छत्तीसगढ़ / सूरजपुर
प्रतापपुर में नई 11 के.व्ही. फीडर लाइन चार्ज
क्षेत्रवासियों को मिल सकेगी और बेहतर विद्युत आपूर्ति
सूरजपुर/ 24 सितम्बर 2026
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के अंतर्गत प्रतापपुर क्षेत्र में नई 11 केवी फीडर लाइन की चार्जिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। सीएसपीडीसीएल के प्रतापपुर उपसंभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 33/11 के.व्ही प्रतापपुर उपकेंद्र से प्रस्तावित 11 के.व्ही. सरहरी पम्प फीडर की लाइन को निर्धारित तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप परीक्षण के बाद चार्ज किया गया। नई लाइन के चालू होने से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति सुविधा मिल सकेगी।
संभाग स्तरीय शालेय प्रतियोगिता में सूरजपुर जिले के विद्यार्थियों ने किया बेहतर प्रदर्शन
राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग का करेंगे प्रतिनिधित्व
सूरजपुर/24 सितंबर 2026
संभाग स्तरीय शालेय प्रतियोगिता सरगुजा के विभिन्न खेल परिसरों में 21 से 22 सितंबर तक आयोजित की गयी जिसमें सूरजपुर जिले के कुल 32 छात्र/छात्राओं ने बेहतर खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए है। चयनित छात्र-छात्राएं राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
इस प्रतियोगिता में शालेय वॉलीवॉल 14 वर्ष बालक एवं बालिका दोनों वर्गो में जिला सूरजपुर ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया इसी प्रकार हैण्डबाल बालक एवं बालिका 19 वर्ष आयु वर्ग में बालक टीम शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक तथा जबकि बालिकाओं ने भी बेहतर प्रदर्शन कर उपविजेता अपने नाम किया। बालक 19 वर्ष कब्बडी में बेहतर प्रदर्शन करते हुए उपविजेता के साथ ही रजत पदक प्राप्त कर सूरजपुर जिला का नाम रोशन किया। नेटबॉल में भी बालक/बालिका 19 वर्ष आयु वर्ग में बेहतर खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कुल 08 खिलाडी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु चयनित हुए इस प्रकार सभी खेलों में वालीबॉल में 10, हैण्डबॉल में 09, नेटबाल में 08, सॉफ्टबॉल में 05 इस प्रकार कुल 32 छात्र/छात्राएं बेहतर खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय शालेय प्रतियोगिता हेतु चयनित होकर सरगुजा संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर सहायक के जिला क्रीडा अधिकारी श्री शरदेन्दु कुमार शुक्ल, श्रीमती कौशल्या सिंह, सुनीता राजवाड़े, दिनेश साहू, रावेन्द्र वर्मा, सुशील सिंह, सुनैना जायसवाल, विक्रम उस्मनिया, अभिषेक सिंह सहित सभी 06 जिलों से आयें प्रशिक्षक गणमान्य नागरिक एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
वैल्यू चेन पार्टनर के लिए आवेदन आमंत्रित
सूरजपुर/ 24 सितंबर 2026
राष्ट्रीय खाद्य तेल-तिलहन मिशन के तहत जिले में किसानों से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए वैल्यू चेन पार्टनर (व्हीसीपी) के रूप में एफपीओ एवं सहकारी समितियों से आवेदन आमंत्रित किया गया है।
कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार पात्र संस्था का पंजीयन संबंधित अधिनियम के तहत होना है जिसके अंतर्गत जिले में कम से कम 03 वर्ष का अनुभव, न्यूनतम 200 किसान हेतु एफपीओ या सहकारी समिती में पंजीकृत हो, पिछले 03 वर्षों का औसत वार्षिक कारोबार 9 लाख रुपये से अधिक तथा एफपीओ में किसानों द्वारा न्यूनतम 3 लाख रुपये की इक्विटी होना आवश्यक है।
इच्छुक पात्र संस्थाएं 28 सितंबर 2025 शाम 5:30 बजे तक कार्यालय उप संचालक कृषि, सूरजपुर में आवश्यक दस्तावेजों सहित आवेदन जमा कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदनों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विकासखण्ड स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का दो दिवसीय कार्यशाला संपन्न
सूरजपुर/24 सितम्बर 2026
