिस वाहन से आरोपी के फरार होने के मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले प्रधान आरक्षक समेत 5 पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही एसएसपी ने इनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी रितेश को दो जून को कुनकुरी न्यायलय में पेश किया गया था, लौटने के दौरान पुलिस वाहन में 6 अन्य आरोपी भी मौजूद थे। सतर्कता में चूक होने का फायदा उठाकर आरोपी चलती वाहन से हथकड़ी खोलकर फरार हो गया, इसकी जानकारी लगते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
इस घटना के बाद एसएसपी शशि मोहन सिंह ने ड्यूटी में गंभीर लापरवाही बरतने वाले 5 पुलिस कर्मियों को प्रधान आरक्षक सुनसाय एक्का, आरक्षक लव कुश पैंकरा, जनक साय, डायमंड तिग्गा, पुतूरु राम को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड करते हुए सभी को रक्षित केन्द्र जशपुर भेज दिया है। इस दौरान उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
एसएसपी ने पांचों सस्पेंड पुलिस कर्मियों के खिलाफ प्रथामिक जांच की जिम्मेदारी एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा को सौंपा है।
जशपुर में सर्च अभियान: 49 संदिग्धों की जांच, 3 मकान मालिकों पर कार्रवाई
जशपुर । जशपुर जिले में अपराध की रोकथाम और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस ने विशेष सर्च अभियान चलाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में संदिग्ध किरायेदारों और अवैध रूप से रह रहे बाहरी व्यक्तियों की पहचान और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
49 बाहरी लोगों की पहचान, दस्तावेजों की जांच शुरू
शनिवार को पुलिस ने पत्थलगांव टाउन, महादेव टिकरा, बिलाई टांगर, और शिशु मंदिर के पीछे की बस्ती में दबिश देकर 49 बाहरी व्यक्तियों की पहचान की और उनके आधार कार्ड, राशन कार्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की। इनमें से अधिकतर लोग पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश से आकर ठेका मजदूरी और फेरी का काम कर रहे थे। पुलिस ने सभी व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लेकर डेटाबेस तैयार किया है और दस्तावेजों की सत्यता की जांच जारी है।
फर्जी दस्तावेजों पर निवास, मकान मालिकों पर सख्ती
पुलिस ने चेतावनी दी है कि कई बाहरी व्यक्ति फर्जी दस्तावेजों के सहारे किराए के मकानों में रह रहे हैं, जो कानून व्यवस्था के लिए खतरा बन सकते हैं।
पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हर मकान मालिक नए किरायेदार की जानकारी थाने में फॉर्म के माध्यम से जमा करे, ताकि सत्यापन हो सके।
तीन मकान मालिकों पर की गई कानूनी कार्रवाई
किरायेदारों की जानकारी थाने में नहीं देने पर पुलिस ने तीन मकान मालिकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है:
हरि पटेल, उम्र 45, निवासी महादेव टिकरा
शौकत मौलाना, उम्र 50, निवासी बिलाई टांगर
कुमार मिस्त्री, उम्र 50, निवासी शिशु मंदिर के पीछे
प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा: "मकान मालिकों को सख्त हिदायत दी जाती है कि बिना किरायेदार की पुलिस में सूचना दिए अगर कोई व्यक्ति अपराध में लिप्त पाया गया, तो मकान मालिक पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
जशपुर पुलिस का यह अभियान कानून व्यवस्था को बनाए रखने की दिशा में एक ठोस कदम है। प्रशासन की अपील है कि सभी मकान मालिक सतर्क रहें और समय पर किरायेदारों की सूचना संबंधित थाने में दर्ज कराएं, ताकि जिले को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाया जा सके।
पत्थलगांव नगर पंचायत की सीमाएं ही नगर पालिका की सीमा होंगी
जशपुरनगर । पत्थलगांव को नगर पंचायत से नगर पालिका में सम्मिलित करने हेतु छत्तीसगढ़ राजपत्र प्रकाशित किया गया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल द्वारा दिनांक 1 मई 2025 को अधिसूचना जारी किया गया है। जिसमें अंतर्गत् छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 5 में प्रदत्त शक्तियों को प्रयोग में लाते हुए, राज्य शासन एतद्द्वारा पत्थलगांव क्षेत्र को नगर पालिका गठित किया है। नगर पालिका पत्थलगांव की सीमा में नगर पंचायत पत्थलगांव का क्षेत्र सम्मिलित किए जाएंगे। नगर पंचायत पत्थलगांव की सीमाएं ही नगर पालिका पत्थलगांव की सीमा होंगी। वर्ष 2011 के अनुसार इसकी जनसंख्या 16613 है।
