खेल

'विराट' ने रोका 'वैभव' का सबसे तेज शतक

 - एकान्त प्रिय चौहान

आईपीएल 2026 सीजन 19 का 16वां मुकाबला 10 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के बीच खेला गया। बारिश के चलते मैच में थोड़ी देरी हुई। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स ने 202 रनों का लक्ष्य राजस्थान को दिया। जिसे 6 विकेट और 12 बाल शेष रहते हुए ही राजस्थान ने बड़े आसानी से चेज कर दिया। इस मैच के साथ ही राजस्थान रॉयल्य अभी तक 4 मैच जीतकर 8 अंकों के साथ तालिका पर पहले नंबर का काबिज है। वहीं आरसीबी अगर ये मैच जीतती तो वह दूसरे नंबर पर होती लेकिन हार के साथ अब आरसीबी तीसरे नंबर पर 4 अंकों के साथ है। आरसीबी ने 3 मैचों में 2 पर जीत दर्ज की है। 

वहीं बात करें राजस्थान रॉयल्स की तो इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया है। वैभव ने इस मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों पर 78 रनों की पारी खेली। वहीं 27वें गेंद पर वो विराट कोहली के हाथों कैच आउट हो गए। इस पारी के दौरान वैभव टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे तेज सेंचुरी जमाने के बेहद करीब थे। वैभव ने इस मुकाबले में 7 चौके और 8 छक्के लगाए। अनुभवी गेंदबाज जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार भी उनकी बेखौफ  बल्लेेबाजी के सामने बेबस नजर आए।  

इस मुकाबले में यदि वैभव को 4-5 गेंदें खेलने का और मौका मिल जाता तो वे शतक अवश्य बना लेते और सबसे तेज शतक लगाने का एक और रिकार्ड उनके नाम दर्ज हो जाता। क्योंकि वैभव ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया था। इसके बाद भी उन्होंने रुकने का नाम नहीं लिया और 26 गेंदों में 78 रन की तूफानी पारी खेली। लेकिन 78 रनों के बाद विराट कोहली ने कैच लेकर उन्हें आउट कर दिया। इससे पहले वैभव ने पिछले सीजन यानी आईपीएल 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 28 अप्रैल को 35 गेंदों में शतक बनाया था।

वहीं अगर बात करें आईपीएल में अब तक तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की तो इस मामले में क्रिस गेल के नाम आईपीएल इतिहास में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड है। उन्होंने 23 अप्रैल 2013 को बेंगलुरु में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ  सिर्फ 30 गेंदों में यह कारनामा किया था। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) के लिए खेलते हुए, गेल ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में मात्र 66 गेंदों में नाबाद 175 रन बनाए - जो टी20 क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। वेस्ट इंडीज के इस दिग्गज बल्लेबाज ने 17 छक्के और 13 चौके लगाए और साथ ही आईपीएल की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। गेल के बाद आईपीएल में सबसे तेज शतक लगाने वालों की सूची में वैभव सूर्यवंशी (35 गेंदें), यूसुफ  पठान (37 गेंदें), हेनरिक क्लासेन (37 गेंदें), डेविड मिलर (38 गेंदें), प्रियांश आर्य (39 गेंदें) और अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। 

आरसीबी के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड 

राजस्थान की धमाकेदार जीत के साथ ही आरसीबी के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। दरअसल, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 200+ स्कोर डिफेंड करते हुए सबसे ज्यादा मैच हारने के मामले में पंजाब किंग्स की बराबरी कर ली है। आरसीबी और पीबीकेएस दोनों के नाम आईपीएल में 200+ स्कोर डिफेंड करते हुए सबसे ज्यादा 7-7 हार दर्ज हो चुकी हैं। इस सूची में चेन्नई सुपर किंग्स 6 हार के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स 5 हार के साथ तीसरे नंबर पर है। 

पावरप्ले में सबसे ज्यादा रनों की पारी खेलने वालों में नंबर-1 बने वैभव

आईपीएल के इतिहास में अब भारतीय खिलाड़ी के रूप में किसी मैच में पावरप्ले के अंदर सबसे ज्यादा बार फिफ्टी या उससे अधिक रनों की पारी खेलने के मामले में वैभव सूर्यवंशी पहले नंबर पर काबिज हो गए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के खिलाफ  जब वैभव ने सिर्फ  15 गेंदों में अपनी फिफ्टी को पूरा किया उसी के साथ उन्होंने केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, ईशान किशन और रिद्धिमान साहा को पीछे छोड़ दिया। इन सभी खिलाडिय़ों के नाम पर आईपीएल में पावरप्ले में 2-2 बार फिफ्टी या उससे अधिक रनों की पारी खेलने का रिकॉर्ड बतौर भारतीय प्लेयर दर्ज है। वहीं वैभव सूर्यवंशी अब आईपीएल में पावरप्ले में फिफ्टी या उससे अधिक रनों की पारी खेलने के मामले जोस बटलर के साथ संयुक्त रूप से नंबर-1 पर काबिज हो गए हैं।

दूसरी सबसे तेज शतकीय साझेदारी

आरसीबी के खिलाफ  मैच में 202 रनों का टारगेट का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल के बीच में दूसरे विकेट के लिए सिर्फ  37 गेंदों में 108 रनों की साझेदारी देखने को मिली। आईपीएल के इतिहास में 100 या उससे अधिक रनों की ये अब तक की दूसरी सबसे तेज साझेदारी है। इस लिस्ट में पहले नंबर पर अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड के बीच में हुई साल 2024 के आईपीएल सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ  38 गेंदों में 131 रनों की साझेदारी थी।

Leave Your Comment

Click to reload image