छत्तीसगढ़ राज्य सूचना आयोग के निर्देशानुसार सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला सूरजपुर अन्तर्गत विकासखण्ड स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स हेतु प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में 23 एवं 24 सितम्बर 2026 को आयोजित किया गया है। उक्त प्रशिक्षण में सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के प्रावधानों, अधिनियम के अंतर्गत निर्धारित प्रक्रिया, समय-सीमा तथा आवेदनों एवं अपीलों के विधिसम्मत निराकरण आदि विषयों पर विस्तृत गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य स्तरीय प्रशिक्षक श्री सुशील कुमार तिवारी, सहायक प्राध्यापक, शासकीय विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मनेन्द्रगढ़ तथा जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स श्री प्रेमचंद सोनी, प्राचार्य, पी.एम. श्री सेजस विद्यालय, श्री धर्मसाय लकड़ा, प्राचार्य हाई स्कूल आमगांव, श्री रमेश गुप्ता, व्याख्याता (प्रभारी प्राचार्य) हाई स्कूल रामानुजनगर एवं श्री संतोष उपाध्याय, व्याख्याता, हाई स्कूल लक्ष्मीपुर के द्वारा विकासखण्ड स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया गया।
ग्राम पंचायत तेलसरा में शासकीय उचित मूल्य दुकान के संचालन हेतु आवेदन आमंत्रित
सूरजपुर/24 सितंबर 2026
विकासखण्ड रामानुजनगर के ग्राम पंचायत तेलसरा में शासकीय उचित मूल्य दुकान के संचालन के लिए नवीन आबंटन किया जाना है। इस संबंध में संबंधित कार्यालय द्वारा सहकारी समितियों, वृहदाकार आदिम जाति बहुउद्देशीय सहकारी समिति, प्राथमिक कृषि साख समिति, वन सुरक्षा समिति, महिला स्वयं सहायता समूह, ग्राम पंचायत, अन्य उपभोक्ता सहकारी समिति तथा स्थानीय नगरीय निकाय को सूचित किया गया है।
शासकीय उचित मूल्य दुकान संचालन हेतु इच्छुक संस्थाएं अपना आवेदन निर्धारित प्रारूप में संस्था के प्रस्ताव सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ 5 अक्टूबर 2026 को कार्यालयीन समय सायं 5ः30 बजे तक कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत कर सकते हैं। नियत तिथि के पश्चात प्राप्त होने वाले आवेदनों पर किसी प्रकार का विचार नहीं किया जाएगा।
सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कार्यशाला 23 को
सूरजपुर । सुध्घर छत्तीसगढ़ अभियान अंतर्गत 31 महत्वपूर्ण योजनाओं का संतृप्तिकरण का कार्य किया जाना है। उपरोक्त संबंध में 23 सितंबर 2026 बुधवार को 11 बजे से जिला पंचायत के सभाकक्ष में कार्यशाला होगी। कलेक्टर रेना जमील ने सभी अधिकारियों एवं सर्व संबंधितों को उक्त कार्यशाला में समय पर उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
निर्माण श्रमिकों को मिलेगी क्यूआर कोड युक्त डिजिटल पहचान
सूरजपुर । छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा निर्माण श्रमिकों की सुविधा के लिए क्यूआर कोड युक्त नवीन पंजीयन कार्ड (स्मार्ट आईडी कार्ड) जारी किया गया है। नवीन व्यवस्था का शुभारंभ श्रमिक महासम्मेलन में किया गया।
नई व्यवस्था के तहत पूर्व में जारी सामान्य पंजीयन कार्ड के स्थान पर अब निर्माण श्रमिकों का आधुनिक एवं सुरक्षित क्यूआर कोड युक्त पंजीयन कार्ड जनरेट होगा। कार्ड पर अंकित क्यूआर कोड को स्कैन करने पर श्रमिक की पात्रता के अनुसार संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तत्काल प्राप्त की जा सकेगी।
पंजीकृत निर्माण श्रमिक अपनी सुविधा के अनुसार डिजिटल पहचान पत्र को टिकाऊ पीवीसी कार्ड के रूप में भी प्रिंट करा सकेंगे। नवीन प्रारूप के कार्ड से संबंधित जानकारी एवं प्रिंट की सुविधा नजदीकी लोक सेवा केंद्र तथा अधीनस्थ श्रम संसाधन केंद्रों में उपलब्ध होगी।
श्रम विभाग ने जिले के समस्त पंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपने नवीन क्यूआर कोड युक्त पंजीयन कार्ड की जानकारी प्राप्त करने तथा मंडल द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।
सेवा सेतु पोर्टल बना सुशीला की सुविधा का सेतु, घर बैठे मिली राजस्व सेवा,समय और धन दोनों की बचत
सूरजपुर । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा की कहानी जहां सेवा सेतु पोर्टल नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