प्लेसमेंट कैंप का आयोजन 29 मई को
जशपुरनगर। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र जशपुर के द्वारा 29 मई 2025 को प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें एलआईसी कुनकुरी से पुरुष एवं महिला करियर एजेंट की रिक्तियॉ प्राप्त हुई है। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि 29 मई 2025 को प्रातः 11.00 बजे से आवेदक समस्त मूल प्रमाण-पत्रों एवं पासपोर्ट साईज फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र जशपुर में उपस्थित होकर प्लेसमेंट कैम्प में भाग ले सकते है।
जिले के चिन्हांकित 417 ग्राम पंचायतों में योजना का किया जा रहा बेहतर क्रियान्वयन
जशपुरनगर। भारत सरकार प्रधानमंत्री जनजाति उन्नत ग्राम अभियान के अंतर्गत जशपुर जिले के आठों विकासखंडों के चिन्हांकित 417 ग्राम पंचायतों में महत्वाकांक्षी योजना धरती आबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 25 प्रकार की योजनाओं का लाभ लोगों को दिया जा रहा है और योजना का बेहतर क्रियान्वयन किया जा रहा है। कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि जशपुर जिला आदिवासी बाहुल्य जिला है। यहां विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों को केन्द्र और राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। इसके साथ ही अभियान के तहत आधार कार्ड, सभी का आयुष्मान कार्ड, पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र, दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल यूनिट, सिकल सेल जांच, आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण और छात्रावास-आश्रम का निर्माण किया जा रहा है।
ग्रामीण सचिवालय में पटवारियों को उपस्थित रहने की सख्त हिदायत
जशपुरनगर। कलेक्टर रोहित व्यास ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक लेकर नामांतरण,डायवर्सन, सीमांकन, खाता विभाजन, राजस्व के लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा किए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू, सभी एसडीएम उपस्थित थे तहसीलदार और नायब तहसीलदार आनलाइन से बैठक में सीधे जुड़े थे। कलेक्टर ने सीमांकन के आवेदन का गंभीरता से निराकरण करने के लिए कहा अनावश्यक प्रकरणों को लंबित नहीं रखने की सख्त हिदायत दी गई है।
उन्होंने आधार प्रविष्टियां, नक्शा अपडेट, वन अधिकार पत्र के प्रकरणों को विशेष ध्यान देकर निराकरण करने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए हैं। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को भू अर्जन के प्रकरणों की भी जानकारी ली और निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। आवेदन का परीक्षण करने के भी निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने सभी पटवारियों को ग्रामीण सचिवालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।ताकि ग्रामीणों के आय, जाति,निवास, और राजस्व संबंधी आवेदन का निराकरण वहीं पर किया जा सके । उन्होंने कहा कि किसी भी गांव से पटवारी के अनुपस्थित रहने की शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने समीक्षा के दौरान शासकीय विभागों को कार्यालय बनाने के लिए आवंटित भूमि की स्थिति की भी जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तिरंगा यात्रा निकालकर ऑपरेशन सिंदूर और देश के रक्षा में लगे सैनिक का किया गया सम्मान
समाधान शिविर ग्राम पंचायत बटाइकेला में योगा, बॉलीबॉल और रस्साकसी प्रतियोगिता का भी हुआ आयोजन
जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य में आम जनता की शिकायतों एवं मांगों के त्वरित समाधान के लिए सुशासन तिहार का आयोजन पूरे उत्साह के साथ जारी है। तीसरे चरण में गांवों और कस्बों में शासन-प्रशासन पूरी तत्परता साथ आमजन की बाते सुन रहा है और उनका समाधान कर रहा है।
