खेल

केकेआर ही नहीं ये टीमें भी झेल चुकी हैं लगातार हार का दंश

 कोलकाता नाइट राइडर्स को प्लेऑफ के लिए अब हर मैच जीतना जरूरी

 

- एकान्त प्रिय चौहान

आईपीएल में जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ते जा रहे हैं वैसे-वैसे अंक तालिका में जबरदस्त उलटफेर देखने को मिल रहा है। आईपीएल 2026 की बात करें तो 17 अप्रैल तक 25 मैच हो चुके हैं और अंक तालिका में किंग्स इलेवन पंजाब 9 अंकों के साथ नंबर वन पर काबिज है। वहीं दूसरे नंबर पर रॉयल चैंलेजर्स बैंगलोर 8 अंकों के साथ, तीसरे नंबर पर राजस्थान रॉयल्स 8 है। इसके साथ ही सबसे खराब स्थिति में फिलहाल कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) है। टीम ने इस सीजन अब तक छह मुकाबले खेल लिए हैं जिसमें से उन्हें एक भी जीत नहीं मिली है। केकेआर आईपीएल 2026 में अपनी पहली जीत के लिए तरस रही है। केकेआर इस सीजन अब तक पांच मैच हार चुकी है, वहीं उनका एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया था। केकेआर पांचवीं ऐसी टीम बनी है, जिन्हें आईपीएल के एक सीजन में शुरुआती छह मैचों में एक भी जीत नहीं मिली है। आपको बता दें कि ये वही टीम ने जिसने 2012, 2014 और 2024 में आईपीएल चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम किया था। 

ऐसा नहीं है कि कोलकाता नाइट राइडर्स के नाम ही ये शर्मनाक रिकार्ड दर्ज हुआ हो। कोलकाता नाइट राइडर्स से पहले डेक्कन चार्जर्स के साथ 2012 में भी ऐसा ही हुआ था। वहीं 2013 में दिल्ली डेयरडेविल्स, 2019 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और 2022 में पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस के साथ ऐसा हो चुका है। वहीं इस सीजन में कोलकाता की टीम को भी पहले छह मैच में एक भी जीत नहीं मिली है। 

आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स का पहला मैच मुंबई इंडियंस (एमआई) से था और वहां उन्हें 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) 65 रनों से हराया था। तीसरा मैच पंजाब किंग्स के खिलाफ  बारिश की वजह से रद्द हो गया। इसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स के हाथों केकेआर को 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। केकेआर को इस सीजन अपने पांचवें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीकेएस) के हाथों 32 रनों से हार झेलनी पड़ी थी। वहीं गुजरात टाइटंस ने उन्हें 5 विकेट से हरा दिया।

प्लेऑफ  के लिए अब हर मैच जीतना जरूरी

कोलकाता नाइट राइडर्स के पास हालांकि अभी भी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने का मौका है। केकेआर को आईपीएल 2026 में 8 और मैच खेलने हैं। अगर टीम इन सभी मुकाबलों को जीतने में कामयाब रहती है तो उनका प्लेऑफ  में जाना तय हो जाएगा। अगले 8 मैचों में लगातार जीत दर्ज करने के बाद अंत में उनके खाते में कुल 17 अंक हो जाएंगे। प्लेऑफ  के लिए इतने अंक काफी होते हैं। अगर केकेआर को इस दौरान एक भी हार का सामना करना पड़ता है तो उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ था, टीम 15 अंक होने के बावजूद प्लेऑफ  के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई थी।

गुजरात टाइटंस ने लगाई लंबी छलांग, टॉप-4 में मारी एंट्री

केकेआर से मैच जीतने के साथ ही गुजरात टाइटंस ने शानदार वापसी करते हुए पॉइंट्स टेबल में बड़ी छलांग लगा दी है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 5 विकेट से हराकर सीजन की तीसरी जीत दर्ज की। 180 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात ने 19.4 ओवर में 5 विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस के अब 5 मैचों में 6 पॉइंट हो गए हैं और टीम ने लंबी छलांग लगाते हुए पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर कब्जा कर लिया है। लगातार तीसरी जीत के दम पर गुजरात ने प्लेऑफ  की रेस में भी अपनी मजबूत दावेदारी पेश कर दी है।

Leave Your Comment

Click to reload image