पोर्टल के माध्यम से राजस्व संबंधी प्रकरणों का सुगमता से निराकरण होने लगा है। नगर पंचायत प्रतापपुर निवासी सुशीला सिन्हा को मिली त्वरित सेवा इसका उदाहरण है। सुशीला सिन्हा ने अपनी भूमि के डायवर्सन के लिए सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया था। राजस्व विभाग ने आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए डायवर्सन की प्रक्रिया पूरी की गई। लंबे समय से लंबित कार्य सहजता से पूर्ण होने पर सुशीला ने प्रसन्नता व्यक्त की।
सिन्हा बताती हैं कि पहले भूमि संबंधी कार्यों के लिए बार-बार कार्यालय जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों खर्च होते थे। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल रही है और निर्धारित समय-सीमा में सेवाएं प्राप्त हो रही हैं।
भूमि डायवर्सन का कार्य आसानी से पूर्ण होने पर सिन्हा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल ने शासकीय सेवाओं को आम नागरिकों के लिए सहज और सुलभ बनाया है। सुशासन और तकनीक के समन्वय से सेवाएं पारदर्शिता के साथ लोगों तक पहुंच रही हैं।
महदई के जीवन को मिला नया आधार : प्रधानमंत्री आवास योजना ने परिवार को दिया सुरक्षित भविष्य का भरोसा
सूरजपुर । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा की कहानी के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव को सामने लाया जा रहा है। ऐसी ही सेवा की कहानी ओड़गी विकासखंड के दूरस्थ ग्राम मयूरधक्की निवासी महदई गुर्जर की है जिनके जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके पक्के घर के सपने को हकीकत में बदल दिया है।
महदई गुर्जर अपने परिवार के साथ पहले कच्चे मकान में रहती थीं। कमजोर दीवारों और असुरक्षित घर के कारण परिवार हमेशा चिंता में रहता था। विशेषकर बरसात शुरू होते ही परेशानी बढ़ जाती थी। सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण महदई के लिए अपनी आय से पक्का मकान बनाना एक सपने जैसा था।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत महदई गुर्जर को आवास निर्माण के लिए एक लाख 20 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत हुई। योजना की राशि जारी होने के बाद उनका आवास आकार लेने लगा। अब कच्ची दीवारों की असुरक्षा और टपकते छज्जे की चिंता पीछे छूट चुकी है। नए घर ने परिवार को सुरक्षित परिवेश, व्यवस्थित जीवन और भविष्य के प्रति नया भरोसा दिया है।
पक्का आवास मिलने से परिवार की दिनचर्या में भी बदलाव आया है। अब मौसम को लेकर चिंता नहीं रहती। पूरा परिवार अपने पक्के आवास में सुकून के साथ जीवन बिता रहा है। अपनी खुशी साझा करते हुए महदई गुर्जर कहती हैं कि कच्चे घर में रहते हुए हर बारिश हमारे लिए चिंता लेकर आती थी। लेकिन अब सुरक्षित छत है और मन में सुकून। पक्का घर हमारे लिए केवल एक सपने जैसा था, जो आज प्रधानमंत्री आवास योजना से सच हो गया है और खुशियों से भरा अपना आशियाना है।
सेवा संकल्प अभियान : ग्राम पंचायत नमना में जनभागीदारी से किया गया पौधरोपण
सूरजपुर । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में सेवा, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में माई भारत के नेतृत्व में विकासखंड प्रेमनगर के ग्राम पंचायत नमना में पौधरोपण किया गया।
माई भारत के स्वयंसेवकों ने ग्रामवासियों के सहयोग से गांव के सार्वजनिक स्थल पर पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं, ग्रामीणों और माई भारत के स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से पौधरोपण करते हुए गांव को हरा-भरा बनाने में अपनी सहभागिता निभाई। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर चर्चा की गई तथा पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा का संकल्प लिया गया।
माई भारत के स्वयंसेवकों ने कहा कि पौधरोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी निरंतर देखभाल भी आवश्यक है। बढ़ते प्रदूषण और बदलती जलवायु के बीच अधिक से अधिक पौधे लगाना तथा उनका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। स्वयंसेवकों ने ग्रामवासियों को अपने घरों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास उपलब्ध स्थानों पर पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि सामूहिक प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी और छोटी-छोटी पहल आगे चलकर गांव की हरियाली और पर्यावरण की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