इसी तारतम्य में जिले के सभी विकासखंड में 17 मई को तिरंगा यात्रा निकाली गई और ऑपरेशन सिंदूर और देश के रक्षा में लगे सैनिकों का सम्मान किया गया। जशपुर जिले के सभी विकास खंडों में सुशासन तिहार के तीसरे चरण में समाधान शिविर का आयोजन जारी है। जहां लोगों को शासकीय योजनाओं की जमीनी हकीकत, प्रशासन से सीधा संवाद हो रहा है। समाधान शिविरों में प्रशासन के सभी अमले पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुनकर उसका मौके पर निराकरण करवा रहे हैं।
यह जनता-जनार्दन के प्रति छत्तीसगढ़ सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
समाधान शिविर आयोजन की कड़ी में आज नगरीय क्षेत्र जशपुर के जयस्तम्भ चौक, नगर पंचायत बगीचा, ग्राम पंचायत सोनक्यारी, विकास खण्ड के ग्राम पंचायत सुलेसा में ग्राम जन एवं अन्य जनप्रतिनिध अधिकारी कर्मचारी द्वारा झंडा रैली निकाल कर ऑपरेशन सिंदूर और देश के रक्षा मे लगे सैनिक समान किया गया।
इसी प्रकार सुशासन तिहार समाधान शिविर ग्राम पंचायत बटाइकेला ओर कांसाबेल में शासकीय अधिकारी कर्मचारी और ग्रामीण द्वारा योग अभ्यास किया गया। साथ ही वॉलीबॉल और रस्साकशी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
देशभक्ति गीत के साथ सभी ग्राम पंचायतों में निकाली गई तिरंगा यात्रा
जशपुरनगर । ऑपरेशन सिंदूर अभियान के अंतर्गत देशभक्ति से ओत-प्रोत तिरंगा यात्रा का आयोजन शनिवार को जिल के सभी विकास खंड के ग्राम पंचायतों जनप्रतिनिधिगण, पंचायत एवं नगरीय निकायों के प्रतिनिधि, अधिकारी, आम नागरिक, बच्चे एवं जवान बड़ी संख्या में तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
लोगों ने हाथ में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारों से संपूर्ण वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।
“यह यात्रा न केवल तिरंगे के प्रति सम्मान है, बल्कि यह हमारे शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि भी है। यह अभियान देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को सशक्त बनाने का प्रतीक है।”ऑपरेशन सिंदूर’ के अंतर्गत पूरे जिले में एक साथ तिरंगा यात्रा आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना का संचार करना, जनसहभागिता के माध्यम से राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है।
नदी तालाबों की साफ-सफाई करके किया जा रहा संरक्षित
ग्रामवासी और जनप्रतिनिधिगण अभियान में शामिल होकर बन रहे सहभागी
जशपुरनगर। जिले में जल संरक्षण संवर्धन के लिए बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं। सरकारी भवनों में रैन हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाया जा रहा है।
जल एवं भूमि संरक्षण संवर्धन के लिए कलेक्टर रोहित व्यास और जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा चलाई जा रही जल जागृति जशपुर अभियान के तहत जशपुर जिले में सुशासन शिविर से पहले श्रमदान योग अभ्यास किया जा रहा है।इसके साथ ही ग्राम पंचायत में जल संरक्षण संवर्धन के लिए विशेष अभियान चलाकर जल को संग्रहित करने का भी सार्थक प्रयास किया जा रहा है।
उक्त कार्यक्रम मे सरपंच पंच, उपसरपंच, आँगनबड़ी कार्यकर्ता सहायिका, समूह की दीदियों एवं ग्रामवासियों की सहायता से श्रमदान से जल स्रोत के अंदर, झाड़ियों एवं मेड़ों की साफ सफाई की जा रही है।
संघर्ष से सफलता तक सरिता बाई ने मिट्टी के ईंट बनाकर लिखी अपनी सफलता की कहानी
जशपुरनगर। गाँव की पगडंडियों पर नंगे पाँव चलने वाली श्रीमती सरिता बाई नगेशिया का जीवन कभी आसान नहीं था। कभी मजदूरी कर दो वक्त की रोटी जुटाने वाली यह महिला आज न सिर्फ़ आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि अपने पूरे परिवार की तक़दीर बदलने में सफल हुई हैं।