सत्र न्यायाधीश थॉमस एक्का ने बंदियों से संवाद कर जानी समस्याएं, स्वास्थ्य सेवाओं व विधिक सहायता का लिया जायजा
सूरजपुर । प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर थॉमस एक्का द्वारा जिला जेल सूरजपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जेल की वर्तमान व्यवस्थाओं, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं तथा विधिक सहायता की स्थिति परखी गई।
निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला न्यायाधीश थॉमस एक्का ने जेल अधीक्षक से बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने खाद्य सामग्री, भोजन, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए जेल मैनुअल के अनुरूप बंदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
संयुक्त निरीक्षण दल द्वारा जेल के भोजनालय का निरीक्षण कर बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। साथ ही जेल में संचालित चिकित्सा केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं बंदियों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सेवाओं के संबंध में जानकारी ली गई।
निरीक्षण दल द्वारा जेल की विभिन्न बैरकों में जाकर बंदियों से सीधे संवाद किया गया। इस दौरान बंदियों के स्वास्थ्य, विधिक सहायता एवं अन्य समस्याओं के संबंध में जानकारी ली गई। बंदियों द्वारा बताई गई समस्याओं को सुनकर उन्हें उपलब्ध विधिक उपचार एवं सहायता के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, जमानत, पैरोल तथा उपलब्ध विधिक सहायता की प्रक्रिया के संबंध में भी सामान्य जानकारी दी गई। साथ ही पात्र बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था के संबंध में अवगत कराया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधितों को सुनिश्चित करने निर्देशित किया गया कि जेल में निरुद्ध प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसके अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सहायता की जानकारी प्राप्त हो तथा आवश्यकतानुसार उसे उचित कानूनी सहायता उपलब्ध कराएं। निरीक्षण के माध्यम से जेल प्रशासन को बंदियों की मूलभूत आवश्यकताओं एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश आनंद प्रकाश वारियाल, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर पायल टोपनो, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, जिला जेल अधीक्षक विक्रम गुप्ता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रशांत सिंह, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल हृदयनारायण श्रीवास्तव, अन्य डिफेंस काउंसिल, अधिवक्ता मनोज सिंह, सहित जेल स्टाफ एवं पी.एल.व्ही. उपस्थित रहे।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े पहुंचीं ग्राम कुंजनगर, महिलाओं से किया संवाद
सूरजपुर । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले रहीं महिलाओं से सीधे संवाद की पहल को आगे बढ़ाते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े ग्राम कुंजनगर पहुंचीं। उन्होंने महिलाओं और अन्य हितग्राहियों से आत्मीय संवाद कर योजनाओं से मिल रहे लाभ, उनके अनुभवों और परिवार के जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली।
मंत्री राजवाड़े ने विशेष रूप से महतारी वंदन योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की हितग्राही महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने जाना कि योजनाओं से प्राप्त आर्थिक सहायता महिलाओं की दैनिक आवश्यकताओं, परिवार के खर्च और मातृत्व से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में किस प्रकार सहयोगी बन रही है। महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि शासकीय योजनाओं से उन्हें आर्थिक संबल और आत्मविश्वास मिला है।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित योजनाएं महिलाओं को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ मातृत्व और परिवार के बेहतर पोषण में भी सहयोग प्रदान कर रही हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इन योजनाओं के वास्तविक लाभ और हितग्राहियों के अनुभवों को सामने लाने के साथ शासन और जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत किया जा रहा है।
मंत्री राजवाड़े ने ग्रामीण महिलाओं की बातों को गंभीरता से सुना और योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े उनके अनुभव जाने। ग्राम कुंजनगर में महिलाओं से हुआ यह संवाद महिला सशक्तिकरण, जनभागीदारी और सेवा की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से भटगांव विधानसभा के 07 धान उपार्जन केंद्र होंगे सुविधा-संपन्न
सूरजपुर । किसानों को धान उपार्जन के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भटगांव विधानसभा क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की गई है। भटगांव विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र के 7 धान उपार्जन केंद्रों में पक्के फड़ निर्माण एवं समतलीकरण कार्य के लिए 69.58 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। इससे इन केंद्रों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और किसानों को धान बेचने के दौरान अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
स्वीकृत कार्यों में सूरजपुर विकासखंड के टमकी, सिरसी, करोटी बी, खोपो, बतरा, सांवारांवां एवं कुर्रीडीह स्थित धान उपार्जन केंद्र शामिल हैं। प्रत्येक केंद्र में 9.94 लाख रुपए की लागत से पक्के फड़ निर्माण एवं समतलीकरण का कार्य किया जाएगा।
धान उपार्जन केंद्रों में पक्के फड़ और समतलीकरण होने से उपार्जन व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी। इससे धान की आवक, खरीदी और रखरखाव के दौरान होने वाली व्यावहारिक परेशानियों को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही किसानों को उपार्जन केंद्रों पर बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में यह कार्य महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को गति देने के क्रम में यह स्वीकृति एक महत्वपूर्ण कदम है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े द्वारा भटगांव विधानसभा क्षेत्र में किसानों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने के प्रयासों का यह एक और परिणाम है। इससे धान उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था मजबूत होने के साथ किसानों को सुविधाजनक उपार्जन व्यवस्था का लाभ मिलेगा।
मोटरयान अधिनियम और सड़क सुरक्षा पर विशेष जागरूकता शिविर आयोजित
अधिवक्ताओं, न्यायिक कर्मचारियों एवं लिपिकों की लर्निंग लाइसेंस प्रक्रिया हुई पूरी
सूरजपुर/19 सितम्बर 2026
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर, जिला अधिवक्ता संघ सूरजपुर एवं परिवहन विभाग सूरजपुर के संयुक्त तत्वावधान में मोटर वाहन अधिनियम एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिवसीय विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन जिला न्यायालय परिसर सूरजपुर में किया गया।
शिविर में मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों, यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति अधिवक्तागण, न्यायिक कर्मचारीगण एवं अधिवक्ता लिपिकगण को जागरूक किया गया। इस अवसर पर पात्र प्रतिभागियों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए जाने की कार्यवाही भी परिवहन विभाग के सहयोग से पूरी की गई। शिविर के दौरान कुल 83 लोगों का ड्राइविंग लाइसेंस बनाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर श्री थॉमस एक्का के मार्गदर्शन एवं सचिव सुश्री पायल टोपनो के निर्देशन में किया गया। शिविर के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकती है।
कार्यक्रम में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री थॉमस एक्का, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री पायल टोपनो तथा जिला अधिवक्ता संघ सूरजपुर के अध्यक्ष सहित अधिवक्तागण, न्यायिक कर्मचारीगण एवं अधिवक्ता लिपिकगण उपस्थित रहे।