मनोरा विकासखंड के ग्राम पंचायत चेड़िया की रहने वाली सरिता बाई की जिंदगी भी आम ग्रामीण महिलाओं की तरह कठिनाइयों से भरी थी। रोज़ सुबह मजदूरी पर जाना, मुश्किल से घर का गुज़ारा चलाना और बच्चों की पढ़ाई का सपना अधूरा रह जाना, यह उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा था। उनके पास न कोई स्थायी आमदनी थी, न संसाधन और न ही कोई ठोस योजना, जिससे वे अपने परिवार को बेहतर भविष्य दे पातीं। लेकिन उनकी यह परिस्थिति हमेशा ऐसी नहीं रही। सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर उन्होंने अपने जीवन की दिशा ही बदल दी।
बदलाव तब आया जब उन्होंने सीताराम महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ने का फैसला किया। यह निर्णय उनकी ज़िंदगी का सबसे अहम मोड़ साबित हुआ। समूह से जुड़ने के बाद उन्हें न सिर्फ़ आर्थिक सहायता मिली, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ा। उन्होंने अपने भीतर छिपी काबिलियत को पहचाना और कुछ नया करने की ठानी। उन्होंने सीआईएफ से लोन लेकर ईंट बनाने का काम शुरू किया। शुरुआती दिनों में कठिनाइयाँ आईं, लेकिन उन्हों उन्होंने हार नहीं मानी। धीरे-धीरे मेहनत कर उन्होंने अपने व्यवसाय को बढ़ाया और फिर प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 1 लाख रुपये का लोन लिया, जिससे उनके ईंट निर्माण कार्य को और मजबूती मिली। आज, तीन सालों से वे लगातार इस काम को कर रही हैं और सालाना दो लाख रुपये से अधिक की कमाई कर रही हैं।
सरिता बाई पहले जहां उनके पास साइकिल तक नहीं थी, आज उनकी मेहनत और आत्मनिर्भरता ने उन्हें इतना सक्षम बना दिया कि उन्होंने अपने लिए स्कूटी और अपने पति के लिए बाइक खरीद ली। सरिता बाई अब अपने खेत में भी खेती कर रही हैं, जिससे उनकी अतिरिक्त आमदनी हो रही है।
सरिता बाई कहती है
“पहले मैं दिन-भर मजदूरी करती थी, लेकिन अब मैं अपनी मेहनत से खुद का व्यवसाय चला रही हूँ। महिला समूह से जुड़ने के बाद मेरी ज़िंदगी पूरी तरह बदल गई। आज मैं आत्मनिर्भर हूँ, अपने फैसले खुद ले सकती हूँ। यह बदलाव मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।”
नागरिकों को जनमन पत्रिका का किया गया वितरण
पत्रिका के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की दी जा रही है जानकारी
जशपुरनगर । मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय बगिया में विगत दिवस जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित जनमन पत्रिका का निः शुल्क वितरण किया गया। जनमन पत्रिका पाकर नागरिकों ने बताया कि जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित छत्तीसगढ़ जनमन पत्रिका में दी गई सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, उपलब्धियों और आंकड़ों की जानकारी मिलती है जो की उनके लिए काफी लाभकारी है।
जनमन पत्रिका के माध्यम से योजनाओं के अलावा करेंट अफेयर की भी जानकारी मिलती है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए इस पुस्तक में योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में काफी विस्तार से जानकारी दी गई है।
किसानों को मिल रहा योजनाओं का लाभ
किसान अरुण ने गर्मी के मौसम में धान के बदले दलहन तिलहन और मक्का की कर रहे खेती
जशपुरनगर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार किसानों को ग्रीष्म काल में धान के बदले अन्य फसल लगाने के लिए उघान विभाग की योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।
किसानों को उचित मार्गदर्शन और अच्छी किस्म की बीज एवं आदान सामग्री भी प्रदान किया जा रहा है। जिसे कृषक उत्साह के साथ दलहन-तिलहन लगाकर कम लागत में अधिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम कृषक अरूण कुमार भगत ने ग्रीष्मकालीन धान के बदले दलहन-तिलहन मक्का योजना के तहत अपने रकबा-1.500 हे. में से रकबा-1.00 हे. में मक्का लगाए हैं। कृषक अरुण मक्का किस्म-कॉर्न 9544 बीज एवं आदान सामग्री वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी पत्थलगांव से प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि मक्का के उत्पादन से प्रति हेक्टेयर 35 हजार रूपए लाभ प्राप्त होने की संभावना है। कृषक अरुण ने विभागीय योजनाओं से लाभ मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