शिविर में परिवहन विभाग द्वारा लाइसेंस संबंधी आवश्यक प्रक्रिया एवं यातायात नियमों के संबंध में जानकारी दी गई। इस पहल से न्यायालय परिसर से जुड़े लोगों को सुविधाजनक रूप से लाइसेंस प्राप्त करने के साथ ही सड़क सुरक्षा एवं जिम्मेदार वाहन संचालन के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला।
नन्हे हाथों ने रंगों से उकेरी स्वच्छ, हरित, शिक्षित और सशक्त राष्ट्र की संकल्पना
सेवा संकल्प अभियान में रंगों से सजा बच्चों के सपनों का भारत
सूरजपुर/19 सितम्बर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के विद्यालयों में चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता के माध्यम से स्वच्छ, हरित, सशक्त एवं विकसित भारत की तस्वीर उकेरी। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रंगों और संदेशों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को अभिव्यक्त किया।
विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों में स्वच्छ भारत, पर्यावरण संरक्षण, बाल श्रम उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण, सभी के लिए शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, डिजिटल इंडिया, आर्थिक विकास और विकसित भारत-2047 जैसे विषय को प्रमुखता से दर्शाया गया। बच्चों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से बताया कि स्वच्छता, शिक्षा, समानता, नवाचार और पर्यावरण संरक्षण से ही आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत का निर्माण संभव है।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कूड़े का उचित निपटान करने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। पोस्टर में धरती को स्वच्छ रखने तथा प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।विद्यार्थियों ने कलाकृतियों के माध्यम से पेड़ लगाने, जल बचाने, प्रदूषण रोकने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया। प्रदूषित और हरित पर्यावरण के अंतर को दर्शाते चित्रों ने पर्यावरण के प्रति विद्यार्थियों की संवेदनशीलता को सामने रखा।
शिक्षा और बाल अधिकारों के प्रति किया जागरूक
विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक चित्रों से बाल श्रम रोकने और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का संदेश भी दिया। पोस्टर के माध्यम से बताया गया कि बच्चों के हाथों में मजदूरी के औजार नहीं, बल्कि किताब और कलम होनी चाहिए। शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और शिक्षित पीढ़ी ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला बनती है। कला रचनाओं के माध्यम से बच्चों ने समाज को बाल श्रम के विरुद्ध जागरूक होने और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने चित्रित की विकसित भारत-2047 की तस्वीर
विकसित भारत-2047 की परिकल्पना पर केंद्रित चित्रों में विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, डिजिटल सेवाओं, अक्षय ऊर्जा, महिला सशक्तिकरण, आधुनिक परिवहन, आर्थिक प्रगति और सबके लिए शिक्षा जैसे विषयों को स्थान दिया। सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, अंतरिक्ष अभियान, इलेक्ट्रिक वाहन और आधुनिक रेल जैसे चित्रों के जरिए बच्चों ने प्रगतिशील एवं आत्मनिर्भर भारत का सपना प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही स्वच्छता, पर्यावरण, शिक्षा, समानता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर विचार व्यक्त करने का अवसर दिया जहां बच्चों की कलाकृतियों में सेवा, संकल्प और सामाजिक चेतना का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
’वीबी जी राम जी के तहत शासकीय भूमि पर आकार लेगी आम की बगिया
सेवा संकल्प अभियान में हरियाली और भावी पीढ़ी के लिए किया गया पौधारोपण
ग्रामीणों ने लिया समृद्ध भविष्य के निर्माण का संकल्प
सूरजपुर/19 सितम्बर 2026
गोरखनाथपुर की शासकीय भूमि अब आम की हरियाली से संवरेगी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वीबीजी-राम-जी के तहत आम के पौधों का रोपण किया गया। अनुपयोगी भूमि को फलदार बगिया के रूप में विकसित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पौधरोपण के दौरान ग्रामीणों ने पौधा लगाने के साथ उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।
आज रोपे गए ये पौधे आने वाले वर्षों में हरियाली, छाया और फल के माध्यम से गांव की पहचान बनेंगे। आम के वृक्ष शासकीय भूमि को नया स्वरूप देने के साथ पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता को भी मजबूती प्रदान करेंगे। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ग्रामीणों में जनसेवा का भाव प्रकृति और आने वाली पीढि़यों के प्रति जिम्मेदारी निभाने में भी निहित है। गोरखनाथपुर में यह पहल हर पौधे को सुरक्षित रखकर हरे-भरे और समृद्ध भविष्य के निर्माण का संकल्प है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत छात्राओं ने अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक सहभागिता का दिया संदेश
नुक्कड़ नाटक में छात्राओं ने अभिनय से समझाया संविधान का पाठ और योजनाओं के प्रति किया जागरूक
सूरजपुर/19 सितम्बर 2026
सेवा, जागरूकता और जनभागीदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय सूरजपुर में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए भारतीय संविधान, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा सरल संवादों, रोचक अभिनय और सामाजिक सरोकारों से जुड़े संदेशों के माध्यम से छात्राओं ने बताया कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करता है। संविधान केवल अधिकारों की जानकारी देने वाला दस्तावेज नहीं, बल्कि नागरिकों को राष्ट्र और समाज के प्रति उनके कर्तव्यों का बोध कराने वाला मार्गदर्शक भी है। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ संवैधानिक कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करना चाहिए।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को सहज भाषा में समझाया गया। प्रस्तुति में सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव, राष्ट्र की एकता और अखंडता तथा सभी नागरिकों के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। छात्राओं ने बताया कि संविधान में निहित आदर्श प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार देते हैं। इन मूल्यों को दैनिक जीवन में अपनाकर ही एक जागरूक, संवेदनशील और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
कार्यक्रम में नागरिकों के मौलिक अधिकारों के साथ उनके मौलिक कर्तव्यों की जानकारी भी दी गई। छात्राओं ने अपनी प्रस्तुति से संविधान का सम्मान करने, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करने, पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने, वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने तथा समाज में भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।
जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शासन द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी साझा की गई। छात्राओं ने अभिनय के माध्यम से यह समझाने का प्रयास किया कि जानकारी के अभाव में कई बार पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ प्राप्त करने से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह अपने आसपास के लोगों को योजनाओं की जानकारी दे और पात्र हितग्राहियों को संबंधित विभाग अथवा कार्यालय तक पहुंचने के लिए प्रेरित करे।
प्रस्तुति में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन से जुड़े सरकारी प्रयासों की उपयोगिता को रेखांकित किया गया। छात्राओं ने बताया कि लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने शासन और नागरिकों के बीच जागरूकता की मजबूत कड़ी विकसित होने से योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव है। युवा वर्ग इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। शिक्षित युवा योजनाओं की सही जानकारी समाज तक पहुंचाकर भ्रम और गलत सूचनाओं को दूर कर सकते हैं। इसके साथ ही जरूरतमंद व्यक्तियों को आवेदन प्रक्रिया तथा संबंधित विभाग से संपर्क करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। छात्राओं ने प्रस्तुति के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन के सहभागी के रूप में आगे आने का संदेश दिया।