हाथी के हमले में बुजुर्ग की मौत, वन विभाग की चेतावनी को किया था नजरअंदाज
पत्थलगांव । जशपुर जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र अंतर्गत भेलवा कोचनीडीह गांव में हाथी के हमले में 76 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सीबन राम भोय के रूप में हुई है। यह घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है।
वन विभाग की चेतावनी के बावजूद जंगल में रुके बुजुर्ग
वन विभाग ने क्षेत्र में हाथियों की सक्रियता को देखते हुए ग्रामीणों को पहले ही चेतावनी दी थी और जंगल छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई थी। वनकर्मी खुद सीबन राम के घर पहुंचकर उन्हें आगाह कर चुके थे, जिसके बाद उनकी पत्नी सुकांति बाई समय रहते जोरण्झरिया स्थित दूसरे घर चली गई थीं।
लेकिन सीबन राम ने वन विभाग की बात को गंभीरता से नहीं लिया और जंगल वाले घर में ही रुक गए। रात में हाथियों की आहट पाकर जब वह पत्नी के पास जाने के लिए घर से निकले, तभी एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इलाके में दहशत, जांच में जुटा वन विभाग
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है।
वन विभाग की अपील
वन विभाग ने एक बार फिर स्थानीय ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल की ओर न जाएं। यदि आवश्यक हो, तो पूरी सतर्कता और सुरक्षा उपायों के साथ ही क्षेत्र में प्रवेश करें।
कन्या महाविद्यालय में छात्रों को किया गया जनमन पत्रिका का वितरण
जशपुरनगर । राजा विजय भूषण देव कन्या महाविद्यालय जशपुर में छात्रों को आज जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं से संबंधित पत्रिका जनमन, सहित अन्य प्रचार सामग्री का वितरण किया गया।
इन पत्रिकाओं के माध्यम से छात्राओं को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी मिलेगी। कन्या महाविद्यालय की छात्रा अंजली खलखो, ममता मांझी, संजीता बाई, पूनम बाई, सविता यादव ने कहा कि पत्रिका का अध्ययन सभी छात्रों के लिए लाभदायक है।
पत्रिका में ग्रामीणों, किसानों, सहित बेरोजगारों को स्वावलंबी बनाने के लिए शासन द्वारा संचालित अनेक योजनाएं की जानकारी शामिल है। पत्रिकाओं के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवश्यक समसामयिक घटनाओं एवं सामान्य ज्ञान की जानकारी भी मिलती है।
सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों किया जा रहा त्वरित निराकरण
जशपुरनगर । कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशानुसार और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में जिले के सभी विभागों द्वारा सुशासन तिहार में लोगों से प्राप्त समस्याओं का समाधान और आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता से किया जा रहा है।
इसी कड़ी में कुनकुरी विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कण्डोरा में सुशासन तिहार में ग्राम पंचायत कण्डारो के प्रेमचंद और रामदेव ने व्यक्तिगत शौचालय की मांग किए थे। उनके मांगों का त्वरित निराकरण करते हुए कण्डोरा के उप सरपंच ने आवेदकों के घर जाकर उन्हें व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की स्वीकृति पत्र प्रदान किए हैं।
विदित हो कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की नेतृत्व वाली शासन द्वारा 08 अप्रैल से 31 मई 2025 तक की अवधि में सुशासन तिहार 2025 संचालित किया गया। जिसके अन्तर्गत जनता की समस्याओं जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन एवं विकास कार्यों की गति तथा आम जनता जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से सीधा संवाद स्थापित हुआ। इस दौरान पहले चरण में 08 से 11 अप्रैल 2025 तक आवेदन पत्र प्राप्त किये गये हैं। आम जनता से प्राप्त आवेदन पत्रों का द्वितीय चरण में 01 माह के अन्दर निराकरण किया जा रहा है तथा तीसरे चरण 05 से 31 मई 2025 तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जहां प्राप्त आवेदनों के निराकरण की कार्यवाही से लोगों को अवगत कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में निशक्त हेरालाल राम को प्रदान किया गया मोटराइज ट्राई सायकल और वैशाखी
खुशी जाहिर कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को दिया धन्यवाद
जशपुरनगर । मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय शासन की योजनाओं का आम जनता को लाभ दिलाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के साथ ही असहाय, पीड़ितों और जरूरतमंदों को हर संभव मदद करने प्रयासरत है, ताकि समाज के हर वर्ग को न्याय और विकास का लाभ मिल सके।
इसी कड़ी में आज कैंप कार्यालय में एक दुर्घटना की वजह से चलने फिरने में असमर्थ दुलदुला के डोडपानी के हेरालाल राम को मोटराइज ट्राई सायकल और वैशाखी प्रदान किया गया है। ट्राई साइकिल और बैसाखी मिलने पर उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद दिया है।
हेरालाल राम ने इस संबंध में मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आवेदन देकर बताया कि दुर्घटना की वजह से वे चलने फिरने में असमर्थ हो गए इलाज कराने पर भी यह ठीक नहीं हुआ। उनकी मांग पर आज उन्हें कैंप कार्यालय में ट्राई साइकिल और वैशाखी प्रदान किया गया।
जल जागृति जशपुर बन रहा जल बचाओ जन अभियान : सालिक साय
जशपुरनगर । जल जागृति जशपुर के अंतर्गत जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम के 25वें दिवस का आयोजन जनपद पंचायत पत्थलगांव के ग्राम पंचायत कुडकेलख़जरी में आयोजित किया गया।
जल एक सीमित और बहुमूल्य संसाधन है जो पृथ्वी पर सभी जीवन को बनाए रखता है। बढ़ती वैश्विक आबादी और जलवायु परिवर्तन के चल रहे प्रभाव के साथ, पानी की कमी एक बढ़ती हुई चिंता बन गई है।
इस चुनौती के जवाब में, जल संरक्षण भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इसी तारतम्य में जिला प्रशासन जशपुर द्वारा जल जागृति जशपुर अभियान चलाया जा रहा है।
वाटर हीरो नीरज वानखड़े ने उपस्थित लोगों को विभिन्न मॉडल्स के माध्यम से जल संरक्षण के उपायों को समझाया। विभिन्न खेल गतिविधियों के माध्यम जल बचाने लोगो को अपील किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जल हमारे जीवन के लिए अभिन्न अंग है। अगर हमें अपने भावी पीढ़ी के लिए जल बचाना है तो हमें अभी से जल बचाना होगा। ये केवल एक व्यक्ति से संभव नहीं है हम सभी को मिलकर सम्मिलित प्रयास से जल बचाना है।जल बचाने की शुरुआत हमे अपने घर से करना है।लोगों को संबोधित करते हुए आगे कहा कि आज के इस जल जागरूकता कार्यक्रम में सम्मिलित होकर इस अभियान का हिस्सा बनना सुखद अनुभव है। जिला प्रशासन का यह सराहनीय कदम है हम सभी को मिलकर इस कार्यक्रम को सफल बनाना है और जल संरक्षण करना है। अपने भविष्य के लिए, अपने लिए हमें पानी बचाना जरूरी है। हमारी जिम्मेदारी है कि पानी का सही उपयोग करे, व्यर्थ पानी ना बहाए। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से अपील किया कि मां घर की पहली गुरू होती है अभी से बच्चों में ऐसा संस्कार दे जिससे बच्चों में पानी बचाने की प्रवृत्ति बचपन से ही आए।
जिला पंचायत सदस्य सुरुचि पैंकरा ने सभी लोगों को संबोधित करते हुए जल बचाने हेतु लोगों से अपील की और सभी को एक साथ मिलकर आगे आने कहा और जल पर्यावरण की रक्षा के लिए आग्रह किया।
कार्यक्रम में सालिक साय अध्यक्ष जिला पंचायत जशपुर, सुरुचि पैंकरा जिला पंचायत सदस्य, धनियारो परहा अध्यक्ष जनपद पंचायत पत्थलगांव, फिलिस्फिना एक्का उपाध्यक्ष जनपद पंचायत पत्थलगांव, क्षेत्र के सभी जनपद सदस्य, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पत्थलगांव, जिला समन्वयक प्रधानमंत्री आवास, सहायक परियोजना अधिकारी मनरेगा जिला पंचायत जशपुर, अनुविभागीय अधिकारी ग्रायांसे जनपद पंचायत पत्थलगांव, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा, आसपास के 21 ग्राम पंचायतों यथा ग्राम पंचायत बालाझार, चंदागढ़, बटुराबहार, खरकट्टा, शेखरपुर, पंडरीपानी व अन्य ग्राम पंचायतों के सरपंच, स्व सहायता समूह की दीदियां, आसपास के गांवों के ग्रामीणजन व जल संसाधन विभाग, कृषि विभाग, वन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।